अंडर-19 एशिया कप फाइनल में भारत-पाकिस्तान की भिड़ंत
(India) भारतीय अंडर-19 क्रिकेट टीम एशिया कप-2026 के फाइनल में पहुंच गई है। गुरुवार को ओमान के मस्कट में खेले गए सेमीफाइनल मुकाबले में भारत ने अफगानिस्तान को 8 विकेट से हराया। अब 14 नवंबर को खिताबी मुकाबले में भारत का सामना पाकिस्तान से होगा। पाकिस्तान ने दूसरे सेमीफाइनल में बांग्लादेश को 9 विकेट से मात देकर फाइनल में जगह बनाई।

दोनों टीमें पिछले संस्करण के फाइनल में भी आमने-सामने थीं, जहां पाकिस्तान ने भारत को 191 रन से हराया था। भारतीय टीम इस बार खिताब जीतकर पिछली हार का हिसाब बराबर करने उतरेगी।

अफगानिस्तान ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 50 ओवर में 8 विकेट खोकर 227 रन बनाए। भारत को जीत के लिए 228 रन का लक्ष्य मिला, जिसे टीम ने 36.5 ओवर में 2 विकेट खोकर हासिल कर लिया।

भारत की ओर से कप्तान लक्ष्य रायचंदानी ने 93 रन की शानदार पारी खेली। वीरेंद्र सहवाग के बेटे आर्यवीर सहवाग ने 57 गेंदों पर 51 रन बनाए। वहीं वीके विनीत 57 रन बनाकर नाबाद रहे। उन्होंने छक्का लगाकर भारतीय टीम को जीत दिलाई।

अफगानिस्तान की ओर से नुमान सालारजई और शाह फैसल रहीमी ने 51-51 रन की पारियां खेलीं। दोनों बल्लेबाजों के अर्धशतकों की मदद से टीम ने 227 रन का स्कोर खड़ा किया।

भारत की ओर से ईशान सूद सबसे सफल गेंदबाज रहे। उन्होंने 9 ओवर में 43 रन देकर 3 विकेट हासिल किए। आर्यन सावसानी ने 29 रन देकर 2 विकेट लिए।

भारतीय टीम पिछले दो एशिया कप फाइनल हार चुकी है। वर्ष 2024 में उसे बांग्लादेश के खिलाफ हार का सामना करना पड़ा था, जबकि 2025 के फाइनल में पाकिस्तान ने भारत को 191 रन के बड़े अंतर से हराया था।

हालांकि, टूर्नामेंट के इतिहास में भारत सबसे सफल टीम रही है और अब तक आठ बार खिताब जीत चुकी है। 14 नवंबर को पाकिस्तान के खिलाफ फाइनल में भारतीय टीम की नजर नौवीं बार ट्रॉफी अपने नाम करने पर होगी।
DISCLAIMER:

इस वेबसाइट पर दी गई जानकारी केवल सामान्य एवं शैक्षणिक उद्देश्यों के लिए है। हमने जानकारी को सटीक रखने का प्रयास किया है, लेकिन इसकी पूर्णता या विश्वसनीयता की गारंटी नहीं दी जाती। तृतीय-पक्ष वेबसाइटों या स्रोतों की सामग्री पर हमारा नियंत्रण नहीं है। इस जानकारी के आधार पर लिया गया कोई भी निर्णय आपके अपने विवेक और जोखिम पर होगा।