देव दीपावली 2026: काशी दर्शन के लिए खास टूर पैकेज, ₹15,999 से शुरू होगी कीमत
(UTTARPRADESH, UTTARPRADESH) देव दीपावली-2026 पर वाराणसी के गंगा घाटों की भव्यता और काशी की आध्यात्मिक विरासत का अनुभव करने के लिए उत्तर प्रदेश पर्यटन विभाग ने खास तैयारी की है। उत्तर प्रदेश राज्य पर्यटन विकास निगम (यूपीएसटीडीसी) ने पर्यटकों के लिए चार दिन और तीन रात का ‘देव दीपावली-दिव्य काशी अनुभव’ टूर पैकेज तैयार किया है। इसमें गंगा आरती, दीपों से जगमगाते घाटों का नजारा, विशेष बोट राइड, प्रमुख मंदिरों के दर्शन और सारनाथ भ्रमण का अवसर मिलेगा।

पर्यटन एवं संस्कृति मंत्री जयवीर सिंह के अनुसार, इस पहल का उद्देश्य देश-विदेश से आने वाले पर्यटकों को काशी की प्राचीन संस्कृति, आध्यात्मिक परंपरा और देव दीपावली की भव्यता का समग्र अनुभव देना है।

तीन श्रेणियों में उपलब्ध होगा टूर पैकेज

पर्यटकों की सुविधा और बजट को ध्यान में रखते हुए यूपीएसटीडीसी ने पैकेज को तीन श्रेणियों में बांटा है।

बजट पैकेज: ₹15,999 प्रति व्यक्ति

डीलक्स पैकेज: ₹21,999 प्रति व्यक्ति

प्रीमियम पैकेज: ₹31,999 प्रति व्यक्ति

बजट श्रेणी में स्टैंडर्ड होटल, डीलक्स में 3-स्टार और प्रीमियम श्रेणी में 4/5-स्टार होटल की सुविधा होगी। ये दरें ट्विन शेयरिंग के आधार पर हैं और इन पर जीएसटी अतिरिक्त लगेगा।

गंगा आरती और बोट राइड होगा खास आकर्षण

पैकेज के पहले दिन वाराणसी पहुंचने पर पर्यटकों का एयरपोर्ट या रेलवे स्टेशन पर स्वागत किया जाएगा। होटल में चेक-इन के बाद काशी विश्वनाथ धाम में संध्या दर्शन और गंगा आरती का अनुभव मिलेगा।

दूसरे दिन सुबह गंगा बोट राइड के बाद पर्यटकों को काशी विश्वनाथ मंदिर, विशालाक्षी मंदिर, अन्नपूर्णा मंदिर और काल भैरव मंदिर के दर्शन कराए जाएंगे। इसके साथ ही बौद्ध धर्म की ऐतिहासिक भूमि सारनाथ का भ्रमण और काशी की विरासत से परिचित कराने के लिए हेरिटेज वॉक भी यात्रा का हिस्सा होगा।

देव दीपावली पर जगमगाते घाटों का नजारा

यात्रा के तीसरे दिन पर्यटकों को देव दीपावली के भव्य उत्सव का अनुभव कराया जाएगा। गंगा घाटों पर दीपों की रोशनी, आकर्षक सजावट और सांस्कृतिक प्रस्तुतियां इस यात्रा का मुख्य आकर्षण होंगी।

विशेष ‘देव दीपावली गंगा बोट एक्सपीरियंस’ के दौरान पर्यटक गंगा की लहरों के बीच नौका विहार करते हुए रोशनी से जगमगाते घाटों का नजारा देख सकेंगे।

पैकेज में क्या-क्या मिलेगा?

यूपीएसटीडीसी के अनुसार, पैकेज में तीन रातों का होटल में ठहराव, रोजाना नाश्ता, एसी ट्रांसपोर्टेशन, देव दीपावली स्पेशल बोट राइड, सुबह की गंगा बोट राइड, गंगा आरती, मंदिर दर्शन, सारनाथ भ्रमण और टूर एस्कॉर्ट या प्रतिनिधि की सुविधा शामिल है।

ऐसे करा सकते हैं बुकिंग

देव दीपावली के दौरान काशी घूमने की योजना बना रहे पर्यटक यूपीएसटीडीसी की आधिकारिक वेबसाइट upstdc.co.in पर जानकारी प्राप्त कर सकते हैं। बुकिंग के लिए 8303019844 पर भी संपर्क किया जा सकता है।

काशी को वैश्विक पर्यटन मानचित्र पर पहचान दिलाने की पहल

पर्यटन एवं संस्कृति मंत्री जयवीर सिंह ने कहा कि देव दीपावली काशी की प्राचीन परंपरा और सांस्कृतिक वैभव का दिव्य उत्सव है। विशेष टूर पैकेज के माध्यम से पर्यटकों को दीपों से जगमगाते घाटों के दर्शन के साथ उत्सव की आध्यात्मिक अनुभूति भी मिलेगी।

वहीं, पर्यटन, संस्कृति एवं धर्मार्थ कार्य विभाग के अपर मुख्य सचिव अमृत अभिजात के अनुसार, यह पहल धार्मिक पर्यटन को बढ़ावा देने, स्थानीय आर्थिक गतिविधियों और रोजगार के अवसरों को प्रोत्साहित करने तथा काशी की सांस्कृतिक विरासत को अंतरराष्ट्रीय स्तर पर पहचान दिलाने में मदद करेगी।

Digital Desk: Prashant Kumar Singh

DISCLAIMER: इस वेबसाइट पर दी गई जानकारी केवल सामान्य एवं शैक्षणिक उद्देश्यों के लिए है। हमने जानकारी को सटीक रखने का प्रयास किया है, लेकिन इसकी पूर्णता या विश्वसनीयता की गारंटी नहीं दी जाती। तृतीय-पक्ष वेबसाइटों या स्रोतों की सामग्री पर हमारा नियंत्रण नहीं है। इस जानकारी के आधार पर लिया गया कोई भी निर्णय आपके अपने विवेक और जोखिम पर होगा।