सीएम डैशबोर्ड रैंकिंग में शाहजहांपुर नंबर-1, रामपुर दूसरे और बरेली तीसरे स्थान पर
(UTTARPRADESH, UTTARPRADESH) योगी सरकार की ओर से सुशासन और जनसमस्याओं के त्वरित समाधान के लिए किए जा रहे प्रयासों का असर सीएम डैशबोर्ड की अगस्त माह की रैंकिंग में दिखाई दिया है। अगस्त की रैंकिंग में शाहजहांपुर ने 10 में से 9.53 अंक हासिल कर पूरे प्रदेश में पहला स्थान प्राप्त किया है। रामपुर 9.48 अंकों के साथ दूसरे और बरेली 9.43 अंकों के साथ तीसरे स्थान पर रहा।

शाहजहांपुर के जिलाधिकारी धर्मेंद्र प्रताप सिंह ने बताया कि सीएम डैशबोर्ड के जरिए प्रशासनिक दक्षता, विकास कार्यों और राजस्व प्रबंधन समेत विभिन्न क्षेत्रों में जिलों के प्रदर्शन का मूल्यांकन किया जाता है। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की मंशा के अनुरूप जिले में विकास कार्यों को गुणवत्तापूर्ण और समयबद्ध तरीके से पूरा करने के साथ सीएम डैशबोर्ड के माध्यम से मिलने वाली शिकायतों का भी त्वरित और गुणवत्तापूर्ण निस्तारण किया जा रहा है। इसी प्रदर्शन के आधार पर शाहजहांपुर को 9.53 अंक मिले और वह प्रदेश में पहले स्थान पर रहा।

रामपुर के जिलाधिकारी अजय कुमार द्विवेदी के अनुसार मुख्यमंत्री डैशबोर्ड पर जिलों का मूल्यांकन जनशिकायतों के समयबद्ध निस्तारण, शिकायतों पर कार्रवाई, फीडबैक की गुणवत्ता और योजनाओं के क्रियान्वयन समेत कई मानकों पर किया जाता है। जुलाई में सीएम डैशबोर्ड के माध्यम से जिले की 68 योजनाओं की मॉनीटरिंग की गई, जिनमें 65 कार्यक्रमों में जिले ने ए ग्रेड हासिल किया।

रामपुर ने वैकल्पिक ऊर्जा, ऊर्जा, कृषि, समाज कल्याण, लोक निर्माण, नियोजन, ग्राम्य विकास, चिकित्सा एवं स्वास्थ्य, पशुपालन, बेसिक शिक्षा, माध्यमिक शिक्षा, मत्स्य, उद्योग, सहकारिता और सिंचाई विभाग के कार्यक्रमों में शत-प्रतिशत लक्ष्य हासिल करते हुए ए श्रेणी प्राप्त की। अगस्त की रैंकिंग में रामपुर को 9.48 अंक मिले और वह प्रदेश में दूसरे स्थान पर रहा। जिला पिछले कई महीनों से सीएम डैशबोर्ड की टॉप-10 रैंकिंग में बना हुआ है।

बरेली ने 9.43 अंक हासिल कर प्रदेश में तीसरा स्थान प्राप्त किया। रैंकिंग में आजमगढ़ और पीलीभीत ने 9.36-9.36 अंक के साथ चौथा स्थान साझा किया। मैनपुरी 9.34 अंकों के साथ पांचवें स्थान पर रहा।

इसी तरह महराजगंज ने 9.27 अंक के साथ छठा, अंबेडकरनगर ने 9.26 अंक के साथ सातवां, सुल्तानपुर ने 9.24 अंक के साथ आठवां, हरदोई ने 9.23 अंक के साथ नौवां और सोनभद्र ने 9.21 अंक के साथ दसवां स्थान हासिल किया।

सीएम डैशबोर्ड की इस रैंकिंग में शीर्ष जिलों का प्रदर्शन जनशिकायतों के निस्तारण, फीडबैक और विभिन्न सरकारी योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन के आधार पर सामने आया है। सरकार का जोर जन समस्याओं के प्राथमिकता के आधार पर समयबद्ध समाधान और प्रशासनिक कार्यप्रणाली में लगातार सुधार पर है।

DISCLAIMER: इस वेबसाइट पर दी गई जानकारी केवल सामान्य एवं शैक्षणिक उद्देश्यों के लिए है। हमने जानकारी को सटीक रखने का प्रयास किया है, लेकिन इसकी पूर्णता या विश्वसनीयता की गारंटी नहीं दी जाती। तृतीय-पक्ष वेबसाइटों या स्रोतों की सामग्री पर हमारा नियंत्रण नहीं है। इस जानकारी के आधार पर लिया गया कोई भी निर्णय आपके अपने विवेक और जोखिम पर होगा।