लोहावट में भंवरी विश्नोई हत्याकांड पर फूटा गुस्सा, हजारों लोगों ने कलेक्ट्रेट का किया घेराव
(RAJASTHAN, RAJASTHAN) फलोदी जिले के लोहावट में 27 जुलाई की रात हुई भंवरी विश्नोई की हत्या के मामले में मंगलवार को हजारों लोगों ने कलेक्ट्रेट का घेराव किया। नागौर चौराहे पर सभा के बाद बड़ी संख्या में लोग नागौर रोड, नगर परिषद और अंबेडकर सर्किल होते हुए कलेक्ट्रेट पहुंचे। भीड़ इतनी अधिक थी कि कलेक्ट्रेट परिसर में खड़े होने तक की जगह नहीं बची। कई लोग नेशनल हाईवे और रेलवे ओवरब्रिज पर भी खड़े रहे।

प्रदर्शनकारियों ने आरोपियों की गिरफ्तारी की मांग को लेकर कलेक्टर अंकित कुमार सिंह और एसपी सतनाम सिंह को ज्ञापन सौंपा। इसके साथ ही लोहावट डीएसपी भवानी सिंह और एसएचओ हरिसिंह राजपुरोहित को हटाने की मांग भी की गई। प्रदर्शनकारी कलेक्ट्रेट के बाहर धरने पर बैठे रहे।

दरअसल, 27 जुलाई की रात जंभेश्वरनगर निवासी 32 वर्षीय भंवरी विश्नोई अपनी बेटियों के साथ घर के बाहर सो रही थीं। इसी दौरान एक अज्ञात हमलावर ने भंवरी देवी पर हमला कर दिया। मां की आवाज सुनकर पास में सो रही उनकी दोनों बेटियां रामज्योति और सोनू जाग गईं और हमलावर को रोकने का प्रयास किया। इस दौरान दोनों बच्चियां भी घायल हो गईं। हमले में भंवरी देवी की मौत हो गई थी।

घटना के बाद से हत्या के खुलासे और आरोपियों की गिरफ्तारी की मांग को लेकर लोहावट थाने के बाहर लगातार प्रदर्शन किया जा रहा है। प्रदर्शनकारियों का कहना है कि वारदात को करीब तीन सप्ताह बीतने के बावजूद पुलिस आरोपियों तक नहीं पहुंच सकी है।

नागौर चौराहे पर आयोजित सभा में पूर्व विधायक किसनाराम विश्नोई ने पुलिस की कार्रवाई पर सवाल उठाए। उन्होंने कहा कि वारदात के 20 दिन बाद भी गिरफ्तारी नहीं होना संदेह पैदा करता है। उन्होंने चेतावनी दी कि यदि जल्द आरोपियों की गिरफ्तारी नहीं हुई तो पैदल जयपुर कूच कर मुख्यमंत्री आवास तक पहुंचेंगे।

DISCLAIMER: इस वेबसाइट पर दी गई जानकारी केवल सामान्य एवं शैक्षणिक उद्देश्यों के लिए है। हमने जानकारी को सटीक रखने का प्रयास किया है, लेकिन इसकी पूर्णता या विश्वसनीयता की गारंटी नहीं दी जाती। तृतीय-पक्ष वेबसाइटों या स्रोतों की सामग्री पर हमारा नियंत्रण नहीं है। इस जानकारी के आधार पर लिया गया कोई भी निर्णय आपके अपने विवेक और जोखिम पर होगा।