CM Yuva Expo 2026 में दिखी यूपी के युवाओं की कारोबारी प्रतिभा, 15 हजार से ज्यादा लोग पहुंचे
(UTTARPRADESH, UTTARPRADESH) उत्तर प्रदेश इंटरनेशनल ट्रेड शो-2026 में आयोजित CM Yuva Expo-2026 में प्रदेश के युवा उद्यमियों के उत्पादों, कारोबारी विचारों और सफल बिजनेस मॉडल को मंच मिल रहा है। ग्रेटर नोएडा स्थित इंडिया एक्सपो सेंटर एंड मार्ट में आयोजित एक्सपो के दूसरे दिन 15 हजार से अधिक आगंतुक पहुंचे। इस दौरान करीब दो लाख रुपये की B2C बिक्री हुई, जबकि संभावित खरीदारों, वितरकों और कारोबारी साझेदारों से 1,150 B2B पूछताछ दर्ज की गईं। इससे युवा उद्यमियों को नए बाजार तलाशने और कारोबार विस्तार के अवसर मिले।

दूसरे दिन मंत्री और वरिष्ठ अधिकारियों ने एक्सपो के विभिन्न हॉल का भ्रमण किया। उन्होंने CM Yuva के स्टॉलों पर प्रदर्शित उत्पादों और कारोबारी मॉडलों की जानकारी ली तथा युवा उद्यमियों से उनके व्यवसाय, बाजार विस्तार और CM Yuva योजना से मिले सहयोग को लेकर संवाद किया।

थीम पवेलियन में आयोजित सत्र के दौरान प्रोजेक्ट गंगा, मिलेनस्ट-जैविक फूड, द मास्टर ब्रांड्स, पिज्जा ओडिला और द पर्ल टाउन ने अपने उत्पादों, कारोबारी मॉडल और भविष्य की विस्तार योजनाओं को प्रस्तुत किया। इन प्रस्तुतियों के जरिए प्रतिभागियों को बाजार की जरूरत के अनुसार उत्पाद विकसित करने और उन्हें कारोबार में बदलने की प्रक्रिया को समझने का अवसर मिला।

दूसरे दिन आयोजित पिच टैंक में एमिटी यूनिवर्सिटी, आईपीईसी कॉलेज, आईटीएस और जीएल बजाज समेत विभिन्न संस्थानों के चयनित प्रतिभागियों ने निर्णायक मंडल के सामने अपने कारोबारी विचार और मॉडल प्रस्तुत किए। युवाओं ने अपने उत्पादों और सेवाओं, लक्षित बाजार, आय मॉडल, कारोबार विस्तार और रोजगार सृजन की संभावनाओं पर प्रस्तुतियां दीं। इस मंच के जरिए उन्हें विशेषज्ञों की राय लेने और अपने बिजनेस आइडिया को बाजार की जरूरतों के अनुसार बेहतर बनाने का अवसर मिला।

CM Yuva योजना के जरिए युवाओं को उद्यम स्थापित करने के लिए सहयोग देने के साथ उनके कारोबार को बाजार से जोड़ने पर भी जोर दिया जा रहा है। CM Yuva Expo में उत्पाद प्रदर्शन और बिक्री के साथ B2B संपर्क, ब्रांडिंग, वितरण नेटवर्क और कारोबार विस्तार के अवसर उपलब्ध कराए जा रहे हैं। फ्रेंचाइजी, मशीन आपूर्ति और बिजनेस ऑन व्हील्स जैसे विभिन्न कारोबारी मॉडल भी युवाओं के सामने प्रस्तुत किए जा रहे हैं।

UP International Trade Show में CM Yuva की भागीदारी के जरिए युवा उद्यमियों को स्थानीय बाजार से राष्ट्रीय और वैश्विक बाजार तक पहुंचने का अवसर मिल रहा है। देश-विदेश से आए खरीदारों, कारोबारी प्रतिनिधियों और संभावित साझेदारों के बीच युवा उद्यमी अपने उत्पाद और सेवाएं प्रस्तुत कर रहे हैं। एक्सपो में उत्पाद प्रदर्शन, कारोबारी प्रस्तुतियां, पिच टैंक और कारोबारी संपर्क से जुड़ी गतिविधियां भी जारी रहेंगी।

DISCLAIMER: इस वेबसाइट पर दी गई जानकारी केवल सामान्य एवं शैक्षणिक उद्देश्यों के लिए है। हमने जानकारी को सटीक रखने का प्रयास किया है, लेकिन इसकी पूर्णता या विश्वसनीयता की गारंटी नहीं दी जाती। तृतीय-पक्ष वेबसाइटों या स्रोतों की सामग्री पर हमारा नियंत्रण नहीं है। इस जानकारी के आधार पर लिया गया कोई भी निर्णय आपके अपने विवेक और जोखिम पर होगा।