श्रीलंका-अमेरिका का बड़ा ड्रग ऑपरेशन! पाकिस्तान से आई 463 किलो क्रिस्टल मेथ जब्त, कई गिरफ्तार
(International) श्रीलंका और अमेरिका के अधिकारियों ने संयुक्त ऑपरेशन में पाकिस्तान से संचालित एक ड्रग तस्करी नेटवर्क का पर्दाफाश किया है। यह नेटवर्क श्रीलंका के रास्ते अंतरराष्ट्रीय ब्लैक मार्केट में करीब 2.10 करोड़ अमेरिकी डॉलर कीमत की ड्रग्स पहुंचाने की कोशिश कर रहा था।

अमेरिकी दूतावास की विज्ञप्ति के अनुसार, 14 से 29 अगस्त के बीच पाकिस्तान से कोलंबो भेजे जा रहे संदिग्ध समुद्री कंटेनरों को लेकर खुफिया जानकारी मिली थी। इसके आधार पर संयुक्त टीम ने खेप को रोका। जांच के दौरान बाथ टॉवल में छिपाकर रखी गई क्रिस्टल मेथामफेटामाइन बरामद की गई।

विज्ञप्ति में बताया गया कि इस ऑपरेशन के दौरान पाकिस्तानी नागरिकों सहित कई संदिग्धों को गिरफ्तार किया गया है। मामले में ड्रग तस्करी नेटवर्क और खेप से जुड़े लोगों की जांच जारी है।

यह संयुक्त ऑपरेशन अमेरिकी ड्रग एनफोर्समेंट एडमिनिस्ट्रेशन यानी DEA के नई दिल्ली कंट्री ऑफिस और श्रीलंका पुलिस नारकोटिक्स ब्यूरो यानी PNB ने मिलकर चलाया।

श्रीलंका के पुलिस नारकोटिक्स ब्यूरो ने करीब 463 किलोग्राम क्रिस्टल मेथामफेटामाइन जब्त की। अधिकारियों के अनुसार, अंतरराष्ट्रीय ब्लैक मार्केट में इसकी कीमत करीब 2.10 करोड़ अमेरिकी डॉलर आंकी गई है।

संयुक्त कार्रवाई के बाद अब एजेंसियां इस नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों, ड्रग्स की सप्लाई चेन और इसके अंतरराष्ट्रीय कनेक्शन की जांच कर रही हैं।

DISCLAIMER: इस वेबसाइट पर दी गई जानकारी केवल सामान्य एवं शैक्षणिक उद्देश्यों के लिए है। हमने जानकारी को सटीक रखने का प्रयास किया है, लेकिन इसकी पूर्णता या विश्वसनीयता की गारंटी नहीं दी जाती। तृतीय-पक्ष वेबसाइटों या स्रोतों की सामग्री पर हमारा नियंत्रण नहीं है। इस जानकारी के आधार पर लिया गया कोई भी निर्णय आपके अपने विवेक और जोखिम पर होगा।