हरियाणा के अंबाला में गुरुवार को पुलिस और सिख संगत के बीच हुए टकराव के बाद हालात तनावपूर्ण हो गए। दोपहर करीब 1 बजे बड़ी संख्या में प्रदर्शनकारी जीटी रोड (NH-44) की ओर बढ़ने लगे और पुलिस की बैरिकेडिंग तोड़ दी। स्थिति को नियंत्रित करने के लिए पुलिस ने आंसू गैस के गोले दागे।
हालांकि, इसके बावजूद प्रदर्शनकारी पीछे नहीं हटे और अंबाला सिटी स्थित जग्गी सिटी सेंटर के बाहर ट्रैक्टर-ट्रॉलियां खड़ी कर सड़क जाम कर दी। अंबाला रेंज के आईजी पंकज नैन और एसपी अजीत शेखावत मौके पर पहुंचकर प्रदर्शनकारियों को समझाने की कोशिश करते रहे, लेकिन शाम 6 बजे तक हाईवे को खुलवाया नहीं जा सका।
प्रदर्शन कर रहे लोगों की मुख्य रूप से दो मांगें हैं। पहली मांग है कि इंटरनेशनल एंटी खालिस्तान टेरेरिस्ट फ्रंट के अध्यक्ष गुरसिमरन सिंह मंड के खिलाफ एफआईआर दर्ज की जाए। दूसरी मांग है कि मंड पर हमले के आरोप में गिरफ्तार किए गए दो युवकों को रिहा किया जाए।
दरअसल, यह पूरा विवाद 7 अगस्त की घटना से जुड़ा है। गुरसिमरन सिंह मंड अपनी Y+ सुरक्षा के साथ श्री पंजोखरा साहिब गुरुद्वारे पहुंचे थे। इसी दौरान विवाद शुरू हुआ।
आरोप है कि मंड की गाड़ी से संगत को टक्कर लगी, जिसके बाद गुस्साई भीड़ और निहंगों ने मंड को घेर लिया। इस दौरान उनके साथ मारपीट की गई और उनकी इनोवा गाड़ी में तोड़फोड़ भी की गई। पुलिसकर्मियों ने बीच-बचाव कर मंड को सुरक्षित निकाला था।
मंड की शिकायत पर कार्रवाई से नाराज संगत
इस मामले में मंड की शिकायत के आधार पर पुलिस ने केस दर्ज कर दो युवकों को गिरफ्तार किया था। सिख जत्थेबंदियों का आरोप है कि मंड के खिलाफ दी गई शिकायत पर पुलिस ने कार्रवाई नहीं की। इसी को लेकर गुरुवार को गुरुद्वारा श्री पंजोखरा साहिब में बैठक बुलाई गई थी।
बैठक में खडूर साहिब से सांसद अमृतपाल सिंह के पिता तरसेम सिंह और माता बलविंदर कौर समेत कई सिख संगठनों के पदाधिकारी शामिल हुए।
बैठक के बाद बढ़ा तनाव
बैठक खत्म होने के बाद प्रदर्शनकारी हाईवे की ओर बढ़ गए। पुलिस ने पहले से ही रास्तों पर बैरिकेडिंग कर रखी थी, लेकिन भीड़ ने बैरिकेड्स तोड़ दिए। इस दौरान पुलिस और प्रदर्शनकारियों के बीच धक्का-मुक्की भी हुई।
भीड़ को नियंत्रित करने के लिए पुलिस ने आंसू गैस का इस्तेमाल किया। इस कार्रवाई के दौरान इलाके में अफरा-तफरी का माहौल बन गया।
आंसू गैस और प्रदर्शन के बीच एनसीसी स्कूल के पास स्थिति गंभीर हो गई। स्कूल की छुट्टी के समय धुएं और तनावपूर्ण माहौल के कारण कई बच्चे परिसर में ही फंस गए। अभिभावक बच्चों की सुरक्षा को लेकर परेशान नजर आए।
फिलहाल अंबाला में स्थिति तनावपूर्ण बनी हुई है। प्रशासन ने सुरक्षा के मद्देनजर भारी पुलिस बल तैनात किया है। हाईवे पर कई किलोमीटर लंबा जाम लग गया है। पुलिस अधिकारी लगातार प्रदर्शनकारियों से बातचीत कर स्थिति सामान्य करने की कोशिश कर रहे हैं।
DISCLAIMER: इस वेबसाइट पर दी गई जानकारी केवल सामान्य एवं शैक्षणिक उद्देश्यों के लिए है। हमने जानकारी को सटीक रखने का प्रयास किया है, लेकिन इसकी पूर्णता या विश्वसनीयता की गारंटी नहीं दी जाती। तृतीय-पक्ष वेबसाइटों या स्रोतों की सामग्री पर हमारा नियंत्रण नहीं है। इस जानकारी के आधार पर लिया गया कोई भी निर्णय आपके अपने विवेक और जोखिम पर होगा।