मोबाइल ग्राहकों को शुक्रवार से रोमिंग के लिए कम भुगतान करना होगा। एयरटेल, वोडाफोन, आइडिया और रिलायंस कम्यूनिकेशंस समेत प्रमुख ऑपरेटरों ने रोमिंग दरों को 75 फीसद तक घटा दिया है। दूरसंचार नियामक ट्राई की ओर से सीलिंग टैरिफ में कमी किए जाने के बाद कंपनियों ने राष्ट्रीय रोमिंग की दरों में यह कटौती की है। वहीं, बीएसएनएल और एयरटेल ने भी आज से लैंडलाइन फोन पर किसी भी नेटवर्क पर अनलिमिटेड फ्री कॉल योजनाओं की शुरुआत की है। बीएसएनएल के सभी उपभोक्ताओं को रात 9 बजे से सुबह 7 बजे तक किसी भी फोन पर असीमित कॉल करने की सुविधा मिलेगी। वहीं, एयरटेल लैंडलाइन के उपभोक्ताओं को 49 रुपये और 99 रुपये के शुल्क पर असीमित लोकल और असीमित लोकल व एसटीडी कॉल की सुविधा मिलेगी। देश की सबसे बड़ी मोबाइल ऑपरेटर भारती एयरटेल ने इनकमिंग कॉल दरों में 40 फीसद तक कटौती की है, जबकि इंटर सर्किल कॉल दरों को 23 फीसद घटाया है। इसी प्रकार आउटगोइंग कॉल दर को 20 फीसद कम किया गया है। कंपनी ने आउटगोइंग लोकल एसएमएस रेट को 75 फीसद तक घटाया है, जबकि आउटगोइंग इंटर सर्किल एसएमएस दर में 74 फीसद की कमी की है।
DISCLAIMER: इस वेबसाइट पर दी गई जानकारी केवल सामान्य एवं शैक्षणिक उद्देश्यों के लिए है। हमने जानकारी को सटीक रखने का प्रयास किया है, लेकिन इसकी पूर्णता या विश्वसनीयता की गारंटी नहीं दी जाती। तृतीय-पक्ष वेबसाइटों या स्रोतों की सामग्री पर हमारा नियंत्रण नहीं है। इस जानकारी के आधार पर लिया गया कोई भी निर्णय आपके अपने विवेक और जोखिम पर होगा।
