परमाणु क्षमता संपन्‍न क्रूज मिसाइल ‘निर्भय’ का सफल परीक्षण
(India) स्वदेश में विकसित परमाणु आयुध ले जाने में सक्षम क्रूज मिसाइल ‘निर्भय’ का ओडिशा के तट पर एक ठिकाने से शुक्रवार सुबह सफलतापूर्वक प्रायोगिक परीक्षण किया गया। लंबी दूरी तक मार करने वाली सबसोनिक क्रूज मिसाइल ‘निर्भय’ का दूसरा प्रायोगिक परीक्षण चांदीपुर स्थित एकीकृत परीक्षण रेंज (आईटीआर) से किया गया। यह मिसाइल 1000 किलोमीटर तक मार कर सकती है। इसके जद में अब पाकिस्‍तान का हर शहर आ गया है।
परियोजना से जुड़े रक्षा अनुसंधान एवं विकास संगठन (डीआरडीओ) के एक वैज्ञानिक के अनुसार, तय कार्यक्रम के अनुसार शुक्रवार को इस मिसाइल का दूसरा परीक्षण किया गया। गौर हो कि मिसाइल का पहला परीक्षण 12 मार्च 2013 को इसी केन्द्र से किया गया था। एक अधिकारी ने कहा कि निर्धारित मार्ग से विचलन को देखते हुए उस परीक्षण को बीच में ही रोकना पड़ा था। भारत के पास 290 किलोमीटर तक मारक क्षमता वाली ‘सुपरसोनिक क्रूज’ मिसाइल ब्रह्मोस है जिसे भारत और रूस ने संयुक्त रूप से विकसित किया है। लेकिन लंबी दूरी तक की क्षमता वाली मिसाइल निर्भय अलग तरह की है। यह बेंगलुरु में डीआरडीओ की इकाई एयरोनोटिकल डेवलपमेंट इस्टैबलिशमेंट (एडीई) की ओर से विकसित की जा रही है। गौर हो कि रक्षा अनुसंधान एवं विकास संगठन (डीआरडीओ) 1,500 किलोमीटर की दूरी तक मार करने वाली सब-सोनिक क्रूज मिसाइल का हवाई संस्करण विकसित कर रहा है। इसे भारतीय वायु सेना के अग्रिम मोर्चे के लड़ाकू विमान एसयू-30 एमकेआई से दागा जा सकेगा। डीआरडीओ प्रमुख अविनाश चंद्र ने बताया कि निर्भय मिसाइल हवा, जमीन और पोतों से दागी जा सकेगी। इसके हवाई संस्करण की योजना पर काम चल रहा है। मिसाइल का हवाई संस्करण विकसित किया जा रहा है और इसे एसयू-30 एमकेआई जैसे लड़ाकू विमानों से दागा जा सकेगा।

DISCLAIMER: इस वेबसाइट पर दी गई जानकारी केवल सामान्य एवं शैक्षणिक उद्देश्यों के लिए है। हमने जानकारी को सटीक रखने का प्रयास किया है, लेकिन इसकी पूर्णता या विश्वसनीयता की गारंटी नहीं दी जाती। तृतीय-पक्ष वेबसाइटों या स्रोतों की सामग्री पर हमारा नियंत्रण नहीं है। इस जानकारी के आधार पर लिया गया कोई भी निर्णय आपके अपने विवेक और जोखिम पर होगा।