रानी अवंती बाई लोधी की 196वीं जयंती पर सीएम योगी ने किया नमन, बोले- बलिदान युवाओं के लिए प्रेरणा
(Lucknow, Lucknow) लखनऊ में वीरांगना रानी अवंती बाई लोधी की 196वीं जयंती पर मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने उनकी प्रतिमा पर पुष्पांजलि अर्पित कर उन्हें नमन किया। मुख्यमंत्री ने रानी अवंती बाई को 1857 के प्रथम स्वातंत्र्य समर की महान क्रांतिकारियों में से एक बताया।

सीएम योगी ने कहा कि वीरांगनाओं का तप, त्याग और बलिदान आज भी देशवासियों को प्रेरणा देता है। वर्ष 1857 में रानी अवंती बाई की उम्र मात्र 27 वर्ष थी और इतनी कम उम्र में उन्होंने देश की आजादी के लिए अपना सर्वस्व न्योछावर कर मिसाल कायम की। उनका बलिदान युवाओं के लिए प्रेरणास्रोत है।

मुख्यमंत्री ने कहा कि रानी अवंती बाई लोधी ने अंग्रेजों के खिलाफ आजादी की लड़ाई का नेतृत्व किया। उनके योगदान के लिए हर भारतवासी नतमस्तक है।

तीन महिला PAC बटालियन में वीरांगनाओं की प्रतिमाएं

सीएम योगी ने बताया कि वीरांगनाओं के आदर्शों को नई पीढ़ी तक पहुंचाने के लिए प्रदेश में तीन नई महिला PAC बटालियन का गठन किया गया है। बदायूं में रानी अवंती बाई लोधी, लखनऊ में वीरांगना ऊदा देवी पासी और गोरखपुर में वीरांगना झलकारी बाई कोरी के नाम पर महिला PAC बटालियन बनाई जा रही हैं।

बदायूं में रानी अवंती बाई की अश्वारोही प्रतिमा की स्थापना का काम अंतिम चरण में है। वहीं लखनऊ और गोरखपुर की महिला PAC बटालियनों में भी संबंधित वीरांगनाओं की अश्वारोही प्रतिमाएं स्थापित की जा रही हैं।

महिलाओं की सुरक्षा और सम्मान सरकार की प्राथमिकता

मुख्यमंत्री ने कहा कि वीरांगनाओं के नाम पर किए जा रहे इन कार्यों के पीछे मुख्य उद्देश्य महिलाओं की सुरक्षा, सम्मान और स्वावलंबन सुनिश्चित करना है। उन्होंने कहा कि बेटियां सुरक्षित रहें, सम्मान के साथ सिर उठाकर समाज के हर क्षेत्र में आगे बढ़ें और आत्मनिर्भर बनें, इसके लिए सरकार लगातार काम कर रही है।

यूपी पुलिस में महिलाओं की संख्या 45 हजार से ज्यादा

सीएम योगी ने कहा कि उत्तर प्रदेश पुलिस बल में महिलाओं की भर्ती को बढ़ावा दिया गया है। 2017 में यूपी पुलिस में महिलाओं की संख्या करीब 10 हजार थी, जो अब बढ़कर 45 हजार से अधिक हो चुकी है।

उन्होंने कहा कि नारी केवल नारा नहीं है, बल्कि महिलाओं की सुरक्षा, सम्मान और स्वावलंबन सुनिश्चित करने के लिए जमीन पर काम किया जा रहा है, ताकि वे राष्ट्र निर्माण में अपनी महत्वपूर्ण भूमिका निभा सकें।

कार्यक्रम में उप मुख्यमंत्री ब्रजेश पाठक, कृषि राज्यमंत्री बलदेव सिंह औलख, महापौर सुषमा खर्कवाल, विधायक नीरज बोरा, जय देवी और विधान परिषद सदस्य उमेश द्विवेदी समेत अन्य जनप्रतिनिधियों ने भी रानी अवंती बाई लोधी की प्रतिमा पर पुष्पार्चन किया।

DISCLAIMER: इस वेबसाइट पर दी गई जानकारी केवल सामान्य एवं शैक्षणिक उद्देश्यों के लिए है। हमने जानकारी को सटीक रखने का प्रयास किया है, लेकिन इसकी पूर्णता या विश्वसनीयता की गारंटी नहीं दी जाती। तृतीय-पक्ष वेबसाइटों या स्रोतों की सामग्री पर हमारा नियंत्रण नहीं है। इस जानकारी के आधार पर लिया गया कोई भी निर्णय आपके अपने विवेक और जोखिम पर होगा।