लखनऊ में विभाजन विभीषिका स्मृति दिवस के कार्यक्रम के दौरान मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने भारत के गुलाम होने के कारणों पर बात करते हुए कांग्रेस पर तीखा हमला बोला। लोकभवन में आयोजित कार्यक्रम में सीएम योगी ने कहा कि भारत के पास बल, बुद्धि और धन की कोई कमी नहीं थी, फिर भी देश गुलाम हुआ।
सीएम योगी ने सवाल उठाते हुए कहा, “ये देश गुलाम क्यों हुआ? गुलामी का कारण क्या था?” उन्होंने कहा कि भारत के पास किसी भी चीज की कमी नहीं थी। हमारे पास पर्याप्त शक्ति थी, बुद्धि थी और धन भी था। इसके बावजूद विदेशी आक्रांताओं ने भारत पर लगातार हमले किए।मुख्यमंत्री ने कहा कि देश को कमजोर करने के लिए लोगों को जाति और धर्म के आधार पर बांटा गया। उन्होंने आरोप लगाया कि कई तरह के षड्यंत्र किए गए और इसी वजह से भारत को गुलामी का सामना करना पड़ा।
योगी आदित्यनाथ ने कांग्रेस पर 1947 के विभाजन को लेकर भी निशाना साधा। उन्होंने आरोप लगाया कि कांग्रेस ने सत्ता हासिल करने की जल्दबाजी में देश के साथ विश्वासघात किया और विभाजन को स्वीकार कर लिया।
उन्होंने कहा कि विभाजन के दौरान बड़ी संख्या में लोगों को अपने घर और जमीन छोड़ने पड़े। सनातनियों, सिंधियों और पंजाबियों के विस्थापन का जिक्र करते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि जिन लोगों ने अपनी जमीन पर पीढ़ियां बिताई थीं, उन्हें वहां से पलायन करना पड़ा।
विभाजन विभीषिका स्मृति दिवस के अवसर पर मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने लखनऊ में करीब आधा किलोमीटर की मौन पदयात्रा भी निकाली। इसके बाद लोकभवन में आयोजित कार्यक्रम में उन्होंने विभाजन के दौरान जान गंवाने वाले लोगों और विस्थापित परिवारों को याद किया।
मुख्यमंत्री ने कहा कि इतिहास से सीख लेकर समाज को जाति और धर्म के आधार पर होने वाले विभाजन से बचाना जरूरी है। उनके मुताबिक, देश की एकता और सामाजिक समरसता को मजबूत करना ही विभाजन की त्रासदी से सबसे बड़ी सीख है।
DISCLAIMER: इस वेबसाइट पर दी गई जानकारी केवल सामान्य एवं शैक्षणिक उद्देश्यों के लिए है। हमने जानकारी को सटीक रखने का प्रयास किया है, लेकिन इसकी पूर्णता या विश्वसनीयता की गारंटी नहीं दी जाती। तृतीय-पक्ष वेबसाइटों या स्रोतों की सामग्री पर हमारा नियंत्रण नहीं है। इस जानकारी के आधार पर लिया गया कोई भी निर्णय आपके अपने विवेक और जोखिम पर होगा।