अगस्त के सिर्फ 20 दिनों में सोने की कीमत करीब 15 हजार रुपये और चांदी की कीमत करीब 20 हजार रुपये बढ़ चुकी है। इस साल सोने की कीमत में अब तक करीब 24 हजार रुपये की बढ़ोतरी हो चुकी है। 31 दिसंबर 2025 को 10 ग्राम सोना 1.33 लाख रुपये था, जो अब बढ़कर 1.57 लाख रुपये पहुंच गया है।
चांदी की बात करें तो 31 दिसंबर 2025 को एक किलो चांदी की कीमत 2.30 लाख रुपये थी, जो अब 2.38 लाख रुपये हो गई है। हालांकि, इस साल 29 जनवरी को सोने ने 1.76 लाख रुपये और चांदी ने 3.86 लाख रुपये प्रति किलो का ऑलटाइम हाई भी बनाया था।
कमोडिटी एक्सपर्ट्स के मुताबिक, सोने को आम निवेशकों के साथ-साथ दुनियाभर के केंद्रीय बैंकों से भी समर्थन मिल रहा है। केंद्रीय बैंक लगातार अपने भंडार में सोना बढ़ा रहे हैं, जिससे इसकी मांग को सहारा मिल रहा है।
कोटक सिक्योरिटीज के सीनियर वीपी और कमोडिटी रिसर्च हेड अनिंद्य बनर्जी के मुताबिक, आगे भी चुनौतीपूर्ण वैश्विक परिस्थितियों में सोने की कीमतों में तेजी बनी रह सकती है। मौजूदा परिस्थितियों को देखते हुए दिसंबर तक सोने का भाव 1.70 लाख रुपये प्रति 10 ग्राम तक पहुंचने का अनुमान है। वहीं चांदी की कीमत 3 लाख रुपये प्रति किलो तक जा सकती है।
सोना खरीदते समय ग्राहकों को कुछ जरूरी बातों का ध्यान रखना चाहिए। सबसे पहले BIS हॉलमार्क वाला प्रमाणित सोना खरीदना चाहिए। हॉलमार्क से सोने की शुद्धता और कैरेट की जानकारी मिलती है।
इसके अलावा खरीदारी के दिन सोने की कीमत और उसके वजन को अलग-अलग स्रोतों से क्रॉस चेक करना चाहिए। 24 कैरेट, 22 कैरेट और 18 कैरेट सोने के भाव अलग होते हैं, इसलिए खरीदारी से पहले सही दर की जानकारी लेना जरूरी है।
गहने खरीदते समय मेकिंग चार्ज पर भी ध्यान देना चाहिए। यह शुल्क ज्वेलर्स के हिसाब से अलग-अलग हो सकता है। ग्राहक मेकिंग चार्ज का पूरा ब्रेकअप मांग सकते हैं और खरीदारी से पहले इस पर बातचीत भी कर सकते हैं
DISCLAIMER: इस वेबसाइट पर दी गई जानकारी केवल सामान्य एवं शैक्षणिक उद्देश्यों के लिए है। हमने जानकारी को सटीक रखने का प्रयास किया है, लेकिन इसकी पूर्णता या विश्वसनीयता की गारंटी नहीं दी जाती। तृतीय-पक्ष वेबसाइटों या स्रोतों की सामग्री पर हमारा नियंत्रण नहीं है। इस जानकारी के आधार पर लिया गया कोई भी निर्णय आपके अपने विवेक और जोखिम पर होगा।