कार्यक्रम के दौरान पीएम मोदी ने गुरु तेग बहादुर की वीरता व अध्यात्मिक शिक्षाओं पर आधारित विशेष प्रदर्शनी का अवलोकन किया, जहां उनके जीवन से जुड़े दुर्लभ प्रसंगों और इतिहास को आधुनिक तकनीक के माध्यम से प्रस्तुत किया गया था। इस दौरान हरियाणा के मुख्यमंत्री Naib Singh Saini भी उनके साथ उपस्थित रहे।
प्रधानमंत्री ने आगे महाभारत अनुभव केंद्र का दौरा किया, जहां महाकाव्य के प्रमुख प्रसंगों को इमर्सिव इंस्टॉलेशन, डिजिटल कला और दृश्य-प्रभावों के माध्यम से जीवंत रूप में प्रदर्शित किया गया है। यह अनुभव केंद्र भारतीय संस्कृति, आध्यात्मिकता और इतिहास के गौरव को नई पीढ़ियों तक पहुँचाने का अनूठा प्रयास है। इसके साथ ही उन्होंने भगवान श्रीकृष्ण के पवित्र शंख के सम्मान में नव निर्मित ‘पंचजन्य’ स्मारक का भी उद्घाटन किया।
धर्मनगरी कुरुक्षेत्र में पीएम मोदी का यह दौरा उनके अब तक के छठे आगमन के रूप में दर्ज हुआ। इससे पहले 2014, 2019 व 2024 के चुनावी दौरों के दौरान भी वे यहां कई कार्यक्रमों में शामिल हो चुके हैं। उनके प्रथम कार्यकाल में कुरुक्षेत्र को कृष्णा सर्किट में शामिल कर 500 करोड़ रुपये का बजट भी प्रदान किया गया था। आज उद्घाटन होने वाले 204 करोड़ के महाभारत अनुभव केंद्र और दो करोड़ की लागत से तैयार पंचजन्य स्मारक क्षेत्र के पर्यटन और सांस्कृतिक विकास में नई ऊर्जा देंगे।
हरियाणा के मुख्यमंत्री सीएम सैनी ने कहा कि गुरु तेग बहादुर का बलिदान किसी एक समुदाय या क्षेत्र तक सीमित नहीं था, बल्कि वह वसुधैव कुटुम्बकम् की भावना को साकार करने वाला प्रेरणास्रोत है। उन्होंने कहा कि यह आयोजन पूरी मानवता को एकता, त्याग और आध्यात्मिक शक्ति का संदेश देता है।
कुरुक्षेत्र में आज इतिहास, विरासत और अध्यात्म का ऐसा अनोखा संगम देखने को मिला, जिसने देशभर की निगाहें यहां खींच लीं।
Author: JAN TV Editorial Team
DISCLAIMER: इस वेबसाइट पर दी गई जानकारी केवल सामान्य एवं शैक्षणिक उद्देश्यों के लिए है। हमने जानकारी को सटीक रखने का प्रयास किया है, लेकिन इसकी पूर्णता या विश्वसनीयता की गारंटी नहीं दी जाती। तृतीय-पक्ष वेबसाइटों या स्रोतों की सामग्री पर हमारा नियंत्रण नहीं है। इस जानकारी के आधार पर लिया गया कोई भी निर्णय आपके अपने विवेक और जोखिम पर होगा।