सीएम योगी की पाती के 50 सप्ताह पूरे, जनता से संवाद की यात्रा को बताया खास
(Lucknow, Lucknow) उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की प्रदेशवासियों के नाम लिखी जाने वाली 'योगी की पाती' ने संवाद के 50 सप्ताह पूरे कर लिए हैं। इस अवसर पर मुख्यमंत्री ने अपने संदेश में इस पहल को प्रदेश की 25 करोड़ जनता के साथ आत्मीय जुड़ाव और संवाद का माध्यम बताया। उन्होंने कहा कि पिछले एक वर्ष में लिखे गए पत्र केवल विचारों की अभिव्यक्ति नहीं, बल्कि प्रदेश की जनभावनाओं को समझने और उन्हें स्वर देने का जरिया बने हैं।

मुख्यमंत्री ने कहा कि उन्हें यह जानकर विशेष प्रसन्नता होती है कि 'योगी की पाती' के माध्यम से शुरू हुआ संवाद प्रदेश की सीमाओं को पार कर देश के विभिन्न हिस्सों तक पहुंचा है। उन्होंने प्रदेशवासियों से इस संवाद श्रृंखला को और मजबूत बनाने की अपील भी की।

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने अपने संदेश में बताया कि 'योगी की पाती' लिखने की प्रेरणा उन्हें वनटांगिया गांव के दौरे के दौरान मिली। उन्होंने कहा कि पहली बार वनटांगिया गांव जाने पर कोल, गोंड, मुसहर, थारू और बुक्सा जैसे वंचित समुदायों की कठिन परिस्थितियों और बुनियादी सुविधाओं से लंबे समय तक वंचित रहने की स्थिति देखकर वे व्यथित हुए थे।

इस अनुभव ने उन्हें यह सोचने के लिए प्रेरित किया कि शासन की जिम्मेदारी केवल योजनाएं बनाना और उपलब्धियां गिनाना नहीं है, बल्कि समाज के अंतिम व्यक्ति तक पहुंचना भी है। उन्होंने कहा कि शासन और जनता के बीच निरंतर संवाद तथा संवेदनशील जुड़ाव होना जरूरी है।

सीएम योगी ने कहा कि उनकी भावना रही है कि मुख्यमंत्री और प्रदेश की जनता के बीच संबंध केवल औपचारिक सूचनाओं तक सीमित न रहें। उत्तर प्रदेश केवल एक प्रशासनिक इकाई नहीं, बल्कि एक परिवार है। परिवार में आदेश नहीं, बल्कि अपनत्व के साथ संवाद होता है।

उन्होंने बताया कि पाती के माध्यम से ऐसे विषयों पर चर्चा करने का प्रयास किया गया है, जो लोगों के जीवन, आकांक्षाओं और नए उत्तर प्रदेश के भविष्य से जुड़े हैं। इसका उद्देश्य सुख-दुःख की साझेदारी, परस्पर विश्वास और जनभागीदारी को मजबूत करना है।

मुख्यमंत्री ने प्रदेशवासियों के स्नेह और विश्वास को अपनी सबसे बड़ी पूंजी बताया। उन्होंने कहा कि पाती केवल उनके विचारों की अभिव्यक्ति बनकर न रहे, बल्कि इसमें जनता के मन की बात, अपेक्षाओं और सुझावों को भी समान स्थान मिले।

उन्होंने कहा कि जनता की आवाज ही पाती की वास्तविक शक्ति है और लोगों की सहभागिता इस संवाद को अधिक सार्थक बनाएगी।

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने प्रदेशवासियों से आत्मीय संवाद की इस श्रृंखला को और मजबूत करने की अपील की। उन्होंने कहा कि विचारों की साझेदारी सरकार और समाज के बीच विश्वास का ऐसा सेतु बने, जो दोनों को एक-दूसरे के निकट लाए।

उन्होंने सभी से मिलकर ऐसे उत्तर प्रदेश के निर्माण का संकल्प लेने का आह्वान किया, जो समृद्धि में अग्रणी और संस्कारों में श्रेष्ठ हो।
DISCLAIMER:

इस वेबसाइट पर दी गई जानकारी केवल सामान्य एवं शैक्षणिक उद्देश्यों के लिए है। हमने जानकारी को सटीक रखने का प्रयास किया है, लेकिन इसकी पूर्णता या विश्वसनीयता की गारंटी नहीं दी जाती। तृतीय-पक्ष वेबसाइटों या स्रोतों की सामग्री पर हमारा नियंत्रण नहीं है। इस जानकारी के आधार पर लिया गया कोई भी निर्णय आपके अपने विवेक और जोखिम पर होगा।