योगी सरकार की इस पहल के तहत अब स्कूली विद्यार्थियों को तकनीकी दक्षता, सॉफ्ट स्किल, आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (एआई), डिजिटल कौशल, वित्तीय जागरूकता और उद्यमिता का प्रशिक्षण दिया जा रहा है। उत्तर प्रदेश कौशल विकास मिशन (यूपीएसडीएम) की 'प्रोजेक्ट प्रवीण' योजना में दो नए मॉड्यूल जोड़कर विद्यार्थियों के सर्वांगीण कौशल विकास को मजबूत किया गया है।
राष्ट्रीय शिक्षा नीति 2020 में व्यावसायिक शिक्षा को स्कूली शिक्षा से जोड़ने और विद्यार्थियों को शुरुआती स्तर से व्यावहारिक कौशल उपलब्ध कराने पर जोर दिया गया है। इसके तहत पांच प्रमुख मानक निर्धारित हैं:
- तकनीकी कौशल प्रशिक्षण
- सॉफ्ट स्किल प्रशिक्षण
- एआई एवं डिजिटल कौशल प्रशिक्षण
- वित्तीय कौशल
- उद्यमिता विकास
उत्तर प्रदेश ने प्रोजेक्ट प्रवीण के माध्यम से इन सभी मानकों को अपने प्रशिक्षण कार्यक्रम का हिस्सा बनाया है। मिशन निदेशक पुलकित खरे की पहल पर वित्तीय कौशल और उद्यमिता विकास के दो नए मॉड्यूल जोड़े गए हैं।
अब तक प्रोजेक्ट प्रवीण के तहत विद्यार्थियों को न्यूनतम 180 घंटे का तकनीकी कौशल प्रशिक्षण, 30 घंटे का सॉफ्ट स्किल प्रशिक्षण और चार घंटे का एआई एवं डिजिटल कौशल प्रशिक्षण दिया जा रहा था।
अब इसमें दो घंटे का वित्तीय कौशल और दो घंटे का उद्यमिता विकास मॉड्यूल भी शामिल किया गया है। वित्तीय कौशल के तहत विद्यार्थियों को बचत, वित्तीय प्रबंधन और आर्थिक निर्णय लेने की बुनियादी जानकारी दी जाएगी। वहीं, उद्यमिता प्रशिक्षण के माध्यम से उन्हें स्वरोजगार, व्यवसाय की संभावनाओं और अपना उद्यम शुरू करने की प्रारंभिक समझ विकसित करने में मदद मिलेगी।
मिशन निदेशक पुलकित खरे के अनुसार, वित्तीय वर्ष 2026-27 में प्रोजेक्ट प्रवीण के तहत प्रदेश के 515 विद्यालयों के करीब दो लाख विद्यार्थियों को कौशल विकास प्रशिक्षण देने का लक्ष्य रखा गया है।
इसमें राजकीय माध्यमिक विद्यालयों के साथ सहायता प्राप्त विद्यालय, अटल आवासीय विद्यालय, सर्वोदय विद्यालय और कस्तूरबा गांधी बालिका विद्यालय शामिल हैं। योजना के तहत कक्षा 9 से 12 तक के विद्यार्थियों को नियमित पढ़ाई के साथ रोजगारपरक कौशल का प्रशिक्षण दिया जा रहा है।
प्रोजेक्ट प्रवीण का उद्देश्य शिक्षा और रोजगार के बीच की दूरी कम करना और विद्यार्थियों को भविष्य की जरूरतों के अनुरूप तैयार करना है। इस पहल के माध्यम से विद्यार्थियों को उनकी रुचि, क्षमता और रोजगार की संभावनाओं के अनुसार व्यावहारिक प्रशिक्षण दिया जा रहा है।
पांचों कौशल मानकों को एकीकृत करने से विद्यार्थियों में तकनीकी दक्षता और डिजिटल समझ के साथ वित्तीय जागरूकता भी विकसित होगी। साथ ही वे भविष्य में नौकरी पाने के अलावा अपना व्यवसाय शुरू करने और रोजगार सृजित करने के लिए भी तैयार हो सकेंगे।
इस वेबसाइट पर दी गई जानकारी केवल सामान्य एवं शैक्षणिक उद्देश्यों के लिए है। हमने जानकारी को सटीक रखने का प्रयास किया है, लेकिन इसकी पूर्णता या विश्वसनीयता की गारंटी नहीं दी जाती। तृतीय-पक्ष वेबसाइटों या स्रोतों की सामग्री पर हमारा नियंत्रण नहीं है। इस जानकारी के आधार पर लिया गया कोई भी निर्णय आपके अपने विवेक और जोखिम पर होगा।