मौसम विभाग ने अगले एक सप्ताह तक प्रदेश में मौसम साफ रहने और शीतलहर का असर बने रहने की संभावना जताई है।
माउंटआबू में गाड़ियों और फसलों पर जमी ओस
हिल स्टेशन माउंटआबू में सर्दी लगातार बढ़ रही है। दो दिन तक रात का तापमान 3 डिग्री के आसपास रहने के बाद बुधवार रात इसमें फिर गिरावट दर्ज की गई। गुरुवार सुबह कई इलाकों में गाड़ियों और फसलों पर ओस जमी नजर आई। कोहरे के कारण लोगों को परेशानी का सामना करना पड़ा। आने वाले दिनों में तापमान में और गिरावट होने की आशंका है।
फतेहपुर में लगातार तीसरे दिन पारा 5 डिग्री से नीचे
बुधवार को शेखावाटी, बीकानेर संभाग और पूर्वी राजस्थान के भरतपुर व जयपुर संभाग के इलाकों में सर्द हवाओं का ज्यादा असर रहा। फतेहपुर (सीकर) प्रदेश के सबसे ठंडे स्थानों में रहा, जहां लगातार तीसरे दिन न्यूनतम तापमान 5 डिग्री सेल्सियस से नीचे दर्ज किया गया। यहां पारा 4.7 डिग्री रहा, जबकि नागौर में न्यूनतम तापमान 6.4 डिग्री सेल्सियस दर्ज हुआ।
अगले एक सप्ताह साफ रहेगा मौसम
मौसम विशेषज्ञों के अनुसार, प्रदेश में अगले एक सप्ताह तक मौसम साफ रहने की संभावना है। इस दौरान तापमान में कोई बड़ा बदलाव होने के आसार नहीं हैं। सुबह और शाम तेज सर्दी का असर रहेगा, जबकि दिन में अच्छी धूप निकलने से लोगों को राहत मिलेगी।
जयपुर में इस सीजन की सबसे ठंडी रात
जयपुर में बुधवार शाम हल्की से मध्यम ठंडी हवाएं चलने के बाद रात में सर्दी तेज हो गई। शहर का न्यूनतम तापमान गिरकर 11.8 डिग्री सेल्सियस पर पहुंच गया, जो इस सीजन का अब तक का सबसे कम तापमान रहा। दिन में तेज धूप और हवा कमजोर रहने से राहत मिली। अधिकतम तापमान 27.7 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।
कोटा में पहली बार 11 डिग्री से नीचे आया पारा
कोटा में रात के तापमान में एक डिग्री की गिरावट दर्ज की गई। बुधवार को न्यूनतम तापमान 12 डिग्री से घटकर 10.8 डिग्री सेल्सियस पर आ गया। वहीं, अधिकतम तापमान भी 28.7 डिग्री से घटकर 28 डिग्री सेल्सियस दर्ज हुआ। तापमान में गिरावट से ठंड का असर बढ़ने लगा है।
सीकर में न्यूनतम तापमान 3.6 डिग्री
सीकर में पिछले छह दिनों से ठंड लगातार बढ़ रही है। बुधवार को दिनभर मौसम साफ रहा, लेकिन शाम होते ही सर्दी तेज हो गई। यहां अधिकतम तापमान 29.3 डिग्री और न्यूनतम तापमान 3.6 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। फिलहाल मौसम में किसी बड़े बदलाव की संभावना नहीं है।
अजमेर और अलवर में भी बढ़ी ठंड
अजमेर में बुधवार को मौसम साफ रहा। यहां अधिकतम तापमान 28.9 डिग्री और न्यूनतम तापमान 9.1 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। रात और सुबह हल्की ठंड बनी हुई है। वहीं, अलवर में दिन का अधिकतम तापमान 26 से 27 डिग्री के आसपास रहा, जबकि रात का न्यूनतम तापमान करीब 8 डिग्री दर्ज किया गया। सुबह और शाम के समय तापमान में सबसे ज्यादा गिरावट महसूस की जा रही है।
उदयपुर में रात का पारा 8.6 डिग्री पर पहुंचा
उदयपुर में बुधवार को न्यूनतम तापमान में मंगलवार के मुकाबले 1.1 डिग्री की गिरावट दर्ज की गई। रात का पारा 9.7 डिग्री से गिरकर 8.6 डिग्री सेल्सियस पर पहुंच गया। वहीं, अधिकतम तापमान 28 डिग्री से बढ़कर 28.2 डिग्री सेल्सियस दर्ज हुआ।
जोधपुर में भी बढ़ने लगा सर्दी का असर
जोधपुर में दिन और रात का तापमान लगभग स्थिर बना हुआ है। यहां न्यूनतम तापमान 12.2 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो इस सीजन का अब तक का सबसे कम स्तर है। इससे पहले रात का तापमान 14 डिग्री तक रिकॉर्ड किया गया था। देर तक चली हल्की ठंडी हवाओं के कारण सर्दी का असर बढ़ा है। दिन के तापमान में भी गिरावट दर्ज की जा रही है।
इस वेबसाइट पर दी गई जानकारी केवल सामान्य एवं शैक्षणिक उद्देश्यों के लिए है। हमने जानकारी को सटीक रखने का प्रयास किया है, लेकिन इसकी पूर्णता या विश्वसनीयता की गारंटी नहीं दी जाती। तृतीय-पक्ष वेबसाइटों या स्रोतों की सामग्री पर हमारा नियंत्रण नहीं है। इस जानकारी के आधार पर लिया गया कोई भी निर्णय आपके अपने विवेक और जोखिम पर होगा।