UPITS 2026 में यूपी के स्वाद का संगम, ODOC पवेलियन में Mirzapur के गुड़ से बन रहा ठेकुआ
(UTTARPRADESH, UTTARPRADESH) उत्तर प्रदेश इंटरनेशनल ट्रेड शो (UPITS) 2026 में शनिवार को प्रदेश की समृद्ध खान-पान परंपरा और स्थानीय व्यंजनों का संगम देखने को मिल रहा है। इंडिया एक्सपो सेंटर एंड मार्ट में बनाए गए ODOC (वन डिस्ट्रिक्ट वन क्यूजीन) पवेलियन में उत्तर प्रदेश के अलग-अलग जिलों के पारंपरिक व्यंजनों और स्थानीय खाद्य उत्पादों को खास अंदाज में प्रस्तुत किया जा रहा है। यहां पहुंच रहे लोग यूपी के विभिन्न क्षेत्रों के स्वाद का आनंद लेने के साथ उनसे जुड़ी परंपराओं और स्थानीय उत्पादों की जानकारी भी ले रहे हैं।

ODOC पवेलियन में आयोजित Master Chef Class आगंतुकों के आकर्षण का प्रमुख केंद्र बनी हुई है। इसमें पूर्वांचल के पारंपरिक व्यंजन ठेकुआ बनाने की विधि प्रत्यक्ष रूप से समझाई जा रही है। ठेकुआ तैयार करने में मिर्जापुर के गुड़ का इस्तेमाल किया जा रहा है, जिसके जरिए आगंतुकों को मिर्जापुर के गुड़ की विशेषताओं और उससे तैयार होने वाले उत्पादों के बारे में जानकारी दी जा रही है।

मास्टर शेफ क्लास में सामग्री के चयन से लेकर मिश्रण तैयार करने और ठेकुआ को अंतिम रूप देने तक की प्रक्रिया समझाई जा रही है। विशेषज्ञ आगंतुकों के सवालों का जवाब भी दे रहे हैं और पूर्वांचल से जुड़े अन्य स्थानीय खाद्य उत्पादों तथा पारंपरिक व्यंजनों की जानकारी दे रहे हैं। इस पहल के जरिए भोजन के साथ जुड़ी स्थानीय संस्कृति, परंपरा और अर्थव्यवस्था को भी लोगों तक पहुंचाने का प्रयास किया जा रहा है।

ODOC की मास्टर शेफ क्लास में प्रसिद्ध शेफ हरपाल सिंह सोखी भी रविवार को मौजूद रहेंगे। उनकी मौजूदगी में आगंतुकों को उत्तर प्रदेश के पारंपरिक व्यंजनों और स्थानीय खाद्य उत्पादों को आधुनिक पाक कला से जोड़ने की बारीकियां समझने का अवसर मिलेगा। इसके अलावा अगले चार दिनों में कई अन्य प्रसिद्ध शेफ भी मास्टर शेफ क्लास में पाक कला से जुड़ी जानकारी साझा करेंगे।

ODOC पवेलियन की ‘खाऊ गली’ भी ट्रेड शो में आने वाले लोगों के बीच आकर्षण का केंद्र बनी हुई है। यहां प्रदेश के अलग-अलग क्षेत्रों के पारंपरिक व्यंजनों और खाद्य उत्पादों का स्वाद लेने के लिए लगातार भीड़ पहुंच रही है। दिन ढलने के साथ कई स्टॉलों पर उत्पादों की मांग बढ़ने से कुछ उत्पादों की उपलब्धता कम पड़ने लगी। आगंतुक स्वाद के साथ संबंधित जिलों और स्थानीय उत्पादों के बारे में भी जानकारी ले रहे हैं।

उत्तर प्रदेश सरकार की पहल से तैयार ODOC पवेलियन में प्रदेश के सभी 75 जिलों की खान-पान विरासत को एक मंच पर प्रस्तुत किया जा रहा है। ब्रज, अवध, बुंदेलखंड, पश्चिमी उत्तर प्रदेश और पूर्वांचल के पारंपरिक स्वादों को उनके स्थानीय और सांस्कृतिक संदर्भों के साथ प्रदर्शित किया गया है। UPITS जैसे अंतरराष्ट्रीय मंच के जरिए प्रदेश के पारंपरिक व्यंजनों और स्थानीय खाद्य उत्पादों को देश-विदेश से आए आगंतुकों तक पहुंचने का अवसर मिल रहा है।

DISCLAIMER: इस वेबसाइट पर दी गई जानकारी केवल सामान्य एवं शैक्षणिक उद्देश्यों के लिए है। हमने जानकारी को सटीक रखने का प्रयास किया है, लेकिन इसकी पूर्णता या विश्वसनीयता की गारंटी नहीं दी जाती। तृतीय-पक्ष वेबसाइटों या स्रोतों की सामग्री पर हमारा नियंत्रण नहीं है। इस जानकारी के आधार पर लिया गया कोई भी निर्णय आपके अपने विवेक और जोखिम पर होगा।