नोएडा में 13 साल के आयुष की हत्या, बर्थडे पार्टी के बहाने बुलाकर चाकू से गोदा; 3 नाबालिग हिरासत में
(UTTARPRADESH, UTTARPRADESH) नोएडा में गाजियाबाद के सूर्या हत्याकांड जैसी वारदात सामने आई है। 13 साल के आयुष शुक्ला की उसके ही दो नाबालिग दोस्तों ने हत्या कर दी। आरोप है कि दोनों आयुष को बर्थडे पार्टी के बहाने अपने साथ ले गए थे। इसके बाद चाकू से हमला कर उसकी हत्या कर दी और पकड़े जाने के डर से शव को जंगल में फेंक दिया।

21 अगस्त की रात सेक्टर-54 के जंगल में पुलिस को एक सड़ा-गला शव मिला था। इसके बाद से आयुष की मां और परिवार के लोग पोस्टमॉर्टम हाउस के बाहर बैठे हैं। करीब 20 घंटे बाद भी परिवार ने बेटे का शव लेने से इनकार कर दिया। परिवार के साथ 50 से ज्यादा लोग मौजूद हैं, जिसे देखते हुए पोस्टमॉर्टम हाउस पर भारी पुलिस बल तैनात किया गया है।

आयुष की मां ने कहा कि उनके इकलौते बेटे के हत्यारे का एनकाउंटर होने के बाद ही वह उसका अंतिम संस्कार करेंगी। उन्होंने आरोप लगाया कि बेटे को चाकू से बुरी तरह गोदा गया और उसके हाथ-पैर तक नहीं मिले। मां का कहना है कि शव मिलने के बावजूद पुलिस ने परिवार को समय पर जानकारी नहीं दी। उन्होंने मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ से न्याय की गुहार लगाई है।

पुलिस ने आयुष की हत्या के मामले में अब तक तीन नाबालिग आरोपियों को हिरासत में लिया है। आयुष शुक्ला नोएडा के सेक्टर-20 का रहने वाला था और सेक्टर-24 स्थित केंद्रीय विद्यालय में 7वीं कक्षा में पढ़ता था। उसके पिता पंकज बीमार रहते हैं और लखनऊ में इलाज करा रहे हैं। उन्हें अभी तक बेटे की मौत की जानकारी नहीं दी गई है।

आयुष की मां योगमाया शुक्ला लखनऊ की रहने वाली हैं। वह नोएडा सेक्टर-20 में किराए के मकान में अपनी दो बेटियों और बेटे आयुष के साथ रहती थीं। वह भंगेल सीएचसी में संविदा पर आया के पद पर काम करती हैं।

परिजनों के मुताबिक, आयुष 16 अगस्त की शाम करीब 4 बजे मां और बहन को दोस्त की बर्थडे पार्टी में जाने की बात बताकर घर से निकला था। उसके साथ सेक्टर-22 के चौड़ा गांव में रहने वाले दो क्लासमेट भी थे। इसके बाद वह रातभर घर नहीं लौटा।

आयुष के घर नहीं लौटने पर उसकी मां ने तलाश शुरू की। परिवार ने 18 अगस्त को सेक्टर-12/22 चौकी पर शिकायत की। वहां से उन्हें सेक्टर-24 और फिर सेक्टर-20 थाने भेज दिया गया। मां का कहना है कि बेटे की तलाश में वह लगातार थाने और चौकियों के चक्कर काटती रहीं।

21 अगस्त की रात सेक्टर-54 के जंगल में पुलिस को एक अज्ञात लड़के का सड़ा-गला शव मिला था। दो दिन बाद शव का पोस्टमॉर्टम कराया गया। सोमवार रात पुलिस ने परिवार को शव की फोटो दिखाई। इसके बाद मंगलवार को परिजन पोस्टमॉर्टम हाउस पहुंचे, जहां कलावा, बेल्ट और कपड़ों के जरिए शव की पहचान आयुष के रूप में हुई।

ADCP नोएडा मनीषा सिंह के मुताबिक, शुरुआती जांच में सामने आया है कि आयुष और आरोपी नाबालिग एक-दूसरे को जानते थे। आरोपियों ने उसे बर्थडे पार्टी के बहाने पार्क में बुलाया था। वहां पैसों के लेनदेन को लेकर विवाद हुआ, जिसके बाद आयुष की हत्या कर दी गई।

पुलिस ने तीनों नाबालिग आरोपियों को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है। पुलिस अब यह पता लगाने में जुटी है कि हत्या की असली वजह क्या थी और वारदात में कितने लोग शामिल थे।

जांच में यह भी पता लगाया जा रहा है कि क्या हत्या पहले से सुनियोजित थी या फिर पैसों के विवाद के बाद अचानक हुई। पुलिस आरोपियों से पूछताछ के आधार पर हत्या से जुड़े अन्य पहलुओं की भी जांच कर रही है।

DISCLAIMER: इस वेबसाइट पर दी गई जानकारी केवल सामान्य एवं शैक्षणिक उद्देश्यों के लिए है। हमने जानकारी को सटीक रखने का प्रयास किया है, लेकिन इसकी पूर्णता या विश्वसनीयता की गारंटी नहीं दी जाती। तृतीय-पक्ष वेबसाइटों या स्रोतों की सामग्री पर हमारा नियंत्रण नहीं है। इस जानकारी के आधार पर लिया गया कोई भी निर्णय आपके अपने विवेक और जोखिम पर होगा।