भाजपा ने इस अभियान के लिए अपनी नई राष्ट्रीय टीम के कई नेताओं को जिम्मेदारी दी है। टीम में भाजपा अध्यक्ष नितिन नवीन, राष्ट्रीय महासचिव स्मृति ईरानी और विनोद तावड़े, गुजरात के डिप्टी सीएम हर्ष सांघवी और छत्तीसगढ़ के मंत्री ओपी चौधरी समेत कई नेता शामिल हैं।
पार्टी के मुताबिक, अभियान के तहत टीम के सदस्य अगले महीने से युवाओं के बीच पहुंचेंगे और उनसे सीधे बातचीत करेंगे। युवाओं की शिक्षा, रोजगार, तकनीक, अवसर और अन्य मुद्दों को समझने पर फोकस रहेगा।
दिल्ली स्थित भाजपा मुख्यालय में शनिवार को पार्टी अध्यक्ष नितिन नवीन की अध्यक्षता में नई 65 सदस्यीय राष्ट्रीय टीम की पहली बैठक हुई। बैठक में आगामी विधानसभा चुनावों की तैयारियों के साथ बूथ और जमीनी स्तर पर संगठन को मजबूत करने की रणनीति पर चर्चा हुई।
इसके अलावा केंद्र और राज्य सरकारों की योजनाओं को जनता तक पहुंचाने और संगठन के विस्तार को लेकर भी चर्चा की गई।
मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी शनिवार शाम भाजपा मुख्यालय में पार्टी की नई टीम के साथ संवाद कर सकते हैं।
बैठक में भाजपा ने कांग्रेस वर्किंग कमिटी के उस फैसले की आलोचना करते हुए प्रस्ताव पारित किया, जिसमें कांग्रेस के कार्यक्रमों में ‘वंदे मातरम’ के शुरुआती दो छंदों तक ही सीमित रखने का फैसला लिया गया था।
भाजपा ने कहा कि छह छंदों वाला पूरा राष्ट्रगीत भारत की राष्ट्रीय चेतना और स्वतंत्रता आंदोलन की विरासत का प्रतीक है। पार्टी ने इसके सम्मान की रक्षा करने और इसे राजनीतिक तुष्टीकरण या वोट बैंक की राजनीति का विषय बनाने के प्रयासों का विरोध करने की बात कही।भाजपा ने ‘वंदे मातरम’ की ऐतिहासिक और गौरवशाली विरासत को देश के हर हिस्से तक पहुंचाने के लिए अभियान चलाने का भी फैसला किया है।
बैठक में भाजपा के देशव्यापी ‘Modi@25’ अभियान पर भी चर्चा हुई। यह अभियान प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के सार्वजनिक जीवन में 25 वर्ष पूरे होने के अवसर पर चलाया जा रहा है।
भाजपा अध्यक्ष नितिन नवीन ने अध्यक्ष बनने के 209 दिन बाद 17 अगस्त को 65 सदस्यीय नई राष्ट्रीय टीम का ऐलान किया था। इसमें 51 नए चेहरों को शामिल किया गया है।
नई टीम में 13 राष्ट्रीय उपाध्यक्ष और 8 राष्ट्रीय महासचिव हैं। अगले साल विधानसभा चुनाव वाले चार राज्यों के 18 नेताओं को भी टीम में जगह मिली है। इनमें उत्तर प्रदेश से 8, उत्तराखंड से 4, गुजरात से 4 और पंजाब से 2 नेता शामिल हैं।
नई टीम में स्मृति ईरानी और राम माधव की वापसी हुई है। वहीं वसुंधरा राजे, बैजयंत पांडा और तीरथ सिंह रावत जैसे अनुभवी नेताओं को भी अहम जिम्मेदारियां दी गई हैं।
पीयूष गोयल को राष्ट्रीय कोषाध्यक्ष और बीएल संतोष को संगठन महामंत्री की जिम्मेदारी पर बरकरार रखा गया है। वहीं, अमित मालवीय की जगह दीपक म्हास्के को भाजपा IT सेल की जिम्मेदारी दी गई है।
DISCLAIMER: इस वेबसाइट पर दी गई जानकारी केवल सामान्य एवं शैक्षणिक उद्देश्यों के लिए है। हमने जानकारी को सटीक रखने का प्रयास किया है, लेकिन इसकी पूर्णता या विश्वसनीयता की गारंटी नहीं दी जाती। तृतीय-पक्ष वेबसाइटों या स्रोतों की सामग्री पर हमारा नियंत्रण नहीं है। इस जानकारी के आधार पर लिया गया कोई भी निर्णय आपके अपने विवेक और जोखिम पर होगा।