एयर इंडिया का बड़ा फैसला..अब पायलटों का होगा ड्रग टेस्ट!
(NewDelhi, NewDelhi) एयर इंडिया और एयर इंडिया एक्सप्रेस ने अपने सभी पायलटों का ड्रग टेस्ट कराने का फैसला किया है। दोनों एयरलाइंस ने पायलटों के साइकोएक्टिव सब्सटेंस टेस्ट की प्रक्रिया आज से शुरू करने का निर्णय लिया है। दोनों एयरलाइंस में 5 हजार से ज्यादा पायलट हैं।
सूत्रों के मुताबिक, जांच में यह पता लगाया जाएगा कि किसी पायलट ने प्रतिबंधित दवाओं या नशीले पदार्थों का इस्तेमाल तो नहीं किया है।यह फैसला पिछले सप्ताह फुकेट-दिल्ली फ्लाइट के एक पायलट का ड्रग टेस्ट पॉजिटिव आने के बाद लिया गया है। दरअसल, भुवनेश्वर के पास से गुजरते समय विमान में अचानक टर्बुलेंस जैसी स्थिति बनी थी और विमान करीब 300 फीट नीचे आ गया था। इस घटना में यात्रियों और क्रू सदस्यों को चोटें आई थीं। विमान में 137 यात्री और 8 क्रू मेंबर सवार थे।

यात्रियों की सुरक्षा और भरोसा बनाए रखना प्राथमिकता
दोनों एयरलाइंस ने पायलटों को भेजे संदेश में कहा है कि मौजूदा नियमों के तहत प्रतिबंधित सभी नशीले पदार्थों और दवाओं की जांच की जाएगी।सूत्रों के अनुसार, पायलटों का टेस्ट गुरुग्राम स्थित अकादमी में ट्रेनिंग के दौरान किया जाएगा। इसके अलावा फ्लाइट के बाद ब्रीफिंग सेंटर, एयरलाइंस के कार्यालयों और संबंधित बेस पर भी जांच की जाएगी।
एयरलाइंस का कहना है कि यह कदम यात्रियों की सुरक्षा सुनिश्चित करने और उनका भरोसा बनाए रखने के लिए उठाया गया है। साथ ही, इससे उड़ान संचालन में सुरक्षा मानकों को और मजबूत करने में मदद मिलेगी।

DISCLAIMER: इस वेबसाइट पर दी गई जानकारी केवल सामान्य एवं शैक्षणिक उद्देश्यों के लिए है। हमने जानकारी को सटीक रखने का प्रयास किया है, लेकिन इसकी पूर्णता या विश्वसनीयता की गारंटी नहीं दी जाती। तृतीय-पक्ष वेबसाइटों या स्रोतों की सामग्री पर हमारा नियंत्रण नहीं है। इस जानकारी के आधार पर लिया गया कोई भी निर्णय आपके अपने विवेक और जोखिम पर होगा।