मंगलवार को फिर 2500 युवाओं को मिलेंगे नियुक्ति पत्र, 6 महीने में 1 लाख नौकरियों का लक्ष्य: CM Yogi
(UTTARPRADESH, UTTARPRADESH) मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने मेरठ की क्रांतिधरा पर भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नबीन के ‘युवा संवाद’ कार्यक्रम में युवाओं को संबोधित किया। मुख्यमंत्री ने कहा कि सत्ता संभालते ही युवाओं के लिए सरकारी भर्तियों में पारदर्शी व्यवस्था बनाई गई। अब तक 9.50 लाख नौजवानों को सरकारी नौकरी दी गई है। उन्होंने कहा कि मिशन रोजगार फिर शुरू हो चुका है और मंगलवार सुबह 2,500 युवाओं को नियुक्ति पत्र दिए जाएंगे। अगले छह महीने में एक लाख युवाओं को नौकरी देने का लक्ष्य रखा गया है और यह प्रक्रिया लगातार जारी रहेगी।

मुख्यमंत्री ने भर्ती व्यवस्था को लेकर पिछली सरकारों पर निशाना साधते हुए कहा कि जिनके शासन में एक भी भर्ती साफ-सुथरी नहीं रही, वे उनसे सवाल पूछ रहे हैं। उन्होंने अपने संबोधन में पिछली भर्ती प्रक्रियाओं में कथित अनियमितताओं और भाई-भतीजावाद के आरोप भी लगाए। मुख्यमंत्री ने युवाओं से कहा कि हर युवा का भाव ‘राष्ट्र प्रथम’ होना चाहिए। उन्होंने कहा कि डबल इंजन सरकार युवा ऊर्जा को आगे बढ़ने के लिए मंच दे रही है और युवाओं को अपने क्षेत्र की संभावनाओं के अनुरूप करियर का चुनाव करना चाहिए।

मुख्यमंत्री ने मेरठ के ऐतिहासिक और स्वतंत्रता आंदोलन से जुड़े योगदान का भी उल्लेख किया। उन्होंने मंगल पांडेय, कोतवाल धन सिंह गुर्जर, रानी लक्ष्मीबाई, नाना साहेब और तात्या टोपे का जिक्र करते हुए कहा कि स्वतंत्रता आंदोलन में उत्तर प्रदेश की भूमिका महत्वपूर्ण रही। उन्होंने युवाओं से एकता और राष्ट्र के प्रति समर्पण की भावना बनाए रखने का आह्वान किया।

मेरठ में चोरी के वाहनों की कटाई का जिक्र करते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि 2017 में वाहन चोरी के मामले सामने आने पर प्रशासन को कार्रवाई के निर्देश दिए गए और इसके बाद यहां चोरी के वाहनों के कटने का कारोबार बंद हुआ। उन्होंने मेरठ के 12 लेन एक्सप्रेसवे और नमो भारत रैपिड रेल से जुड़ने का भी उल्लेख किया।

मुख्यमंत्री ने कानून-व्यवस्था का जिक्र करते हुए कहा कि उत्तर प्रदेश में साढ़े नौ साल में दंगा नहीं हुआ। उन्होंने पुलिस अधिकारियों से मॉकड्रिल के जरिए कार्रवाई की तैयारी प्रदर्शित करने को कहा, ताकि दंगाइयों को पुलिस की कार्रवाई का अंदाजा रहे। उन्होंने कहा कि 2017 से पहले पश्चिमी उत्तर प्रदेश में अभिभावकों को बच्चों की पढ़ाई और सुरक्षा को लेकर चिंता रहती थी, जबकि अब परिस्थितियां बदली हैं।

मुख्यमंत्री ने कहा कि उत्तर प्रदेश को पहले बीमारू राज्य के रूप में देखा जाता था और यहां से पलायन होता था, लेकिन अब परिस्थितियों में बदलाव आया है। उन्होंने मेरठ में प्रदेश के पहले खेल विश्वविद्यालय, ओडीओपी के तहत खेल उत्पादों की ब्रांडिंग और गन्ना मूल्य भुगतान का उल्लेख किया। मुख्यमंत्री के अनुसार, 2017 से 2026 के बीच 3.30 लाख करोड़ रुपये का गन्ना मूल्य भुगतान किया गया है।

मुख्यमंत्री ने डिजिटल भुगतान व्यवस्था का उल्लेख करते हुए कहा कि जनधन खाते, मोबाइल और डिजिटल ट्रांजेक्शन के जरिए सरकारी योजनाओं का लाभ सीधे लाभार्थियों के खातों तक पहुंच रहा है। उन्होंने तकनीकी क्षेत्र में सुधारों का जिक्र करते हुए युवाओं से क्वांटम कंप्यूटिंग, इंटरनेट ऑफ थिंग्स, रोबोटिक्स और आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस जैसी तकनीकों को समझने और उनमें अवसर तलाशने की अपील की।

उन्होंने कहा कि युवा हर कार्य को नकारात्मक दृष्टि से देखने के बजाय सकारात्मक सोच के साथ आगे बढ़े। मुख्यमंत्री ने श्रीराम, श्रीकृष्ण, गौतम बुद्ध, स्वामी विवेकानंद, सुभाष चंद्र बोस, महाराणा प्रताप और गुरु गोविंद सिंह सहित विभिन्न महापुरुषों का उल्लेख करते हुए युवाओं से अपनी विरासत, मातृभूमि, पूर्वजों और राष्ट्रनायकों के प्रति श्रद्धा रखने की अपील की।

मुख्यमंत्री ने कैराना से पलायन का भी जिक्र किया और कहा कि 2021 में उन्होंने वहां जाकर लोगों से मुलाकात की थी। उन्होंने दावा किया कि अब लोग वापस लौट चुके हैं। मुख्यमंत्री के अनुसार, ओडीओपी और MSME क्षेत्र को बढ़ावा देने से 3.25 करोड़ लोगों को रोजगार मिला है, जबकि प्रदेश में 50 लाख करोड़ रुपये के निवेश प्रस्ताव आए और 15 लाख करोड़ रुपये की ग्राउंड ब्रेकिंग सेरेमनी हुई। उन्होंने कहा कि पिछली सरकारों के ‘एक जिला-एक माफिया’ के बजाय उनकी सरकार ने ‘एक जिला-एक मेडिकल कॉलेज’ की दिशा में काम किया है।

मुख्यमंत्री ने युवाओं से तकनीक से भागने के बजाय उसे अपने अनुकूल बनाने की अपील की। उन्होंने कहा कि युवाओं के सामने हर क्षेत्र में संभावनाएं हैं और उन्हें अच्छी पुस्तकों का अध्ययन करते हुए अपने सपनों को साकार करने की तैयारी करनी चाहिए। कार्यक्रम में केंद्रीय वित्त राज्यमंत्री एवं भाजपा प्रदेश अध्यक्ष पंकज चौधरी, सुभारती विश्वविद्यालय के संस्थापक डॉ. अतुल कृष्ण सहित अन्य लोग मौजूद रहे।

DISCLAIMER: इस वेबसाइट पर दी गई जानकारी केवल सामान्य एवं शैक्षणिक उद्देश्यों के लिए है। हमने जानकारी को सटीक रखने का प्रयास किया है, लेकिन इसकी पूर्णता या विश्वसनीयता की गारंटी नहीं दी जाती। तृतीय-पक्ष वेबसाइटों या स्रोतों की सामग्री पर हमारा नियंत्रण नहीं है। इस जानकारी के आधार पर लिया गया कोई भी निर्णय आपके अपने विवेक और जोखिम पर होगा।