राहुल गांधी ने कहा: विकसित भारत-जी राम जी विधेयक वापस कराने के लिए राष्ट्रव्यापी मोर्चा बनाएगी कांग्रेस
(India)

कांग्रेस नेता राहुल गांधी ने कहा है कि मनरेगा के स्थान पर लाए गए 'विकसित भारत- जी राम जी विधेयक' को वापस लेने के लिए सरकार को विवश करने के मकसद से एक राष्ट्रव्यापी मोर्चा बनाया जाएगा। उन्होंने आरोप लगाया कि यह विधेयक प्रदेश एवं गांवों के खिलाफ है और इसे संसद में बिना उचित जांच-पड़ताल के जबरन पारित कराया गया है।

राहुल गांधी ने कहा, "शुक्रवार रात मोदी सरकार ने एक ही दिन में मनरेगा के बीस वर्षों को ध्वस्त कर दिया। जी राम जी विधेयक, मनरेगा का कोई 'पुनर्गठन' नहीं है। यह अधिकार-आधारित, मांग-आधारित गारंटी को खत्म कर इसे एक सीमित योजना में बदल देता है, जिसे दिल्ली से नियंत्रित किया जाएगा।"

उन्होंने कहा कि मनरेगा ने ग्रामीण मजदूर को मोलभाव की ताकत दी, जिससे शोषण और मजबूरी में पलायन घटा, मजदूरी बढ़ी, काम की परिस्थितियां बेहतर हुईं और साथ ही ग्रामीण ढांचे का निर्माण व पुनर्जीवन हुआ। राहुल गांधी ने आरोप लगाया कि जी राम जी विधेयक उस एकमात्र माध्यम को कमजोर करता है जो ग्रामीण गरीबों के पास था।

राहुल गांधी ने कहा, "हम इस सरकार को ग्रामीण गरीबों की आखिरी रक्षा-पंक्ति को नष्ट नहीं करने देंगे। हम मजदूरों, पंचायतों और राज्यों के साथ खड़े रहेंगे, इस कदम को हराने और इस कानून को वापस लेने के लिए एक राष्ट्रव्यापी मोर्चा बनाएंगे।"

Author: JAN TV Editorial Team

DISCLAIMER: इस वेबसाइट पर दी गई जानकारी केवल सामान्य एवं शैक्षणिक उद्देश्यों के लिए है। हमने जानकारी को सटीक रखने का प्रयास किया है, लेकिन इसकी पूर्णता या विश्वसनीयता की गारंटी नहीं दी जाती। तृतीय-पक्ष वेबसाइटों या स्रोतों की सामग्री पर हमारा नियंत्रण नहीं है। इस जानकारी के आधार पर लिया गया कोई भी निर्णय आपके अपने विवेक और जोखिम पर होगा।