कोटा हादसे में उजड़ गए तीन परिवार, किसी के मां-बाप तो किसी के पूरे परिवार की मौत
(Digod, Kota) राजस्थान के कोटा में नेशनल हाईवे-52 पर शनिवार देर रात हुए भीषण सड़क हादसे ने महाराष्ट्र के एक परिवार की खुशियां छीन लीं। हादसे में 9 लोगों की मौत हो गई, जबकि कई लोग घायल हैं। महाराष्ट्र के धुले से तीन भाइयों के परिवार और रिश्तेदारों समेत कुल 36 लोग तीन क्रूजर गाड़ियों में धार्मिक यात्रा पर निकले थे। पांच दिन तक मंदिरों के दर्शन करने के बाद सभी घर लौट रहे थे, लेकिन रास्ते में हुए हादसे ने परिवार की तीन पीढ़ियों को गहरे सदमे में डाल दिया।

हादसे के बाद किसी परिवार में सिर्फ एक बच्चा बचा है, तो किसी में पिता और तीन साल का मासूम ही रह गए हैं। कई लोग अस्पताल में भर्ती हैं और उन्हें अभी तक अपने परिजनों की मौत की जानकारी नहीं दी गई है।

जयपुर में खाना खाने के बाद अलग हुईं गाड़ियां

महाराष्ट्र के धुले से पंवार परिवार के सदस्य 17 नवंबर की रात करीब 11 बजे तीन क्रूजर गाड़ियों में तीर्थयात्रा के लिए रवाना हुए थे। इस दौरान उन्होंने उज्जैन में महाकालेश्वर, ओंकारेश्वर और राजस्थान में पुष्कर, सालासर बालाजी, सांवलिया सेठ तथा खाटूश्यामजी के दर्शन किए।

शनिवार शाम करीब 4:30 बजे सभी घर लौट रहे थे। रात करीब 8 बजे जयपुर के आगे एक ढाबे पर तीनों गाड़ियों में सवार लोगों ने साथ बैठकर खाना खाया। इसके बाद एक क्रूजर बाकी दोनों गाड़ियों से करीब आधा घंटा पहले आगे निकल गई।

45 किलोमीटर आगे हुआ दर्दनाक हादसा

रात करीब 12:30 से 12:45 बजे के बीच कोटा के नांता इलाके के शंभूपुरा में हाईवे पर खड़े खराब ट्रक से क्रूजर पीछे से टकरा गई। हादसे के समय क्रूजर में ड्राइवर सहित कुल 16 लोग सवार थे।

परिवार के सदस्य प्रदीप के मुताबिक, हादसे के दौरान पीछे आ रही गाड़ी में उनके फोन पर भांजी का कॉल आया। उसने मोबाइल पर लाइव लोकेशन भेजते हुए घबराई आवाज में कहा कि उनका एक्सीडेंट हो गया है और वे तुरंत पहुंचें। इसके बाद परिवार के लोगों को हादसे की जानकारी मिली।

9 साल के जगदीश ने खोए माता-पिता और बहन

हादसे में कैलाश पंवार (32), उनकी पत्नी अनीता (28) और 13 साल की बेटी जाह्नवी की मौत हो गई। इस परिवार में अब सिर्फ 9 साल का बेटा जगदीश बचा है। उसे मामूली चोट आई है।

हादसे के बाद जब जगदीश को अस्पताल के इमरजेंसी वार्ड में लाया गया, तब उसे माता-पिता और बहन की मौत की जानकारी नहीं थी। वह रिश्तेदारों से उनके बारे में पूछता रहा। परिजन उसे यही बताते रहे कि उन्हें चोट लगी है और इलाज चल रहा है। इलाज के बाद जगदीश को धुले रवाना कर दिया गया।

सज्जन पंवार के परिवार में पिता-पुत्र ही बचे

हादसे में सज्जन पंवार (70), उनकी पत्नी ऊषा (60), बहू माधवी (28) और पोती सान्वी (6) की मौत हो गई। परिवार के छह सदस्य धार्मिक यात्रा पर निकले थे। अब इस परिवार में बेटा गणेश (32) और तीन साल का पोता श्रीजीत ही बचे हैं।

बाबूलाल और सुशीला की भी मौत, बेटा-बहू और पोती घायल

सज्जन के भाई बाबूलाल पंवार (65) और उनकी पत्नी सुशीला (60) की भी हादसे में मौत हो गई। उनके बेटे शरद, बहू मनीषा और पोती मयूरी घायल हैं और अस्पताल में भर्ती हैं। शरद होश में हैं, लेकिन परिजनों ने उन्हें अभी तक माता-पिता की मौत के बारे में नहीं बताया है। मयूरी और सुनीता को ज्यादा चोटें आने की जानकारी दी गई है।

अंधेरे में खड़ा खराब ट्रक बना हादसे की वजह

पुलिस की शुरुआती जांच के अनुसार, शंभूपुरा के पास सड़क पर खराब हालत में खड़ा ट्रक अंधेरे में क्रूजर चालक को दिखाई नहीं दिया। ट्रक की बैकलाइट नहीं जल रही थी और पीछे रिफ्लेक्टर या कोई संकेतक भी नहीं लगाया गया था। जांच में इसे हादसे की एक बड़ी वजह माना जा रहा है।

हादसे में ट्रक चालक हारून भी घायल हुआ है और अस्पताल में उसका इलाज चल रहा है। हालांकि, हारून का दावा है कि ट्रक खराब होने के बाद वह उसके पीछे खड़ा होकर जांच कर रहा था और पीछे से आने वाले वाहनों को टॉर्च दिखाकर संकेत दे रहा था।

इस हादसे ने एक ही परिवार के कई घरों को उजाड़ दिया। धार्मिक यात्रा पर निकले लोग जिस उम्मीद और खुशी के साथ घर लौट रहे थे, वह सफर कई परिवारों के लिए कभी न भूलने वाला दुख बन गया।
DISCLAIMER:

इस वेबसाइट पर दी गई जानकारी केवल सामान्य एवं शैक्षणिक उद्देश्यों के लिए है। हमने जानकारी को सटीक रखने का प्रयास किया है, लेकिन इसकी पूर्णता या विश्वसनीयता की गारंटी नहीं दी जाती। तृतीय-पक्ष वेबसाइटों या स्रोतों की सामग्री पर हमारा नियंत्रण नहीं है। इस जानकारी के आधार पर लिया गया कोई भी निर्णय आपके अपने विवेक और जोखिम पर होगा।