राजस्थान में फिर एक्टिव हुआ मानसून, 12 जिलों में तेज बारिश का अलर्ट; बांधों के गेट खुले
(RAJASTHAN, RAJASTHAN) राजस्थान में मानसून एक बार फिर एक्टिव हो गया है। मौसम विभाग ने आज 12 जिलों में तेज बारिश की चेतावनी जारी की है। बीते 24 घंटे में जयपुर समेत 10 जिलों में हल्की से मध्यम बारिश हुई। कई जगहों पर 2 इंच तक पानी बरसा। सबसे ज्यादा बारिश करौली के सपोटरा में 47 MM दर्ज की गई।

झालावाड़ में कालीसिंध नदी में लगातार पानी की आवक के बाद बांध का एक गेट खोलकर 8 हजार क्यूसेक पानी छोड़ा जा रहा है। वहीं कोटा के नोनेरा बांध से पहले खोले गए 3 गेट की संख्या बढ़ाकर 13 कर दी गई है। बांध से 1.80 लाख क्यूसेक पानी कालीसिंध नदी में छोड़ा जा रहा है।

कोटा बैराज, जवाहर सागर, बीसलपुर, ईसरदा, गालवा और गुढ़ा बांध में भी पानी की आवक हो रही है। इससे इन बांधों का जलस्तर लगातार बढ़ रहा है।

पिछले 24 घंटे में जयपुर, भरतपुर, धौलपुर, सवाई माधोपुर, करौली, कोटा, झालावाड़, बांसवाड़ा, प्रतापगढ़ और सिरोही में हल्की से मध्यम बारिश दर्ज की गई। करौली के सपोटरा में सबसे ज्यादा 47 MM बारिश हुई।

त्रिवेणी नदी का जलस्तर 2.30 मीटर से ज्यादा होने के कारण बीसलपुर बांध का गेज बुधवार को 4 सेंटीमीटर बढ़ गया। नोनेरा बांध की कुल भराव क्षमता 217 मीटर है और 214.50 मीटर के स्तर पर पानी की निकासी की जा रही है। बांध के जेईएन मनोज चौधरी के मुताबिक, पानी की निकासी को देखते हुए कालीसिंध और चंबल नदी के किनारे बसे गांवों को अलर्ट किया गया है।

मौसम विभाग के अनुसार 28 अगस्त से राजस्थान में मानसून के सुस्त पड़ने की संभावना है। इसके बाद अगले तीन-चार दिनों तक बारिश की गतिविधियां काफी कम रहने का अनुमान है।

वहीं पश्चिमी राजस्थान में गर्मी का असर बना हुआ है। बुधवार को गंगानगर में सबसे अधिक 41.4 डिग्री सेल्सियस तापमान दर्ज किया गया। बीकानेर में भी पारा 40 डिग्री के पार रहा। लगातार हो रही बारिश के कारण पूर्वी और दक्षिणी राजस्थान के कई शहरों में गर्मी और उमस से राहत मिली है। यहां अधिकतम तापमान 35 डिग्री सेल्सियस से नीचे दर्ज हुआ।

DISCLAIMER: इस वेबसाइट पर दी गई जानकारी केवल सामान्य एवं शैक्षणिक उद्देश्यों के लिए है। हमने जानकारी को सटीक रखने का प्रयास किया है, लेकिन इसकी पूर्णता या विश्वसनीयता की गारंटी नहीं दी जाती। तृतीय-पक्ष वेबसाइटों या स्रोतों की सामग्री पर हमारा नियंत्रण नहीं है। इस जानकारी के आधार पर लिया गया कोई भी निर्णय आपके अपने विवेक और जोखिम पर होगा।