यूपी में निपुण विद्यालय आकलन, डीएलएड प्रशिक्षु करेंगे बच्चों का मूल्यांकन
(Lucknow, Lucknow) उत्तर प्रदेश के परिषदीय विद्यालयों में बुनियादी शिक्षा की गुणवत्ता मजबूत करने और विद्यार्थियों की वास्तविक शैक्षिक दक्षता का आकलन करने के लिए योगी सरकार ने नई पहल की है। निपुण भारत मिशन के तहत प्रदेश के प्राथमिक और कंपोजिट विद्यालयों में कक्षा-1 और कक्षा-2 के विद्यार्थियों का निपुण विद्यालय आकलन कराया जाएगा। इसके लिए डीएलएड प्रशिक्षुओं को जिम्मेदारी सौंपी गई है।

अपर मुख्य सचिव, बेसिक एवं माध्यमिक शिक्षा विभाग पार्थ सारथी सेन शर्मा ने इस संबंध में विस्तृत दिशा-निर्देश जारी किए हैं। निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार आकलन दो चरणों में होगा। पहला चरण 21 से 30 दिसंबर और दूसरा चरण 20 से 30 जनवरी 2027 तक आयोजित किया जाएगा। आकलन के बाद रिपोर्ट कार्ड एनआईसी पोर्टल पर अपलोड कर अभिभावकों को उपलब्ध कराए जाएंगे। निपुण घोषित होने वाले विद्यालयों के शिक्षकों को प्रोत्साहित करने के लिए सम्मान समारोह भी आयोजित किया जाएगा।

प्रदेश के सभी परिषदीय प्राथमिक और कंपोजिट विद्यालयों में प्रत्येक डीएलएड प्रशिक्षु को एक विद्यालय आवंटित किया जाएगा। वहां कक्षा-1 के 12 और कक्षा-2 के 12 विद्यार्थियों समेत कुल 24 बच्चों का मूल्यांकन होगा। यदि किसी कक्षा में 12 से कम विद्यार्थी नामांकित हैं तो सभी का आकलन किया जाएगा।

निपुण प्लस ऐप पर विद्यार्थियों के नाम रैंडम तरीके से प्रदर्शित होंगे। संबंधित प्रधानाध्यापक और शिक्षकों को निर्धारित तिथि पर बच्चों की उपस्थिति सुनिश्चित करनी होगी।

पूरी प्रक्रिया में निपुण प्लस ऐप का इस्तेमाल किया जाएगा। ऐप में जियो-फेंसिंग, विद्यार्थियों के नाम का रैंडम चयन और फोटो लेने की सुविधा होगी। लेखन कार्य का मूल्यांकन इमेज पहचान और ओसीआर सत्यापन तकनीक से किया जाएगा। प्रशिक्षु स्मार्टफोन या टैबलेट के माध्यम से बच्चों का आकलन करेंगे।

मूल्यांकन के दौरान विद्यार्थियों को स्वयं उत्तर देने के लिए प्रोत्साहित किया जाएगा और उन्हें किसी प्रकार की सहायता नहीं दी जाएगी। आकलन विद्यालय समय में होगा। रविवार और सार्वजनिक अवकाश के दिन मूल्यांकन नहीं किया जाएगा। एक कार्यदिवस में अधिकतम दो विद्यालयों का ही आकलन किया जा सकेगा। शिक्षकों को प्रक्रिया प्रभावित नहीं करने के निर्देश दिए गए हैं।

हिंदी और गणित दोनों विषयों में निर्धारित प्रश्नों के कम से कम 75 प्रतिशत सही उत्तर देने वाले विद्यार्थी को निपुण विद्यार्थी माना जाएगा। किसी विद्यालय की कक्षा-1 और कक्षा-2 में अलग-अलग 80 प्रतिशत या उससे अधिक विद्यार्थी निपुण पाए जाते हैं तो उस विद्यालय को निपुण घोषित किया जाएगा।

इसी तरह किसी विकासखंड के 80 प्रतिशत विद्यालय निपुण विद्यालय का लक्ष्य हासिल कर लेते हैं तो उस विकासखंड को निपुण विकासखंड घोषित किया जाएगा।

अकादमिक रिसोर्स पर्सन (एआरपी) अपने विकासखंड के चयनित मॉडल विद्यालयों में कक्षा-1 से 5 तक के विद्यार्थियों का भी निपुण प्लस ऐप के माध्यम से सैंपल आकलन करेंगे। इसमें भाषा और गणित के बहुविकल्पीय और वर्णनात्मक प्रश्न शामिल होंगे। विद्यार्थियों के उत्तरों का निर्धारित मानकों के अनुसार मूल्यांकन कर विवरण ऐप पर दर्ज किया जाएगा।

आकलन से पहले डीएलएड प्रशिक्षुओं को प्रशिक्षण दिया जाएगा। 30 नवंबर तक पूर्व प्रशिक्षण और व्यावहारिक अभ्यास पूरा कराने का लक्ष्य रखा गया है। इसके लिए ऑनलाइन प्रशिक्षण, यूजर मैनुअल और प्रशिक्षण वीडियो उपलब्ध कराए जाएंगे।

पूरी प्रक्रिया की निगरानी के लिए राज्य परियोजना कार्यालय, जिला परियोजना कार्यालय और डायट स्तर पर कंट्रोल रूम स्थापित किए जाएंगे। समस्याओं और शिकायतों के लिए विद्या समीक्षा केंद्र से टेलीफोनिक संपर्क किया जा सकेगा।

आकलन पूरा होने के बाद राज्य परियोजना कार्यालय स्तर पर डेटा का विश्लेषण कराया जाएगा। वहीं, एससीईआरटी के निर्देशन में पांच प्रतिशत परिणामों का रैंडम आधार पर सत्यापन किया जाएगा।
DISCLAIMER:

इस वेबसाइट पर दी गई जानकारी केवल सामान्य एवं शैक्षणिक उद्देश्यों के लिए है। हमने जानकारी को सटीक रखने का प्रयास किया है, लेकिन इसकी पूर्णता या विश्वसनीयता की गारंटी नहीं दी जाती। तृतीय-पक्ष वेबसाइटों या स्रोतों की सामग्री पर हमारा नियंत्रण नहीं है। इस जानकारी के आधार पर लिया गया कोई भी निर्णय आपके अपने विवेक और जोखिम पर होगा।