संविधान गौरव दिवस पर बोले CM योगी, आम नागरिक में निहित है भारत की संप्रभुता
(Lucknow, Lucknow) मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा कि भारत की संप्रभुता किसी व्यक्ति, परिवार या जाति विशेष में नहीं, बल्कि देश के आम नागरिक में निहित है। संविधान ने प्रत्येक भारतीय को यह अधिकार और दायित्व दिया है कि वह देश का वास्तविक संरक्षक है। कोई व्यक्ति या परिवार यह दावा नहीं कर सकता कि उसके कारण भारत अस्तित्व में है या वही देश का संरक्षक है। हर नागरिक संविधान की गरिमा और लोकतंत्र की रक्षा के लिए जिम्मेदार है। मुख्यमंत्री गुरुवार को लखनऊ के लोकभवन में आयोजित संविधान गौरव दिवस समारोह को संबोधित कर रहे थे।

इस अवसर पर मुख्यमंत्री ने बाबा साहेब डॉ. भीमराव आंबेडकर और सामाजिक न्याय के अन्य महापुरुषों की प्रतिमाओं से जुड़े 3,955 स्थलों पर सौंदर्यीकरण और विकास कार्यों का शुभारंभ किया। उन्होंने कहा कि संविधान देश के 145 करोड़ नागरिकों का गौरव और मार्गदर्शक है। यह अधिकारों के साथ कर्तव्यों का भी बोध कराता है। इसकी गरिमा बनाए रखना हर भारतवासी का दायित्व है।

मुख्यमंत्री ने कहा कि संविधान को लेकर भ्रम फैलाने और लोकतंत्र को कमजोर करने की कोशिश करने वालों से सतर्क रहने की जरूरत है। उन्होंने विपक्ष पर निशाना साधते हुए आरोप लगाया कि कुछ लोग लाल पुस्तिका लेकर जनता को गुमराह करने का प्रयास कर रहे हैं। सीएम ने कहा कि संविधान निर्माताओं ने भारत के राजनीतिक भविष्य का निर्णय देशवासियों के हाथों में सौंपा था। भारत का संविधान दुनिया के उन विशिष्ट संविधानों में शामिल है, जिसने शुरुआत से ही जाति, क्षेत्र, भाषा और लिंग के भेदभाव के बिना प्रत्येक वयस्क नागरिक को मतदान का अधिकार दिया।

उन्होंने आरोप लगाया कि आजादी के बाद पहला संविधान संशोधन प्रेस की आजादी को प्रभावित करने के लिए किया गया था और समय-समय पर स्वार्थ के लिए संविधान में संशोधन किए गए। मुख्यमंत्री ने कहा कि संविधान और लोकतंत्र को कमजोर करने की साजिशों से देश को बचाना सभी नागरिकों की जिम्मेदारी है।

मुख्यमंत्री ने कांग्रेस पर बाबा साहेब डॉ. भीमराव आंबेडकर की उपेक्षा करने का आरोप लगाया। उन्होंने कहा कि कांग्रेस ने उन्हें भारत रत्न नहीं लेने दिया और संसद तक पहुंचने से रोकने के प्रयास किए। मुख्यमंत्री ने समाजवादी पार्टी की पिछली सरकार पर भी महापुरुषों का अपमान करने का आरोप लगाया। उन्होंने कहा कि सपा सरकार ने कन्नौज मेडिकल कॉलेज से बाबा साहेब आंबेडकर का नाम हटा दिया था। असीम अरुण के पत्र लिखने के बाद प्रदेश सरकार ने दोबारा मेडिकल कॉलेज का नाम बाबा साहेब के नाम पर किया। इसी तरह उरई मेडिकल कॉलेज का नाम लोकमाता अहिल्याबाई होलकर के नाम पर रखा गया।

सीएम ने महाराज सुहेलदेव का उल्लेख करते हुए कहा कि उन्होंने एक हजार वर्ष पहले विदेशी आक्रांताओं को जवाब देकर भारत की रक्षा की थी, लेकिन उनके नाम पर कोई स्मारक नहीं बनाया गया था। भाजपा सरकार बनने के बाद बहराइच में उनका भव्य स्मारक बनवाया गया। बहराइच और आजमगढ़ के मेडिकल कॉलेज का नाम भी महाराज सुहेलदेव के नाम पर रखा गया। वहीं, राजा महेंद्र प्रताप सिंह के नाम पर अलीगढ़ में राज्य विश्वविद्यालय का निर्माण कराया गया।

मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने 2014 में पदभार संभालने के बाद सबसे पहले संसद और संविधान की पवित्र पुस्तक को प्रणाम किया था। नए संसद भवन में भी संविधान की मूल प्रति को विशेष स्थान दिया गया है। उन्होंने बताया कि संविधान की मूल प्रति में भगवान श्रीराम, माता सीता, लक्ष्मण और हनुमान जी के अयोध्या आगमन, भगवान श्रीकृष्ण के गीता उपदेश, महात्मा बुद्ध और सम्राट अशोक के चित्र शामिल हैं। यह भारतीय संस्कृति और विरासत के प्रति सम्मान को दर्शाता है।

सीएम ने कहा कि संविधान सभा में उत्तर प्रदेश के 55 सदस्य थे, जबकि सभा की 15 महिला सदस्यों में से छह उत्तर प्रदेश से थीं। सुचेता कृपलानी, पंडित गोविंद बल्लभ पंत, पुरुषोत्तम दास टंडन और आचार्य नरेंद्र देव जैसे नेताओं ने संविधान निर्माण में महत्वपूर्ण योगदान दिया।

उन्होंने काशी विश्वनाथ धाम में लोकमाता अहिल्याबाई होलकर की प्रतिमा की स्थापना, अयोध्या अंतरराष्ट्रीय एयरपोर्ट का नाम महर्षि वाल्मीकि के नाम पर रखने और संत रविदास की जन्मभूमि सीर गोवर्धन में सुविधाओं तथा कनेक्टिविटी के विकास को विरासत और विकास के समन्वय का उदाहरण बताया।

मुख्यमंत्री ने कहा कि कानून का राज और विधि का शासन ही विकास की गारंटी है। उन्होंने पिछली सरकारों पर निशाना साधते हुए आरोप लगाया कि उस दौर में विद्यालयों की स्थिति खराब थी, रोजगार के अवसर सीमित थे, नौकरियों में वसूली और पेपर लीक की घटनाएं होती थीं। गरीबों को सरकारी योजनाओं का लाभ नहीं मिलता था, किसानों को परेशानियों का सामना करना पड़ता था और महिलाओं की सुरक्षा भी प्रभावित थी।

सीएम ने कहा कि 2017 से पहले सार्वजनिक वितरण प्रणाली में गरीबों को राशन नहीं मिलता था और खाद्यान्न घोटाले होते थे। सुरक्षा, बिजली और बुनियादी सुविधाओं की कमी के कारण प्रदेश से पलायन होता था। उन्होंने कहा कि वर्तमान सरकार संविधान के आदर्शों के अनुरूप शासन व्यवस्था का लाभ अंतिम पायदान पर खड़े व्यक्ति तक पहुंचाने का प्रयास कर रही है।

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने माउस का बटन दबाकर डॉ. भीमराव आंबेडकर मूर्ति विकास योजना के तहत प्रदेश के 3,955 स्थलों पर प्रतिमाओं के सौंदर्यीकरण और साफ-सफाई के कार्यों का शुभारंभ किया। उन्होंने बताया कि प्रदेश में ऐसे कुल 4,030 स्थल चिह्नित किए गए हैं। इनमें से 3,955 स्थलों पर काम शुरू किया जा रहा है और निर्धारित समयसीमा में इन्हें पूरा किया जाएगा।

योजना के तहत बाबा साहेब आंबेडकर, संत रविदास, संत कबीरदास और महर्षि वाल्मीकि समेत सामाजिक न्याय के महापुरुषों की प्रतिमाओं, पार्कों और उनसे जुड़े स्थलों का विकास, स्वच्छता और सौंदर्यीकरण किया जाएगा। मुख्यमंत्री ने कहा कि महापुरुषों और अपनी विरासत का सम्मान किए बिना किसी समाज या राष्ट्र का वर्तमान गौरवशाली और भविष्य उज्ज्वल नहीं हो सकता।

**विद्यार्थियों को किया सम्मानित, संविधान की प्रस्तावना का सामूहिक पाठ**

समारोह में मुख्यमंत्री ने संविधान के मूल्यों और आदर्शों पर आयोजित जिला स्तरीय वाद-विवाद और निबंध प्रतियोगिताओं के विजेता विद्यार्थियों को स्मृति चिह्न और प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया।

वाद-विवाद प्रतियोगिता में नवयुग कन्या इंटर कॉलेज की शगुन श्रीवास्तव ने पहला, राजकीय बालिका इंटर कॉलेज बीकेटी की फाइजा ने दूसरा और तालीमगाह मिस्बाह इंटर कॉलेज की तुबा हनीस ने तीसरा स्थान हासिल किया। निबंध प्रतियोगिता में बाल निकुंज इंटर कॉलेज की दिव्या प्रथम, इसी कॉलेज के हर्षवर्धन सिंह द्वितीय और राजकीय हाईस्कूल खंतारी, बीकेटी के राज तृतीय स्थान पर रहे।

कार्यक्रम के दौरान मुख्यमंत्री और मंच पर मौजूद अतिथियों समेत सभी लोगों ने संविधान की प्रस्तावना का सामूहिक पाठ किया। इस दौरान सामाजिक, आर्थिक और राजनीतिक न्याय, विचार एवं अभिव्यक्ति की स्वतंत्रता, समानता, व्यक्ति की गरिमा और राष्ट्र की एकता-अखंडता बनाए रखने का संकल्प दोहराया गया।

समारोह में उप मुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य और बृजेश पाठक, वित्त एवं संसदीय कार्य मंत्री सुरेश कुमार खन्ना, समाज कल्याण मंत्री असीम अरुण, विधान परिषद सदस्य डॉ. महेंद्र सिंह, अनुसूचित जाति एवं जनजाति आयोग के अध्यक्ष बैजनाथ रावत, मुख्य सचिव एसपी गोयल और पुलिस महानिदेशक राजीव कृष्ण समेत कई गणमान्य लोग उपस्थित रहे।

DISCLAIMER:

इस वेबसाइट पर दी गई जानकारी केवल सामान्य एवं शैक्षणिक उद्देश्यों के लिए है। हमने जानकारी को सटीक रखने का प्रयास किया है, लेकिन इसकी पूर्णता या विश्वसनीयता की गारंटी नहीं दी जाती। तृतीय-पक्ष वेबसाइटों या स्रोतों की सामग्री पर हमारा नियंत्रण नहीं है। इस जानकारी के आधार पर लिया गया कोई भी निर्णय आपके अपने विवेक और जोखिम पर होगा।