सीएम युवा योजना से बदली साधना की जिंदगी, ₹4.07 लाख की मदद से खड़ा किया सफल वाटर प्लांट कारोबार
(UTTARPRADESH, UTTARPRADESH) मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व में प्रदेश सरकार युवाओं और महिलाओं को आत्मनिर्भर बनाने के लिए विभिन्न स्वरोजगार योजनाएं संचालित कर रही है। मुख्यमंत्री युवा उद्यमी विकास अभियान (सीएम युवा) ऐसी ही पहल है, जिसके जरिए लोगों को रोजगार तलाशने के बजाय रोजगार सृजित करने के लिए प्रोत्साहित किया जा रहा है। इटावा के महेवा क्षेत्र की रहने वाली साधना ने योजना से मिली वित्तीय सहायता का लाभ उठाकर ‘जय भोले वाटर प्लांट’ की स्थापना की और आज सफलतापूर्वक अपना कारोबार संचालित कर रही हैं।

साधना को सीएम युवा योजना की जानकारी एक समाचार पत्र के माध्यम से मिली थी। उस समय उनका अपना कोई व्यवसाय नहीं था, लेकिन परिवार की आर्थिक स्थिति मजबूत करने और आत्मनिर्भर बनने की इच्छा थी। योजना के बारे में जानकारी मिलने के बाद उन्होंने आवेदन किया और अपना उद्यम शुरू करने का निर्णय लिया। साधना के मुताबिक, सरकार की इस पहल ने उन्हें अपने पैरों पर खड़े होने और व्यवसाय शुरू करने का अवसर दिया।

अप्रैल 2025 में उन्हें योजना के तहत 3.20 लाख रुपये का ऋण और 87 हजार रुपये का अनुदान मिला। इस वित्तीय सहायता से उन्होंने ‘जय भोले वाटर प्लांट’ की स्थापना की। साधना के लिए व्यवसाय शुरू करने में सबसे बड़ी चुनौती पूंजी की व्यवस्था थी। पर्याप्त संसाधन नहीं होने के कारण कारोबार शुरू करना मुश्किल था, लेकिन योजना से मिली आर्थिक मदद ने इस चुनौती को काफी हद तक आसान कर दिया। इसके बाद उन्होंने शुद्ध पेयजल उपलब्ध कराने का काम शुरू किया और धीरे-धीरे ग्राहकों का भरोसा हासिल किया।

लगातार मेहनत और बेहतर सेवाओं के चलते उनका वाटर प्लांट क्षेत्र में अपनी पहचान बनाने में सफल रहा है। वर्तमान में उनके उद्यम का वार्षिक टर्नओवर करीब 4.20 लाख रुपये तक पहुंच गया है। साधना का कहना है कि गुणवत्तापूर्ण सेवा और ग्राहकों का विश्वास उनके कारोबार की सफलता का प्रमुख आधार है। उनके उद्यम से 6 लोगों को प्रत्यक्ष रोजगार भी मिला है, जिससे कई परिवारों की आजीविका को सहारा मिल रहा है।

अब साधना अपने वाटर प्लांट के कारोबार को और विस्तार देने की तैयारी में हैं। उनका लक्ष्य अधिक लोगों तक शुद्ध पेयजल पहुंचाने के साथ रोजगार के नए अवसर पैदा करना है। उनका मानना है कि मेहनत के साथ यदि सरकार की योजनाओं का सहयोग मिले तो आत्मनिर्भर बनने का सपना साकार किया जा सकता है। साधना की कहानी मुख्यमंत्री युवा उद्यमी विकास अभियान के जरिए स्वरोजगार और आत्मनिर्भरता को बढ़ावा देने की सरकारी पहल की एक मिसाल के तौर पर सामने आती है।

DISCLAIMER: इस वेबसाइट पर दी गई जानकारी केवल सामान्य एवं शैक्षणिक उद्देश्यों के लिए है। हमने जानकारी को सटीक रखने का प्रयास किया है, लेकिन इसकी पूर्णता या विश्वसनीयता की गारंटी नहीं दी जाती। तृतीय-पक्ष वेबसाइटों या स्रोतों की सामग्री पर हमारा नियंत्रण नहीं है। इस जानकारी के आधार पर लिया गया कोई भी निर्णय आपके अपने विवेक और जोखिम पर होगा।