सेंट लुइस रैपिड में चमके आर. प्रज्ञानानंदा, 12 अंकों के साथ पहुंचे शीर्ष पर
(India) भारतीय ग्रैंडमास्टर आर. प्रज्ञानानंदा ने सेंट लुइस रैपिड एवं ब्लिट्ज शतरंज प्रतियोगिता के रैपिड वर्ग में शानदार प्रदर्शन करते हुए 18 में से 12 अंक हासिल किए और अंकतालिका में शीर्ष स्थान पर कब्जा जमाया।

विश्व चैंपियनशिप 2026 की दौड़ से बाहर होने के बावजूद प्रज्ञानानंदा ने नौ राउंड के रैपिड मुकाबलों में शानदार खेल दिखाया। हालांकि अंतिम राउंड में उन्हें नीदरलैंड के ग्रैंडमास्टर जॉर्डन वान फोरेस्ट से हार का सामना करना पड़ा, लेकिन वह एक अंक की बढ़त के साथ पहले स्थान पर बने रहे।

प्रज्ञानानंदा ने रैपिड वर्ग में चार जीत, चार ड्रॉ और एक हार के साथ कुल 12 अंक जुटाए। उन्होंने उजबेकिस्तान के जावोखिर सिंदारोव (11 अंक) को पीछे छोड़ दिया, जबकि अमेरिका के वेस्ली सो 10 अंकों के साथ तीसरे स्थान पर हैं।

अब प्रतियोगिता के 18 ब्लिट्ज मुकाबले खेले जाएंगे, जिनके बाद कुल विजेता का फैसला होगा। ब्लिट्ज में प्रत्येक जीत पर एक अंक मिलेगा। प्रतियोगिता की कुल दो लाख अमेरिकी डॉलर की पुरस्कार राशि में विजेता को 50 हजार अमेरिकी डॉलर मिलेंगे।

रैपिड वर्ग में शानदार प्रदर्शन के साथ प्रज्ञानानंदा ने वर्ष के अंत में होने वाले ग्रैंड शतरंज टूर (GCT) फाइनल में जगह बनाने की अपनी उम्मीदों को भी मजबूत किया है।

DISCLAIMER: इस वेबसाइट पर दी गई जानकारी केवल सामान्य एवं शैक्षणिक उद्देश्यों के लिए है। हमने जानकारी को सटीक रखने का प्रयास किया है, लेकिन इसकी पूर्णता या विश्वसनीयता की गारंटी नहीं दी जाती। तृतीय-पक्ष वेबसाइटों या स्रोतों की सामग्री पर हमारा नियंत्रण नहीं है। इस जानकारी के आधार पर लिया गया कोई भी निर्णय आपके अपने विवेक और जोखिम पर होगा।