बाढ़ में योगी सरकार का राहत अभियान तेज, 19 हजार से ज्यादा लोगों को सुरक्षित पहुंचाया
(UTTARPRADESH, UTTARPRADESH) उत्तर प्रदेश में बाढ़ की चुनौती के बीच योगी सरकार ने राहत और बचाव अभियान को तेज कर दिया है। प्रशासन की सतर्कता और राहत दलों की लगातार सक्रियता के बीच अब तक 19,294 लोगों को सुरक्षित स्थानों पर पहुंचाया जा चुका है। उत्तर प्रदेश राहत आयुक्त कार्यालय के मुताबिक बाढ़ से अब तक जन और पशुहानि का आंकड़ा शून्य है। प्रभावित परिवारों तक भोजन, राहत सामग्री और स्वास्थ्य सुविधाएं पहुंचाने के लिए व्यापक इंतजाम किए गए हैं।

बाढ़ प्रभावित लोगों को तत्काल भोजन उपलब्ध कराने के लिए बड़े स्तर पर राहत अभियान चलाया जा रहा है। अब तक 4.66 लाख से अधिक लंच पैकेट वितरित किए जा चुके हैं। इसके अलावा 92,128 बाढ़ राहत खाद्य पैकेट भी प्रभावित परिवारों तक पहुंचाए गए हैं। इससे आवागमन बाधित होने के कारण प्रभावित परिवारों तक संकट के समय भोजन पहुंचाने में मदद मिल रही है।

राहत और बचाव अभियान में अब तक 1,977 नाव एवं मोटरबोट लगाई गई हैं। इनके जरिए प्रभावित गांवों और जलभराव वाले इलाकों में फंसे लोगों को सुरक्षित निकालने के साथ जरूरी राहत सामग्री भी पहुंचाई जा रही है। प्रभावित लोगों के लिए प्रदेश में 1,313 बाढ़ शरणालय स्थापित किए गए हैं, जहां 6,538 लोग रह रहे हैं। इन शरणालयों में रह रहे लोगों के लिए भोजन और आवश्यक सुविधाओं की व्यवस्था भी सुनिश्चित की जा रही है।

बाढ़ के बाद जलजनित बीमारियों की आशंका को देखते हुए स्वास्थ्य विभाग भी लगातार सक्रिय है। प्रदेश में 1,072 मेडिकल टीमें गठित की गई हैं। प्रभावित क्षेत्रों में स्वच्छ पेयजल और स्वास्थ्य सुरक्षा के लिए अब तक 6.13 लाख से अधिक क्लोरीन टैबलेट और 2.17 लाख से अधिक ORS पैकेट वितरित किए जा चुके हैं। इसके जरिए बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों में स्वास्थ्य संबंधी जोखिम को कम करने का प्रयास किया जा रहा है।

शनिवार को अयोध्या, आजमगढ़, बहराइच, बदायूं, बलिया, बांदा, बाराबंकी, बस्ती, चंदौली, फर्रुखाबाद, गाजीपुर, गोंडा, गोरखपुर, हरदोई, कासगंज, कानपुर नगर, लखीमपुर खीरी, मिर्जापुर, मुरादाबाद, प्रयागराज, रायबरेली, संत कबीर नगर, रामपुर, शाहजहांपुर, सीतापुर, उन्नाव और वाराणसी बाढ़ प्रभावित जिलों में शामिल रहे। प्रशासन और राहत टीमें इन क्षेत्रों में बचाव, भोजन, स्वास्थ्य और अन्य आवश्यक सहायता उपलब्ध कराने में जुटी हैं।

DISCLAIMER: इस वेबसाइट पर दी गई जानकारी केवल सामान्य एवं शैक्षणिक उद्देश्यों के लिए है। हमने जानकारी को सटीक रखने का प्रयास किया है, लेकिन इसकी पूर्णता या विश्वसनीयता की गारंटी नहीं दी जाती। तृतीय-पक्ष वेबसाइटों या स्रोतों की सामग्री पर हमारा नियंत्रण नहीं है। इस जानकारी के आधार पर लिया गया कोई भी निर्णय आपके अपने विवेक और जोखिम पर होगा।