प्रदेश में डेयरी क्षेत्र का विस्तार अब केवल दूध उत्पादन तक सीमित नहीं है। इसे ग्रामीण रोजगार, महिला सशक्तीकरण, युवाओं के स्वरोजगार और देशी गोवंश के संरक्षण से भी जोड़ा जा रहा है। देशी गायों पर आधारित 150 से अधिक उत्पाद अंतरराष्ट्रीय बाजार तक पहुंच रहे हैं। वहीं, चार लाख से अधिक महिलाएं दुग्ध कारोबार से जुड़कर ग्रामीण अर्थव्यवस्था को मजबूती दे रही हैं।
देशी गायों के 150 से अधिक उत्पादों की विदेशों में पहचान
उत्तर प्रदेश में देशी गोवंश के संरक्षण और उससे जुड़े उत्पादों को बाजार उपलब्ध कराने का उदाहरण गाजियाबाद का हेता (HETHA) एथिकल डेयरी मॉडल है। असीम रावत ने देशी गायों के संरक्षण और उनके उत्पादों के निर्माण की पहल की। वह अमेरिका समेत कई देशों की सॉफ्टवेयर कंपनियों में 14 वर्ष तक इंजीनियर के रूप में काम कर चुके हैं। इसके बाद उन्होंने गो संरक्षण को अपने जीवन का उद्देश्य बनाया।
आज करीब 100 लोगों की टीम के साथ यह मॉडल एक हजार से अधिक देशी गायों के संरक्षण और उनसे जुड़े उत्पादों के निर्माण का काम कर रहा है। इसके तहत ए2 दूध, पारंपरिक बिलौना घी, ब्राह्मी घृत, शतधौत घृत, कुकीज, लड्डू, हर्बल चाय, स्किन और हेयर केयर उत्पाद तथा गोमूत्र अर्क समेत 150 से अधिक उत्पाद तैयार किए जा रहे हैं। इनसे करीब 10 करोड़ रुपये का सालाना कारोबार हो रहा है।
हेता के उत्पाद भारत के अलावा अमेरिका, कनाडा, ब्रिटेन, ऑस्ट्रेलिया, न्यूजीलैंड, यूरोप, सिंगापुर, दुबई और मध्य-पूर्व के कई देशों तक पहुंच रहे हैं। इस मॉडल की खासियत यह है कि इसमें वृद्ध गोवंश को भी संरक्षण और देखभाल की व्यवस्था का हिस्सा बनाया गया है। यानी गायों को केवल दूध उत्पादन के नजरिये से नहीं देखा जाता।
चार लाख से अधिक महिलाएं डेयरी कारोबार से जुड़ीं
प्रदेश की दुग्ध क्रांति में ग्रामीण महिलाओं की भागीदारी लगातार बढ़ रही है। उत्तर प्रदेश राज्य ग्रामीण आजीविका मिशन के माध्यम से चार लाख से अधिक महिला दुग्ध उत्पादक डेयरी कारोबार से जुड़ी हैं। प्रदेश के 31 जिलों में महिला नेतृत्व वाले दुग्ध नेटवर्क के जरिए प्रतिदिन 13 लाख लीटर से अधिक दूध का संग्रह किया जा रहा है। इस व्यवस्था से जुड़कर 76 हजार से अधिक महिलाएं लखपति दीदी बन चुकी हैं।
मिशन के निदेशक अरुण कुमार के अनुसार, डिजिटल डेयरी नेटवर्क ने ग्रामीण महिलाओं की आमदनी और कारोबार में उनकी भागीदारी को मजबूत किया है। दूध संग्रह से लेकर गुणवत्ता जांच, बिक्री और भुगतान तक की प्रक्रिया को डिजिटल बनाया गया है। मोबाइल एप और डिजिटल मशीनों से दूध की मात्रा, फैट, कीमत और भुगतान का रिकॉर्ड ऑनलाइन उपलब्ध रहता है। इससे महिलाओं को दूध का सही मूल्य जानने और अपने कारोबार का हिसाब रखने में आसानी होती है।
पांच महिला कंपनियों के जरिए गांवों तक पहुंचा डेयरी नेटवर्क
ग्रामीण महिलाओं को संगठित बाजार उपलब्ध कराने के लिए आजीविका मिशन के तहत पांच महिला नेतृत्व वाली दुग्ध उत्पादक कंपनियां बनाई गई हैं। बुंदेलखंड में बलिनी एमपीसीएल, पूर्वांचल में काशी एमपीसीएल, अवध क्षेत्र में सामर्थ्य एमपीसीएल, गोरखपुर मंडल में श्री बाबा गोरखनाथ कृपा एमपीसीएल और तराई क्षेत्र में सृजन एमपीसीएल के जरिए महिलाएं डेयरी कारोबार को आगे बढ़ा रही हैं।
इन कंपनियों के माध्यम से महिलाएं दूध संग्रह, गुणवत्ता परीक्षण, विपणन और भुगतान जैसी गतिविधियों में सीधे भागीदारी कर रही हैं। इससे उन्हें स्थानीय खरीदारों और बिचौलियों पर निर्भर रहने के बजाय संगठित बाजार मिल रहा है। दूध की मात्रा और फैट की डिजिटल जांच से कीमत में पारदर्शिता आई है। भुगतान सीधे बैंक खातों में पहुंचने से महिलाओं की आर्थिक स्वतंत्रता को भी बढ़ावा मिला है।
मिनी-नंदिनी योजना से युवाओं को स्वरोजगार
प्रदेश में डेयरी कारोबार को व्यावसायिक स्वरूप देने के लिए मिनी-नंदिनी योजना और डेयरी मास्टरप्लान के माध्यम से युवाओं और पशुपालकों को प्रोत्साहित किया जा रहा है। इन योजनाओं के तहत दो से 25 गायों तक की डेयरी इकाइयां स्थापित करने वाले पशुपालकों को अनुदान उपलब्ध कराया जा रहा है। वहीं, देशी गायों के पालन को बढ़ावा देने के लिए संबंधित योजना में 50 प्रतिशत तक सब्सिडी का प्रावधान किया गया है।
इन पहलों से ग्रामीण युवाओं को गांव में ही रोजगार और स्वरोजगार के अवसर मिल रहे हैं। डेयरी इकाइयों की स्थापना से पशुपालन को लाभकारी व्यवसाय बनाने और परिवारों की नियमित आय बढ़ाने की संभावनाएं भी मजबूत हो रही हैं।
दूध उत्पादन से अंतरराष्ट्रीय कारोबार तक पहुंचा यूपी
उत्तर प्रदेश का डेयरी मॉडल अब दूध उत्पादन बढ़ाने के साथ-साथ मूल्य संवर्धन और बाजार विस्तार पर भी केंद्रित है। एक ओर प्रदेश देश में सर्वाधिक दूध उत्पादन कर रहा है, दूसरी ओर महिला नेतृत्व वाली कंपनियों के माध्यम से ग्रामीण स्तर पर दुग्ध कारोबार को संगठित किया जा रहा है। देशी गायों के संरक्षण से तैयार उत्पादों को अंतरराष्ट्रीय बाजार तक पहुंचाने की पहल भी जारी है।
पशुपालन विभाग के अपर मुख्य सचिव मुकेश मेश्राम के अनुसार, दुग्ध उत्पादन में करीब 40 प्रतिशत की वृद्धि योजनाबद्ध विकास और जमीनी स्तर पर किए गए प्रयासों का परिणाम है। सरकार पशुपालन और डेयरी गतिविधियों को बढ़ावा देने के साथ पशुपालकों को आर्थिक रूप से मजबूत बनाने पर ध्यान दे रही है।
इस वेबसाइट पर दी गई जानकारी केवल सामान्य एवं शैक्षणिक उद्देश्यों के लिए है। हमने जानकारी को सटीक रखने का प्रयास किया है, लेकिन इसकी पूर्णता या विश्वसनीयता की गारंटी नहीं दी जाती। तृतीय-पक्ष वेबसाइटों या स्रोतों की सामग्री पर हमारा नियंत्रण नहीं है। इस जानकारी के आधार पर लिया गया कोई भी निर्णय आपके अपने विवेक और जोखिम पर होगा।