(India)
कोरोना के बाद अब एक और वायरस ने दस्तक दे दी है. इस वायरस का नाम निपाह वायरस है. यह जानवरों से इंसानों में फैलता है. निपाह वायरस से केरल के कोझिकोड में अब तक दो लोगों की मौत हो चुकी है. इसके प्रसार को रोकने के लिए कोझिकोड के साथ-साथ 3 और जिले कन्नूर, वायनाड और मलप्पुरम में अलर्ट जारी किया गया है. साथ ही सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए यहां के 7 ग्राम पंचायतों को कंटेनमेंट जोन बनाया गया है और यहाँ सभी के लिए मास्क पहनना भी अनिवार्य कर दिया गया है. जानकारी के अनुसार कोझिकोड के जिला अधिकारी ने 7 पंचायतों में सभी एजुकेशनल इंस्टीट्यूट, आंगनबाड़ी केंद्र, बैंक और सरकारी संस्थानों को बंद रखने के सख्त आदेश दिए है. सिर्फ दवाइयां और जरूरी चीजों की दुकानें को ही खोलने की इजाजत मिली है. दवाइयां और जरूरी चीजों की दुकानें भी सुबह 7 बजे से शाम 5 बजे तक ही खुली रहेगी. मिली रिपोर्ट्स के अनुसार बताया जा रहा है कि पुणे से नेशनल इंस्टीट्यूट ऑफ वायरोलॉजी (NIV) की टीम निपाह वायरस की जांच करने के लिए केरल आएगी. कोझिकोड मेडिकल कॉलेज में NIV की टीम चमगादड़ों का सर्वे भी करेगी. फैलते वायरस को रोकने के लिए बीती रात मंगलवार को केरल की स्वास्थ्य मंत्री वीना जॉर्ज ने इमरजेंसी मीटिंग बुलाई थी और इस मीटिंग में सभी विधायकों, जन प्रतिनिधियों, जिला कलेक्टर और स्वास्थ्य विभाग के अधिकारियों के साथ निपाह वायरस से निपटने के लिए जरूरी प्रयासों को लेकर चर्चा हुई थी.
Digital Desk: Administrator
DISCLAIMER: इस वेबसाइट पर दी गई जानकारी केवल सामान्य एवं शैक्षणिक उद्देश्यों के लिए है। हमने जानकारी को सटीक रखने का प्रयास किया है, लेकिन इसकी पूर्णता या विश्वसनीयता की गारंटी नहीं दी जाती। तृतीय-पक्ष वेबसाइटों या स्रोतों की सामग्री पर हमारा नियंत्रण नहीं है। इस जानकारी के आधार पर लिया गया कोई भी निर्णय आपके अपने विवेक और जोखिम पर होगा।