गोरखपुर में वर्ल्डफिश सेंटर खोलेगा यूपी फिशरीज प्रोजेक्ट ऑफिस
(Lucknow, Lucknow) उत्तर प्रदेश में मत्स्य क्षेत्र के विकास को नई गति देने के लिए मलेशिया का वर्ल्डफिश सेंटर गोरखपुर में उत्तर प्रदेश फिशरीज प्रोजेक्ट ऑफिस खोलेगा। इस संबंध में शुक्रवार, 13 नवंबर को उत्तर प्रदेश के मत्स्य विभाग और वर्ल्डफिश सेंटर के बीच समझौता ज्ञापन (एमओयू) पर हस्ताक्षर हुए। एमओयू का आदान-प्रदान महानिदेशक मत्स्य धनलक्ष्मी के. और वर्ल्डफिश सेंटर, मलेशिया के महानिदेशक डॉ. ईसाम यासीन मोहम्मद ने किया।

इस पहल के तहत पूर्वांचल के मत्स्य पालकों, हैचरी संचालकों, युवाओं, शोधकर्ताओं और विभागीय कर्मचारियों को व्यावहारिक एवं तकनीकी प्रशिक्षण दिया जाएगा। इससे प्रदेश में मत्स्य उत्पादन, अनुसंधान और तकनीकी क्षमता को मजबूत करने में मदद मिलेगी।

महानिदेशक मत्स्य धनलक्ष्मी के. ने बताया कि एमओयू का मुख्य उद्देश्य प्रदेश में मत्स्य उत्पादन और उत्पादकता बढ़ाना, गुणवत्तायुक्त मत्स्य बीज की उपलब्धता सुनिश्चित करना और आधुनिक मत्स्य पालन तकनीकों का प्रसार करना है। इसके तहत आधुनिक मत्स्य बीज उत्पादन केंद्र और हैचरी विकसित की जाएंगी। साथ ही उन्नत प्रजातियों के गुणवत्तायुक्त मत्स्य बीज उत्पादन की तकनीक विकसित करने पर भी काम होगा।

योजना के अंतर्गत वर्ल्डफिश सेंटर पेंगेसियस और GIFT तिलापिया जैसी उन्नत प्रजातियों के हैचरी बीज उत्पादन में तकनीकी सहयोग और मार्गदर्शन देगा। इसमें ब्रूड स्टॉक प्रबंधन, प्रजनन, स्पॉन, फ्राई और फिंगरलिंग उत्पादन की प्रक्रियाएं शामिल होंगी।

वर्ल्डफिश सेंटर अमृत कतला, जयन्ती रोहू और अमूर कॉमन कार्प जैसी आनुवंशिक रूप से उन्नत मत्स्य प्रजातियों के बीज उत्पादन और संरक्षण में भी तकनीकी सहायता देगा। इसके लिए स्टेट ब्रूड स्टॉक मल्टीप्लीकेशन एंड रिसर्च फैकल्टी, न्यूक्लियस ब्रूड बैंक और पेडीग्री जर्मप्लाज्म संरक्षण जैसी सुविधाओं के विकास में सहयोग किया जाएगा।

इसके अलावा मत्स्य विभाग के अधिकारियों और मत्स्य पालकों की क्षमता बढ़ाने के लिए तकनीकी प्रशिक्षण और एक्सपोजर विजिट आयोजित की जाएंगी।

वर्ल्डफिश उत्तर प्रदेश फिशरीज योजना शत-प्रतिशत राज्य पोषित योजना है। इसके माध्यम से उन्नत मत्स्य प्रजातियों के बीज उत्पादन, आधुनिक तकनीकों के हस्तांतरण, अनुसंधान और प्रशिक्षण को बढ़ावा दिया जाएगा। इससे प्रदेश को इन प्रजातियों के गुणवत्तायुक्त मत्स्य बीज उत्पादन में आत्मनिर्भर बनाने में मदद मिलेगी। साथ ही मत्स्य उत्पादकता और पालकों की आय बढ़ने के साथ ग्रामीण क्षेत्रों में रोजगार, पोषण और खाद्य सुरक्षा को भी मजबूती मिलेगी।

एमओयू के दौरान मुख्यमंत्री के सलाहकार अवनीश कुमार अवस्थी, अपर मुख्य सचिव (मत्स्य) मुकेश कुमार मेश्राम, वर्ल्डफिश सेंटर के महानिदेशक डॉ. ईसाम यासीन मोहम्मद, भारत में वर्ल्डफिश के प्रतिनिधि अरुण पड़ियार सहित मत्स्य विभाग के अधिकारी उपस्थित रहे।
DISCLAIMER:

इस वेबसाइट पर दी गई जानकारी केवल सामान्य एवं शैक्षणिक उद्देश्यों के लिए है। हमने जानकारी को सटीक रखने का प्रयास किया है, लेकिन इसकी पूर्णता या विश्वसनीयता की गारंटी नहीं दी जाती। तृतीय-पक्ष वेबसाइटों या स्रोतों की सामग्री पर हमारा नियंत्रण नहीं है। इस जानकारी के आधार पर लिया गया कोई भी निर्णय आपके अपने विवेक और जोखिम पर होगा।