दिल्ली में पाकिस्तान हाई कमीशन के बाहर अवैध ढांचों पर चला बुलडोजर
(ChanakyaPuri, NewDelhi) दिल्ली के चाणक्यपुरी स्थित पाकिस्तान हाई कमीशन के बाहर बुधवार देर रात बुलडोजर कार्रवाई की गई। अधिकारियों के मुताबिक, हाई कमीशन की तय सीमा से बाहर बने कुछ अवैध ढांचों को हटाया गया है।

JCB की मदद से हाई कमीशन के बाहर बने बैरिकेड, फेंसिंग और वीजा सेक्शन के पास कतार प्रबंधन के लिए बनाए गए ढांचों को हटाया गया। मौके पर टूटी रेलिंग, गेट, लोहे के फ्रेम, छत की चादरें, ईंट और कंक्रीट के टुकड़े दिखाई दिए।

कार्रवाई में बाहरी हिस्से की सफेद मेटल फेंसिंग और कुछ कॉरुगेटेड रूफिंग भी हटाई गई। तोड़फोड़ के बाद वीजा सेक्शन के सर्विस काउंटर दिखाई देने लगे। यहां ‘विंडो 1’, ‘पाकिस्तान पासपोर्ट ऑनली’ और ‘विंडो-5 / कलेक्शन ऑफ वीजा एप्लीकेंट्स’ जैसे बोर्ड लगे हुए थे।

हालांकि, हाई कमीशन की मुख्य इमारत को कार्रवाई से बाहर रखा गया। मेन गेट, सफेद दीवारें और पाकिस्तानी निशान वाला बड़ा प्रवेश द्वार सुरक्षित रहा।

दिल्ली में यह कार्रवाई ऐसे समय हुई है, जब दो दिन पहले इस्लामाबाद में भारतीय हाई कमीशन के बाहर लगाए गए सुरक्षा बैरिकेड और पार्किंग पोल हटा दिए गए थे।

दोनों घटनाओं के बाद भारत और पाकिस्तान के राजनयिक परिसरों के बाहर सुरक्षा और निर्माण से जुड़े इंतजाम चर्चा में हैं।

इसी बीच कश्मीर को लेकर भी भारत और पाकिस्तान के बीच तनाव देखने को मिला है। अमेरिकी राजदूत सर्जियो गोर ने 19 अगस्त को श्रीनगर दौरे के दौरान जम्मू-कश्मीर को भारत का महत्वपूर्ण हिस्सा बताया था।उन्होंने यह भी कहा कि अमेरिका क्षेत्र को लेकर अपनी ट्रैवल एडवाइजरी की समीक्षा कर सकता है। पाकिस्तान ने अमेरिकी राजदूत की टिप्पणी पर आपत्ति जताई।

पाकिस्तान ने इस्लामाबाद में अमेरिकी चार्ज डी’अफेयर्स नताली बेकर को तलब कर कश्मीर की स्थिति को लेकर सार्वजनिक बयानों में सावधानी बरतने की बात कही।

दिल्ली में पाकिस्तान हाई कमीशन के बाहर हुई बुलडोजर कार्रवाई और कश्मीर पर अमेरिकी राजदूत की टिप्पणी के बाद क्षेत्रीय कूटनीतिक गतिविधियां एक बार फिर सुर्खियों में हैं।

DISCLAIMER: इस वेबसाइट पर दी गई जानकारी केवल सामान्य एवं शैक्षणिक उद्देश्यों के लिए है। हमने जानकारी को सटीक रखने का प्रयास किया है, लेकिन इसकी पूर्णता या विश्वसनीयता की गारंटी नहीं दी जाती। तृतीय-पक्ष वेबसाइटों या स्रोतों की सामग्री पर हमारा नियंत्रण नहीं है। इस जानकारी के आधार पर लिया गया कोई भी निर्णय आपके अपने विवेक और जोखिम पर होगा।