मौसम विशेषज्ञों के अनुसार, आने वाले दिनों में प्रदेश में सर्दी और बढ़ने की संभावना है। अगले तीन से चार दिन मौसम शुष्क रहने का अनुमान है।
बीकानेर और श्रीगंगानगर में छाया कोहरा
सोमवार को बीकानेर, श्रीगंगानगर, हनुमानगढ़ और चूरू के कुछ इलाकों में कोहरा छाया रहा। पंजाब सीमा से सटे श्रीगंगानगर के क्षेत्रों में सुबह घना कोहरा देखने को मिला। हालांकि, दिन चढ़ने के साथ आसमान साफ हुआ और धूप निकल आई। इन जिलों में सुबह हल्की सर्द हवा भी चली, जबकि प्रदेश के बाकी हिस्सों में आसमान साफ रहा।
पिलानी में 5 डिग्री तक गिरा तापमान
वेस्टर्न डिस्टर्बेंस के जाने के बाद उत्तर भारत से ठंडी उत्तरी हवाएं चलने लगी हैं। इसका असर पिलानी में देखने को मिला, जहां सोमवार को न्यूनतम तापमान 5 डिग्री गिरकर 14.6 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। सीकर और श्रीगंगानगर में भी पारे में 3 डिग्री की गिरावट आई।
सोमवार को फतेहपुर में सबसे कम न्यूनतम तापमान 12.1 डिग्री सेल्सियस दर्ज हुआ। वहीं, सीकर में 13.4, श्रीगंगानगर में 14.1, अलवर और करौली में 13.8, टोंक में 14.3 और माउंट आबू में 12.3 डिग्री सेल्सियस तापमान रिकॉर्ड किया गया।
अगले दिनों में रात का तापमान और गिरेगा
मौसम विशेषज्ञों के मुताबिक, राजस्थान में अब रात के तापमान में और गिरावट होने की संभावना है। श्रीगंगानगर, चूरू, हनुमानगढ़ और सीकर समेत अधिकांश शहरों में न्यूनतम तापमान 2 से 3 डिग्री सेल्सियस तक गिर सकता है।
जयपुर में सोमवार को न्यूनतम तापमान एक डिग्री गिरकर 17.6 डिग्री सेल्सियस दर्ज हुआ। दिन में आसमान साफ रहा और अच्छी धूप निकली, लेकिन अधिकतम तापमान 30 डिग्री से नीचे रहा।
अजमेर में सुबह और शाम सर्दी का असर बढ़ने लगा है, जबकि दोपहर में गर्मी बनी हुई है। यहां अधिकतम तापमान 30.2 और न्यूनतम 16.4 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। पुष्कर मेले में भी लोग तेज धूप से बचने के लिए छतरियों का सहारा लेते नजर आए।
कोटा में अधिकतम तापमान 31.3 से गिरकर 30.1 डिग्री सेल्सियस पर आ गया, जबकि न्यूनतम तापमान 18.6 डिग्री रहा। मौसम विभाग ने 19 नवंबर से दिन के तापमान में भी हल्की गिरावट की संभावना जताई है।
अलवर में मंगलवार सुबह करीब 5 बजे से ठंडी हवा के कारण ठिठुरन महसूस हुई। सोमवार को अधिकतम तापमान 29 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। मौसम विभाग के पूर्वानुमान के अनुसार, अगले दो दिनों में यहां न्यूनतम तापमान 11 डिग्री तक पहुंच सकता है।
उदयपुर में रात के तापमान में 4.6 डिग्री की बढ़ोतरी हुई, जबकि दिन का तापमान 2.2 डिग्री गिरा। यहां अधिकतम तापमान 29.8 और न्यूनतम 18.8 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।
जोधपुर में सोमवार को अधिकतम तापमान 31.8 और न्यूनतम 18.6 डिग्री सेल्सियस रहा। वहीं, सीकर में रविवार की बारिश के बाद तापमान में गिरावट दर्ज की गई। फतेहपुर मौसम केंद्र पर सोमवार को अधिकतम तापमान 28 और न्यूनतम 12.4 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया।
इस वेबसाइट पर दी गई जानकारी केवल सामान्य एवं शैक्षणिक उद्देश्यों के लिए है। हमने जानकारी को सटीक रखने का प्रयास किया है, लेकिन इसकी पूर्णता या विश्वसनीयता की गारंटी नहीं दी जाती। तृतीय-पक्ष वेबसाइटों या स्रोतों की सामग्री पर हमारा नियंत्रण नहीं है। इस जानकारी के आधार पर लिया गया कोई भी निर्णय आपके अपने विवेक और जोखिम पर होगा।