मुख्यमंत्री शुक्रवार को श्रीकृष्ण जन्मभूमि मंदिर में दर्शन-पूजन करने के बाद मंदिर परिसर में श्रद्धालुओं को संबोधित कर रहे थे। उन्होंने कहा कि सरकार का लक्ष्य है कि मथुरा-वृंदावन, बांके बिहारी मंदिर, बरसाना, नंदगांव और गोवर्धन आने वाले किसी भी श्रद्धालु को असुविधा न हो। श्रद्धालु सहज भाव से आएं, दर्शन करें और आशीर्वाद लेकर लौटें, इसके लिए सभी आवश्यक सुविधाओं को मजबूत किया जाएगा।
सीएम योगी ने अयोध्या के विकास का उदाहरण देते हुए कहा कि कुछ समय पहले तक वहां सड़क, बिजली और पानी जैसी मूलभूत सुविधाओं की स्थिति बेहतर नहीं थी और अव्यवस्था के कारण श्रद्धालुओं को परेशानी होती थी। आज अयोध्या धाम में प्रतिदिन बड़ी संख्या में श्रद्धालु पहुंच रहे हैं और प्रमुख पर्वों पर यह संख्या कई गुना बढ़ जाती है। उन्होंने कहा कि अयोध्या में एयरपोर्ट, फोरलेन सड़कें और रेलवे की डबल लाइन जैसी सुविधाएं विकसित हुई हैं। भक्तिपथ और रामपथ जैसी फोरलेन सड़कें भी श्रद्धालुओं की सुविधा को ध्यान में रखकर बनाई गई हैं।
मुख्यमंत्री ने कहा कि सदियों पहले विदेशी आक्रांताओं ने भारतीय आस्था को समाप्त करने का प्रयास किया, लेकिन हमारी आस्था कभी पराजित नहीं हुई। उन्होंने कहा कि आज अयोध्या में प्रभु श्रीराम का भव्य मंदिर बन चुका है और वहां बड़ी संख्या में श्रद्धालु पहुंच रहे हैं। सीएम ने कहा कि जिन लोगों को अयोध्या का विकास अच्छा नहीं लगता, वे इसे बदनाम करने का प्रयास कर रहे हैं।
मुख्यमंत्री ने मां विंध्यवासिनी धाम के विकास का भी उल्लेख किया। उन्होंने कहा कि योगमाया के प्रति आस्था ने विंध्यवासिनी धाम को भी भव्य परिसर उपलब्ध कराया है। उन्होंने कहा कि ब्रजभूमि के आध्यात्मिक महत्व को देखते हुए यहां भी विकास और सुविधाओं का विस्तार किया जाएगा।
सीएम योगी ने कहा कि पर्व और त्योहार केवल आस्था के अवसर नहीं हैं, बल्कि स्थानीय अर्थव्यवस्था को भी मजबूती देते हैं। मथुरा-वृंदावन आने वाले श्रद्धालुओं के माध्यम से स्थानीय दुकानदारों, कारीगरों, हस्तशिल्पियों और अन्य लोगों को रोजगार और आय के अवसर मिलते हैं। उन्होंने कहा कि समाज का हर व्यक्ति अपनी भूमिका निभाकर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के विकसित भारत के संकल्प को आगे बढ़ा सकता है।
मुख्यमंत्री ने भगवान श्रीकृष्ण के कर्मयोग के संदेश का उल्लेख करते हुए कहा कि हमें अपने कर्तव्यों का ईमानदारी से निर्वहन करना चाहिए। यदि हर व्यक्ति देश, समाज और परिवार के प्रति अपनी जिम्मेदारी निभाए तो भारत को विकसित भारत और उत्तर प्रदेश को विकसित उत्तर प्रदेश बनने में देर नहीं लगेगी। उन्होंने कहा कि श्रीकृष्ण का संदेश कर्म करने और कर्तव्य के मार्ग पर आगे बढ़ने का है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि देश की स्वतंत्रता के कारण ही लोग अपने पर्व और त्योहार स्वतंत्र वातावरण में मना पा रहे हैं। मथुरा-वृंदावन में लाखों श्रद्धालु जन्माष्टमी के आयोजनों में शामिल हो रहे हैं। उन्होंने कहा कि विकास और सुरक्षा के बेहतर माहौल से युवाओं में अपने भविष्य को लेकर विश्वास बढ़ा है, बेटियां और महिलाएं सुरक्षा के प्रति आश्वस्त हैं तथा कारीगर और हस्तशिल्पी उद्यमी बनने की दिशा में आगे बढ़ रहे हैं।
सीएम योगी ने कहा कि ब्रजभूमि अब जन्मोत्सव, रंगोत्सव, ब्रजरज उत्सव और वैष्णव कुंभ जैसे आयोजनों के साथ नए उत्साह और विश्वास से आगे बढ़ रही है। उन्होंने प्रदेशवासियों को श्रीकृष्ण जन्माष्टमी की बधाई और शुभकामनाएं दीं।
DISCLAIMER: इस वेबसाइट पर दी गई जानकारी केवल सामान्य एवं शैक्षणिक उद्देश्यों के लिए है। हमने जानकारी को सटीक रखने का प्रयास किया है, लेकिन इसकी पूर्णता या विश्वसनीयता की गारंटी नहीं दी जाती। तृतीय-पक्ष वेबसाइटों या स्रोतों की सामग्री पर हमारा नियंत्रण नहीं है। इस जानकारी के आधार पर लिया गया कोई भी निर्णय आपके अपने विवेक और जोखिम पर होगा।