पीएम पोषण रसोइयों को सम्मानित करेंगे सीएम योगी, 11 रसोइयों को मिलेगा सम्मान; कैशलेस कार्ड भी
(Lucknow, Lucknow) पीएम पोषण योजना से जुड़े रसोइयों के योगदान को सम्मान देने के लिए 23 अगस्त को लखनऊ के इंदिरा गांधी प्रतिष्ठान स्थित जुपिटर सभागार में विशेष सम्मान समारोह आयोजित किया जाएगा। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के हाथों राज्य स्तरीय कार्यक्रम में 11 रसोइयों को सम्मानित किया जाएगा। इस कार्यक्रम में प्रदेशभर से करीब 1500 रसोइयों की सहभागिता होगी।

मुख्यमंत्री की अध्यक्षता में होने वाले इस कार्यक्रम में पीएम पोषण योजना के तहत विद्यालयों में बच्चों के लिए भोजन तैयार करने वाले रसोइयों के योगदान को सार्वजनिक पहचान दी जाएगी। राज्य स्तरीय कार्यक्रम के साथ ही 23 अगस्त को प्रदेश के सभी जनपदों और तहसील स्तर पर भी रसोइया सम्मान समारोह आयोजित किए जाएंगे।

मुख्यमंत्री के हाथों 11 रसोइयों का सम्मान

राज्य स्तरीय समारोह में विभिन्न जनपदों से चयनित 11 रसोइयों को मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ सम्मानित करेंगे। प्रदेशभर से शामिल होने वाले 1500 रसोइयों के आवागमन, स्वागत, जलपान और भोजन सहित अन्य व्यवस्थाओं के लिए अधिकारियों को जिम्मेदारी सौंपी गई है।

सम्मान के साथ सुविधा और सुरक्षा पर जोर

सरकार रसोइयों को सम्मान के साथ सुविधाएं उपलब्ध कराने की भी तैयारी कर रही है। रसोइयों को कैशलेस चिकित्सा कार्ड देने की व्यवस्था की जा रही है। इसके अलावा बैंक और यूपीआई क्यूआर कोड से जुड़ी व्यवस्थाएं भी सुनिश्चित की जाएंगी।

विद्यालयों में भोजन तैयार करते समय स्वच्छता और सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए रसोइयों को हेड कवर, ग्लव्स और एप्रन किट उपलब्ध कराने की तैयारी है।

जनपद और तहसील स्तर पर भी होंगे समारोह

राज्य स्तरीय कार्यक्रम के साथ सभी जनपदों और तहसील स्तर पर भी रसोइया सम्मान समारोह होंगे। इनमें सांसद, मंत्री, विधायक, जिला पंचायत अध्यक्ष और अन्य जनप्रतिनिधियों की मौजूदगी सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए हैं। जिला प्रशासन को उपलब्ध सभागारों में कार्यक्रम आयोजित कर रसोइयों के सम्मान की समुचित व्यवस्था करने को कहा गया है।

पीएम पोषण की उपलब्धियां भी होंगी प्रदर्शित

कार्यक्रम में पीएम पोषण योजना की उपलब्धियों और रसोइयों के योगदान पर आधारित लघु फिल्म प्रदर्शित की जाएगी। इसके अलावा बुकलेट, पोस्टर और फ्लेक्स के जरिए योजना की उपलब्धियों को सामने लाया जाएगा। सरकार का उद्देश्य बच्चों के पोषण और स्वस्थ भविष्य में रसोइयों की भूमिका को सार्वजनिक पहचान देना है।

सरकार के मुताबिक, पीएम पोषण योजना को विद्यालयों में प्रभावी ढंग से लागू करने में रसोइयों की अहम भूमिका है। इसी योगदान को सम्मान, सुविधा और सुरक्षा से जोड़ने की दिशा में यह पहल की जा रही है।

DISCLAIMER: इस वेबसाइट पर दी गई जानकारी केवल सामान्य एवं शैक्षणिक उद्देश्यों के लिए है। हमने जानकारी को सटीक रखने का प्रयास किया है, लेकिन इसकी पूर्णता या विश्वसनीयता की गारंटी नहीं दी जाती। तृतीय-पक्ष वेबसाइटों या स्रोतों की सामग्री पर हमारा नियंत्रण नहीं है। इस जानकारी के आधार पर लिया गया कोई भी निर्णय आपके अपने विवेक और जोखिम पर होगा।