मशहूर जापानी औद्योगिक डिजाइनर केंजी इकुआन की मौत हो गई है। वह 85 साल के थे। उन्होंने बुलेट ट्रेन से लेकर मशहूर लाल ढक्कन वाली किक्कोमान सोया सॉस की बोतल तक डिजाइन की थी। पूर्व भिक्षु केंजी ने किक्कोमान कार्प के लिए यह बोतल 1961 में डिजाइन की थी। इस बोतल को कोका-कोला बोतल की तरह ही अंतरराष्ट्रीय ख्याति मिली थी। उनकी कंपनी जीके इंडस्ट्रियल डिजाइन ग्रुप ने सोमवार को बताया कि हृदय की बीमारी से केंजी इकुआन की मौत हुई है। केंजी ने इसके अलावा यमाहा वीमास मोटरसाइकिल, टोक्यो और उत्तरी जापान को जोड़ने वाली कोमाची बुलेट ट्रेन, द नारिता एक्सप्रेस एयरपोर्ट लाइनर समेत बहुत सारे ऑडियो उपकरण डिजाइन किया था। केंजी पहले अपने पिता की मौत के बाद हिरोशिमा मंदिर में भिक्षु बन गए थे। उनके पिता की मौत शहर में गिराए गए परमाणु बम के रेडिएशन से हुई थी। बाद में उन्होंने डिजाइन में अपना करियर बनाया। 1955 में टोक्यो नेशनल यूनिवर्सिटी से फाइन आर्ट और संगीत में ग्रेजुएशन पूरा करने के दो साल बाद केंजी ने अपना डिजाइन स्टूडियो स्थापित किया।
DISCLAIMER: इस वेबसाइट पर दी गई जानकारी केवल सामान्य एवं शैक्षणिक उद्देश्यों के लिए है। हमने जानकारी को सटीक रखने का प्रयास किया है, लेकिन इसकी पूर्णता या विश्वसनीयता की गारंटी नहीं दी जाती। तृतीय-पक्ष वेबसाइटों या स्रोतों की सामग्री पर हमारा नियंत्रण नहीं है। इस जानकारी के आधार पर लिया गया कोई भी निर्णय आपके अपने विवेक और जोखिम पर होगा।
