जिलाधिकारी डॉ. नितिन गौड़ की अगुवाई में आयोजित होने वाले इस मेले में 17 प्रमुख कलाकार और सांस्कृतिक दल अपनी प्रस्तुतियां देंगे। इसके अलावा 16 शिक्षण संस्थानों के विद्यार्थी भी मंच पर अपनी प्रतिभा दिखाएंगे। आयोजन उत्तर प्रदेश सरकार, नगर विकास विभाग और उत्तर प्रदेश पर्यटन के संयुक्त तत्वावधान में किया जा रहा है।
मुख्य कार्यक्रमों की शुरुआत 20 नवंबर को मां गंगा के विधि-विधान से पूजन के साथ होगी। निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार चारों दिन अपराह्न 4:30 बजे गंगा पूजन कराया जाएगा। इसके बाद शाम 5:30 से 6:30 बजे तक गंगा तट पर दीपदान और आरती होगी। शाम 6 बजे वाराणसी की तर्ज पर भव्य गंगा महाआरती आयोजित की जाएगी, जो श्रद्धालुओं के लिए प्रमुख आकर्षण रहेगी।
आयोजन में उत्तर प्रदेश सरकार की राज्य मंत्री (स्वतंत्र प्रभार) गुलाब देवी मुख्य अतिथि के रूप में शामिल होंगी। वहीं, अमरोहा के सांसद कंवर सिंह तंवर, जिला पंचायत अमरोहा के प्रशासक ललित तंवर और मुरादाबाद की मंडलायुक्त संगीता सिंह सहित कई जनप्रतिनिधि और अधिकारी मौजूद रहेंगे।
इसके अलावा विधान परिषद सदस्य जयपाल सिंह व्यस्त, सत्यपाल सिंह सैनी और डॉ. हरि सिंह ढिल्लों, धनौरा विधायक राजीव तरारा, हसनपुर विधायक महेंद्र सिंह खड़गवंशी और भाजपा जिलाध्यक्ष उदय गिरी गोस्वामी भी कार्यक्रम में शामिल होंगे।
20 नवंबर को मेले के सांस्कृतिक कार्यक्रमों की शुरुआत ब्लू बर्ड्स इंटरनेशनल कॉलेज, धनौरा की प्रस्तुति से होगी। इसके बाद 'इंडियाज गॉट टैलेंट' से चर्चित इशिता विश्वकर्मा अपनी म्यूजिकल प्रस्तुति देंगी। इसी शाम अमरोहा की कथक नृत्यांगना तेजस्विनी शिव-दुर्गा नृत्य नाटिका प्रस्तुत करेंगी। मथुरा के श्री गीत कृष्ण ब्रज सांस्कृतिक नृत्य और धीरेंद्र कुमार पांडे की कथक एवं लोक नृत्य प्रस्तुति भी आकर्षण का केंद्र रहेगी।
21 नवंबर को 'इंडियाज गॉट टैलेंट' का डांस ग्रुप क्रेजीहॉपर्स, बॉलीवुड गायक कुलदीप चौहान, गायक जतिन निगम, गायिका दिव्यांशी मौर्य और शास्त्रीय नृत्यांगना ऐश्वर्या वर्मा मंच पर अपनी कला का प्रदर्शन करेंगी।
22 नवंबर को सारेगामा विजेता हेमंत बृजवासी बॉलीवुड नाइट में अपनी प्रस्तुति देंगे। इसी दिन मेरठ की रुचि बलूनी रामायण पर आधारित कार्यक्रम पेश करेंगी। लखनऊ की रासरंग संस्था एवं ग्रुप लोकनृत्यों की प्रस्तुति देगा, जबकि गायक मुरारी लाल तिवारी अपनी गायकी से दर्शकों का मनोरंजन करेंगे।
23 नवंबर को हरियाणवी गायक अजय हुड्डा की प्रस्तुति होगी। इसके साथ ही मुरादाबाद के जुगनू जादूगर का जादुई कार्यक्रम, राहुल जी का सांस्कृतिक नृत्य और मथुरा के दीपक शर्मा की फूलों की होली, रास एवं भजनों की प्रस्तुति श्रद्धालुओं को भक्तिरस से जोड़ेंगी।
स्थानीय युवाओं और विद्यार्थियों को मंच देने के लिए 21 से 23 नवंबर तक प्रतिदिन दोपहर 1 से शाम 4 बजे तक विशेष सांस्कृतिक सत्र आयोजित होंगे। इनमें 16 शिक्षण संस्थानों की कुल 17 प्रस्तुतियां होंगी।
21 नवंबर को द आर्यन जोया, इंडन कॉन्वेंट स्कूल गहरोट, ऑक्सफोर्ड इंटरनेशनल स्कूल और शांति देवी मेमोरियल पब्लिक स्कूल मंडी धनौरा के विद्यार्थी कार्यक्रम प्रस्तुत करेंगे।
22 नवंबर को सेंट मैरी कॉन्वेंट स्कूल गेंधुपाल, हिल्टन कॉन्वेंट सीनियर सेकेंडरी स्कूल, जे.बी. इंटरनेशनल स्कूल गजरौला, श्रीमद दयानंद कन्या गुरुकुल संस्कृत माध्यमिक विद्यालय, सिंह बाबा होम्योपैथिक मेडिकल कॉलेज एवं हॉस्पिटल और राधा कृष्ण पब्लिक स्कूल के विद्यार्थी मंच संभालेंगे।
23 नवंबर को सिंह बाबा होम्योपैथिक मेडिकल कॉलेज एवं हॉस्पिटल की दूसरी प्रस्तुति के साथ शेमफोर्ड फ्यूचरिस्टिक स्कूल, राणा इंटरनेशनल स्कूल, सेंट मैरी कॉन्वेंट स्कूल, लिटिल स्कॉलर्स एकेडमी और नोबल पब्लिक स्कूल के छात्र-छात्राएं अपनी प्रतिभा दिखाएंगे।
इस वेबसाइट पर दी गई जानकारी केवल सामान्य एवं शैक्षणिक उद्देश्यों के लिए है। हमने जानकारी को सटीक रखने का प्रयास किया है, लेकिन इसकी पूर्णता या विश्वसनीयता की गारंटी नहीं दी जाती। तृतीय-पक्ष वेबसाइटों या स्रोतों की सामग्री पर हमारा नियंत्रण नहीं है। इस जानकारी के आधार पर लिया गया कोई भी निर्णय आपके अपने विवेक और जोखिम पर होगा।