(India)
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी सोमवार को राजधानी दिल्ली में 'सशक्त नारी-विकसित भारत' कार्यक्रम में भाग लेंगे और इस दौरान 1,000 ‘नमो ड्रोन दीदियों' को ड्रोन सौंपेंगे… और स्वयं सहायता समूहों को रियायती ब्याज दर पर लगभग 8,000 करोड़ रुपए का बैंक ऋण भी वितरित करेंगे। प्रधानमंत्री कार्यालय (पीएमओ) ने रविवार को एक बयान में ये जानकारी दी। उसके मुताबिक प्रधानमंत्री स्वयं सहायता समूहों को लगभग 2,000 करोड़ रुपये का पूंजीकरण सहायता कोष भी वितरित करेंगे। पीएमओ ने कहा, "प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी 11 मार्च को सुबह 10 बजे भारतीय कृषि अनुसंधान संस्थान, पूसा, नई दिल्ली में ‘सशक्त नारी-विकसित भारत' कार्यक्रम में भाग लेंगे और ‘नमो ड्रोन दीदियों' के आयोजित कृषि ड्रोन प्रदर्शन के साक्षी बनेंगे।" देश भर के 11 अलग-अलग स्थानों से ‘नमो ड्रोन दीदी' भी एक साथ ड्रोन प्रदर्शन में भाग लेंगी। वहीं सोमवार को मोदी हरियाणा के गुरुग्राम भी जाएंगे। पीएमओ के एक दूसरे बयान में कहा गया है कि दोपहर 12 बजे के आसपास वे देश भर में फैली लगभग एक लाख करोड़ रुपये की 112 राष्ट्रीय राजमार्ग परियोजनाओं का उद्घाटन और शिलान्यास करेंगे।
Author: JAN TV Editorial Team
DISCLAIMER: इस वेबसाइट पर दी गई जानकारी केवल सामान्य एवं शैक्षणिक उद्देश्यों के लिए है। हमने जानकारी को सटीक रखने का प्रयास किया है, लेकिन इसकी पूर्णता या विश्वसनीयता की गारंटी नहीं दी जाती। तृतीय-पक्ष वेबसाइटों या स्रोतों की सामग्री पर हमारा नियंत्रण नहीं है। इस जानकारी के आधार पर लिया गया कोई भी निर्णय आपके अपने विवेक और जोखिम पर होगा।