परीक्षा के दौरान कई केंद्रों पर सुरक्षा जांच को लेकर अलग-अलग तस्वीरें सामने आईं। कहीं अभ्यर्थियों के कलावे काटे गए, तो कहीं बाल, जूते-मोजे और आभूषण उतरवाकर जांच की गई।
लखनऊ में कलावा काटा, कान की बाली और हेयर पिन उतरवाई
लखनऊ में परीक्षा केंद्रों पर जांच के दौरान कुछ छात्राओं के कलावे काटे गए। कान की बालियां और हेयर पिन भी उतरवा ली गईं। वहीं, लड़कों के जूते और मोजे उतरवाकर जांच की गई।
कानपुर और बरेली में कुछ केंद्रों पर छात्राओं के बाल खुलवाकर चेकिंग की गई। अलीगढ़ में महिला अभ्यर्थियों ने पायल और गले की चेन उतारकर परिजनों को दी, जिसके बाद उन्हें केंद्र में प्रवेश मिला। वहां रूमाल भी केंद्र के बाहर रखवाए गए।
मथुरा में कुछ अभ्यर्थियों ने दांत से कलावा काटा, जबकि पुरुष अभ्यर्थियों की बेल्ट भी उतरवाई गई।
कन्नौज में गलत सेंटर पहुंची छात्रा, पुलिसकर्मी ने पहुंचाया सही केंद्र
कन्नौज में एक छात्रा गलती से दूसरे परीक्षा केंद्र पर पहुंच गई। सही केंद्र पर समय से पहुंचने की चिंता में वह रोने लगी। ड्यूटी पर तैनात एक पुलिसकर्मी ने उसकी मदद की और बाइक से उसे सही परीक्षा केंद्र तक पहुंचाया।
CCTV और सादी वर्दी में पुलिस की निगरानी
परीक्षा को नकलमुक्त और व्यवस्थित ढंग से कराने के लिए केंद्रों पर CCTV कैमरों से निगरानी की जा रही है। पुलिसकर्मी सादी वर्दी में भी परीक्षा केंद्रों के बाहर गश्त कर रहे हैं। प्रवेश से पहले पहचान और सुरक्षा जांच की प्रक्रिया पूरी की जा रही है।
दो पालियों में आयोजित हो रही परीक्षा
PET-2026 की परीक्षा दो पालियों में आयोजित की जा रही है।
पहली पाली: सुबह 10 बजे से दोपहर 12 बजे तक
दूसरी पाली: दोपहर 3 बजे से शाम 5 बजे तक
दूसरी पाली के लिए प्रवेश: दोपहर 1 बजे से
गेट बंद होने का समय: दोपहर 2:30 बजे
परीक्षा केंद्रों पर अभ्यर्थियों की पहचान सत्यापित करने और सुरक्षा व्यवस्था बनाए रखने के लिए निर्धारित जांच प्रक्रिया अपनाई जा रही है।
Digital Desk: Prashant Kumar Singh
DISCLAIMER:
इस वेबसाइट पर दी गई जानकारी केवल सामान्य एवं शैक्षणिक उद्देश्यों के लिए है। हमने जानकारी को सटीक रखने का प्रयास किया है, लेकिन इसकी पूर्णता या विश्वसनीयता की गारंटी नहीं दी जाती। तृतीय-पक्ष वेबसाइटों या स्रोतों की सामग्री पर हमारा नियंत्रण नहीं है। इस जानकारी के आधार पर लिया गया कोई भी निर्णय आपके अपने विवेक और जोखिम पर होगा।