यूपी में बाढ़ और बारिश का तांडव,30 शहरों में सैलाब
(Lucknow, Lucknow) उत्तर प्रदेश में मानसूनी बारिश का कहर लगातार जारी है, जिससे जनजीवन पूरी तरह अस्त-व्यस्त हो गया है। मंगलवार तड़के 3 बजे से लखनऊ, सहारनपुर, प्रतापगढ़ और संभल समेत 30 शहरों में रुक-रुक कर बारिश हो रही है।
आसमान में काले घने बादल छाए रहने के कारण सुबह अंधेरा छाया रहा। संभल में तेज बारिश के चलते रोडवेज बस अड्डा तालाब में तब्दील हो गया, वहीं सरकारी अस्पताल में भी पानी घुस गया। प्रतापगढ़ की लालगंज तहसील, कोतवाली, प्राथमिक स्कूल और CHC में करीब 2 फीट तक पानी भर गया। कौशांबी और भदोही में भी सड़कें जलमग्न हो गईं।
भारी बारिश के अलर्ट को देखते हुए प्रयागराज, प्रतापगढ़, मिर्जापुर, कौशांबी, भदोही, हरदोई, अमेठी और जौनपुर समेत 10 जिलों के स्कूलों में छुट्टी घोषित की गई है। मौसम विभाग ने प्रदेश के सभी 75 जिलों में बारिश की चेतावनी जारी की है।
गंगा-यमुना समेत प्रदेश की 10 से अधिक नदियां उफान पर हैं। वाराणसी में घाट किनारे बने 100 से अधिक छोटे मंदिरों में पानी घुस गया है। मणिकर्णिका घाट स्थित रत्नेश्वर महादेव और दशाश्वमेध घाट स्थित ब्रह्मेश्वर महादेव मंदिर का करीब 70 प्रतिशत हिस्सा पानी में डूब गया है। नमो घाट की सीढ़ियों तक भी पानी पहुंच गया है और सुरक्षा के लिए बैरिकेडिंग कर दी गई है।
कानपुर और उन्नाव में गंगा के तटीय इलाके जलमग्न हो गए हैं। 500 से अधिक घरों में पानी भरने से लोग छतों पर रहने को मजबूर हैं। चित्रकूट में मंदाकिनी और बरदहा नदी का जलस्तर बढ़ने से रामघाट की सीढ़ियां डूब गई हैं। वहीं, गंगा का पानी शवदाह स्थलों तक पहुंचने के बाद अंतिम संस्कार सीढ़ियों के ऊपरी हिस्से में कराया जा रहा है।

DISCLAIMER: इस वेबसाइट पर दी गई जानकारी केवल सामान्य एवं शैक्षणिक उद्देश्यों के लिए है। हमने जानकारी को सटीक रखने का प्रयास किया है, लेकिन इसकी पूर्णता या विश्वसनीयता की गारंटी नहीं दी जाती। तृतीय-पक्ष वेबसाइटों या स्रोतों की सामग्री पर हमारा नियंत्रण नहीं है। इस जानकारी के आधार पर लिया गया कोई भी निर्णय आपके अपने विवेक और जोखिम पर होगा।