महाराष्ट्र: बीएमसी चुनाव से पहले ठाकरे भाइयों की एकजुटता, उद्धव–राज आज करेंगे गठबंधन का ऐलान
(India) महाराष्ट्र की सियासत में बुधवार को बड़ा मोड़ आने जा रहा है। बृहन्मुंबई नगर निगम (बीएमसी) चुनाव को लेकर शिवसेना (उद्धव ठाकरे गुट) और महाराष्ट्र नवनिर्माण सेना (एमएनएस) के बीच गठबंधन की औपचारिक घोषणा आज की जाएगी। उद्धव ठाकरे और राज ठाकरे मुंबई के वर्ली स्थित होटल ब्लू सी में एक साथ मंच साझा करेंगे, जहां संयुक्त प्रेस कॉन्फ्रेंस के जरिए गठबंधन की रूपरेखा और चुनावी रणनीति सामने रखी जाएगी।
सूत्रों के मुताबिक, दोनों दलों के बीच सीट शेयरिंग को लेकर सहमति लगभग बन चुकी है। शिवसेना (UBT) और एमएनएस अपने-अपने मजबूत इलाकों में उम्मीदवार उतारेंगे। यह गठबंधन ऐसे समय सामने आ रहा है, जब राज्य चुनाव आयोग ने बीएमसी समेत 29 नगर निगमों के चुनाव घोषित किए हैं। बीएमसी चुनाव के लिए मतदान 15 जनवरी और मतगणना 16 जनवरी को होगी।
इस बीच, राजनीतिक बयानबाजी भी तेज है। शिवसेना नेता संजय निरुपम ने दावा किया है कि बीएमसी में अगला मेयर महायुति का होगा और उनकी पार्टी को 90 से 100 सीटें मिलनी चाहिए। वहीं, वंचित बहुजन अघाड़ी (VBA) ने 200 सीटों पर चुनाव लड़ने की तैयारी का ऐलान किया है। पहले दिन एक भी नामांकन दाखिल न होना यह संकेत देता है कि गठबंधन और रणनीति को लेकर अभी भी सियासी गणित साधा जा रहा है।

Author: JAN TV Editorial Team

DISCLAIMER: इस वेबसाइट पर दी गई जानकारी केवल सामान्य एवं शैक्षणिक उद्देश्यों के लिए है। हमने जानकारी को सटीक रखने का प्रयास किया है, लेकिन इसकी पूर्णता या विश्वसनीयता की गारंटी नहीं दी जाती। तृतीय-पक्ष वेबसाइटों या स्रोतों की सामग्री पर हमारा नियंत्रण नहीं है। इस जानकारी के आधार पर लिया गया कोई भी निर्णय आपके अपने विवेक और जोखिम पर होगा।