(India)
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी आज राजस्थान में करीब 17 हजार करोड़ के प्रोजेक्ट्स का शिलान्यास और शुभारंभ करेंगे। इसमें रेलवे, सड़क, ऊर्जा, पेयजल, पेट्रोलियम सहित अन्य विभागों के प्रोजेक्ट्स शामिल हैं। इनमें जयपुर और आगरा मंडल के लिए सबसे महत्वपूर्ण खातीपुरा स्टेशन पर लंबित कोच केयर कॉम्प्लेक्स और बांदीकुई-आगरा ट्रैक डबलिंग प्रोजेक्ट भी हैं। करीब 10 साल से लंबित बांदीकुई-आगरा (151 किमी) ट्रैक पर डबलिंग प्रोजेक्ट की लागत अब 1380 करोड़ से घटकर 1 हजार करोड़ हो गई है। इसका बड़ा कारण जमीन अधिग्रहण में कमी और अन्य कई तकनीकी कारण बताए जा रहे हैं। हाल ही में सरकार ने अंतरिम बजट में इस प्रोजेक्ट को 150 करोड़ दिए थे। इससे अब डबलिंग का काम शुरू हो जाएगा। आगरा मंडल द्वारा टेंडर प्रक्रिया भी शुरू कर दी गई है। इस ट्रैक पर डबलिंग का सबसे ज्यादा फायदा जयपुर को मिलने वाला है, क्योंकि बॉटल नेक खत्म होने से जयपुर-आगरा के बीच अधिक ट्रेनें दौड़ेंगी। वहीं इस रूट पर यात्रियों का 30 से 45 मिनट तक का समय बचेगा। रेलवे की ओर से साल 2026 में प्रोजेक्ट को पूरा करने का लक्ष्य रखा गया है। खातीपुरा को जयपुर स्टेशन पर ट्रेनों का दबाव कम करने के लिए टर्मिनल स्टेशन बनाया गया है। आज प्रधानमंत्री टर्मिनल स्टेशन का शुभारंभ करेंगे और 205 करोड़ की लागत से बनने वाले कोच केयर कॉम्प्लेक्स का शिलान्यास करेंगे।
Author: Administrator
DISCLAIMER: इस वेबसाइट पर दी गई जानकारी केवल सामान्य एवं शैक्षणिक उद्देश्यों के लिए है। हमने जानकारी को सटीक रखने का प्रयास किया है, लेकिन इसकी पूर्णता या विश्वसनीयता की गारंटी नहीं दी जाती। तृतीय-पक्ष वेबसाइटों या स्रोतों की सामग्री पर हमारा नियंत्रण नहीं है। इस जानकारी के आधार पर लिया गया कोई भी निर्णय आपके अपने विवेक और जोखिम पर होगा।