इस अवसर पर उत्तर प्रदेश की राज्यपाल आनंदीबेन पटेल और मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ भी मौजूद रहे।
300 से ज्यादा महिलाओं की भर्ती, 1,000 को रोजगार देने का लक्ष्य
प्लांट में स्थानीय महिलाओं को प्राथमिकता दी गई है। उपलब्ध जानकारी के अनुसार, 300 से अधिक महिलाओं की भर्ती हो चुकी है और उन्हें यूनिट में प्रशिक्षण दिया जा रहा है। परियोजना का लक्ष्य कुल 1,000 महिलाओं को रोजगार उपलब्ध कराना है।
यह प्लांट पूर्वांचल में अरविंद मिल्स की पहली बड़ी मैन्युफैक्चरिंग इकाई बताई गई है। इसके शुरू होने से स्थानीय स्तर पर रोजगार के अवसर बढ़ने और उत्तर प्रदेश में कपड़ा एवं परिधान निर्माण से जुड़े उद्योगों को प्रोत्साहन मिलने की उम्मीद है।
प्रधानमंत्री ने महिलाओं से किया संवाद
प्लांट के उद्घाटन के बाद प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने कंपनी के अधिकारियों से वहां तैयार किए जा रहे कपड़ों, खादी के वस्त्रों और उनके मटीरियल के बारे में जानकारी ली।
‘अपना हुनर-अपनी पहचान’ के दृष्टिकोण के साथ उन्होंने यूनिट में काम कर रही महिलाओं से बातचीत की। इस दौरान महिलाओं के काम, उनके अनुभव और कार्यस्थल पर आने वाली चुनौतियों के बारे में भी जानकारी ली गई। प्रधानमंत्री ने अरविंद मिल्स के उत्पादों की प्रदर्शनी का अवलोकन भी किया।
स्पोर्ट्सवियर और अंडरगारमेंट्स का होगा निर्माण
वाराणसी स्थित इस प्लांट में स्पोर्ट्सवियर, अंडरगारमेंट्स और अन्य परिधानों का निर्माण किया जाएगा। यहां जॉकी, यूएस पोलो और एरो जैसे ब्रांडों के लिए भी मैन्युफैक्चरिंग की जाएगी।
योजना के अनुसार, प्लांट के पहले चरण के बाद दूसरे चरण यानी फेस-2 का निर्माण किया जाएगा। इससे भविष्य में उत्पादन क्षमता और रोजगार के अवसर बढ़ने की संभावना है।
कपड़ा उद्योग में अरविंद मिल्स की पहचान
अरविंद लिमिटेड की शुरुआत वर्ष 1931 में हुई थी। कंपनी का मुख्यालय अहमदाबाद, गुजरात में है। कंपनी धागे और कपड़े से लेकर तैयार परिधान तथा औद्योगिक इस्तेमाल के विशेष वस्त्रों तक के कारोबार से जुड़ी है।
डेनिम के अलावा कंपनी सूती और लिनेन के कपड़े, सूटिंग-शर्टिंग फैब्रिक और स्पोर्ट्सवियर का निर्माण करती है। यह घरेलू और अंतरराष्ट्रीय परिधान ब्रांडों को भी कपड़ा उपलब्ध कराती है।
राज्यपाल और मुख्यमंत्री ने किया स्वागत
मिर्जामुराद के खोचवां स्थित हेलीपैड पर पहुंचने पर राज्यपाल आनंदीबेन पटेल और मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का पुष्पगुच्छ देकर स्वागत किया। उद्घाटन कार्यक्रम में कंपनी के अधिकारी-कर्मचारी और अन्य अतिथि भी मौजूद रहे।
Digital Desk: Prashant Kumar Singh
DISCLAIMER:
इस वेबसाइट पर दी गई जानकारी केवल सामान्य एवं शैक्षणिक उद्देश्यों के लिए है। हमने जानकारी को सटीक रखने का प्रयास किया है, लेकिन इसकी पूर्णता या विश्वसनीयता की गारंटी नहीं दी जाती। तृतीय-पक्ष वेबसाइटों या स्रोतों की सामग्री पर हमारा नियंत्रण नहीं है। इस जानकारी के आधार पर लिया गया कोई भी निर्णय आपके अपने विवेक और जोखिम पर होगा।