कानपुर के 5 मंजिला अपार्टमेंट में भीषण आग, 2 की मौत; कई घायल
(Kanpur, KanpurNagar) उत्तर प्रदेश के कानपुर में सोमवार तड़के एक पांच मंजिला अपार्टमेंट में भीषण आग लगने से दो लोगों की मौत हो गई, जबकि कई लोग झुलस गए और घायल हुए हैं। हादसा फीलखाना थाना क्षेत्र के पटकापुर चौकी इलाके में स्थित राधिका अपार्टमेंट में हुआ। आग की चपेट में पार्किंग में खड़ी स्कूटी और बाइकें भी आ गईं। अपार्टमेंट में कुल 12 फ्लैट हैं, जिनमें करीब 50 से 60 लोग रहते हैं।

प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, सुबह करीब 4:30 बजे निचले हिस्से में आग लगी और देखते ही देखते धुआं पूरी इमारत में फैल गया। नीचे उतरने वाली सीढ़ियां धुएं से भर गईं। उस समय ज्यादातर लोग सो रहे थे। अचानक मची अफरातफरी के बीच लोगों ने जान बचाने के लिए पड़ोस की इमारतों और छतों का सहारा लिया।

चादरों और पटरे के सहारे बाहर निकले लोग

अपार्टमेंट के सामने दो मंजिला मकान है और वहां तक पहुंचने वाली गली बेहद संकरी बताई जा रही है। ऊपरी मंजिलों पर फंसे कुछ लोग साड़ी और चादरों के सहारे दूसरी मंजिल तक उतरे। इसके बाद पटरा लगाकर पड़ोसी मकान की छत पर पहुंचे। कुछ लोग सीढ़ियों के रास्ते ऊपर जाकर दूसरी इमारत की छत से बाहर निकले।

घबराहट में कुछ लोग बालकनी से नीचे कूद गए, जिससे उन्हें चोटें आईं। स्थानीय लोगों ने भी सीढ़ी और पटरे की व्यवस्था कर कई लोगों को बाहर निकालने में मदद की। दमकल विभाग की टीम ने भी मौके पर पहुंचकर लोगों को रेस्क्यू किया।

राखी साहू और 15 वर्षीय प्रांजुल की मौत

हादसे में राखी साहू (48) और प्रांजुल बाथम (15) की जान चली गई। जानकारी के मुताबिक, राखी तीसरी मंजिल से नीचे उतरने की कोशिश में गिर गईं और नीचे खड़े वैभव गुप्ता के ऊपर जा गिरीं। राखी की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि वैभव की रीढ़ की हड्डी में गंभीर चोट आई। उन्हें इलाज के लिए हैलट अस्पताल के न्यूरो विभाग में रेफर किया गया।

दूसरी ओर, पांचवीं मंजिल पर रहने वाले प्रांजुल बाथम की मौत आग में जलने से हुई। उनके पिता अनिल बाथम ने बताया कि आग और धुआं देखकर परिवार ने बाहर निकलने की कोशिश की। उनका बेटा नींद में था और आग की जानकारी मिलने पर छत की ओर भागा। बाद में उसका शव छत पर सिकुड़ी हुई अवस्था में मिला।

प्रांजुल की मां 40 फीसदी झुलसीं, कई लोग घायल

उर्सला अस्पताल के डॉक्टर शुभम जैन के अनुसार, अस्पताल में चार लोगों को लाया गया था, जिनमें राखी और प्रांजुल की मौत हो चुकी थी। प्रांजुल की मां मीता बाथम करीब 40 प्रतिशत तक झुलस गई हैं और उनकी हालत गंभीर बताई गई। वैभव गुप्ता को रीढ़ की हड्डी में चोट लगने के कारण हैलट अस्पताल रेफर किया गया। हादसे में 8 से 10 लोगों के घायल होने की जानकारी सामने आई है।

प्रत्यक्षदर्शियों ने फायर सेफ्टी इंतजामों पर उठाए सवाल

अपार्टमेंट में रहने वाले महेश तिवारी ने बताया कि आग लगने के समय सभी लोग सो रहे थे। दरवाजा खोलने पर चारों ओर धुआं और आग दिखाई दी। उन्होंने आरोप लगाया कि इमारत में फायर सेफ्टी के पर्याप्त इंतजाम नहीं थे और दमकल की गाड़ियां भी देर से पहुंचीं।

स्थानीय लोगों ने बताया कि अपार्टमेंट रामनारायण बाजार में मकान संख्या 9/74 पर स्थित है। यह 5 से 6 फीट चौड़ी गली में बना है और बाहर निकलने का रास्ता भी काफी संकरा है। लोगों ने आसपास बनी इमारतों की जांच कराने और हादसे के लिए जिम्मेदार लोगों की जवाबदेही तय करने की मांग की है।

पुलिस कमिश्नर ने अवैध इमारतों पर कार्रवाई की बात कही

पुलिस कमिश्नर रघुबीर लाल ने घटना को लेकर बिल्डिंग में सुरक्षा इंतजामों की कमी और निर्माण में लापरवाही की बात कही। उन्होंने बताया कि कानपुर विकास प्राधिकरण के अधिकारियों से ऐसी इमारतों को चिह्नित करने के लिए बातचीत की गई है। इसके बाद संयुक्त अभियान चलाकर कार्रवाई की जाएगी।

एसीपी कोतवाली अमित पांडेय के अनुसार, अपार्टमेंट में 12 फ्लैट हैं। कुछ लोग पड़ोसी मकानों की दीवारों के सहारे बाहर निकलने में सफल रहे, जबकि अन्य लोगों को दमकल विभाग की टीम ने सुरक्षित बाहर निकाला।

पार्किंग की बाइकों से फैला धुआं, शॉर्ट सर्किट की आशंका

मुख्य अग्निशमन अधिकारी दीपक शर्मा ने बताया कि सुबह 4 बजकर 54 मिनट पर मिनी फायर कंट्रोल रूम को आग लगने की सूचना मिली थी। इसके बाद लाटूश रोड और कर्नलगंज की दमकल यूनिटों को मौके पर भेजा गया। उनके मुताबिक, ग्राउंड फ्लोर की पार्किंग में खड़ी बाइकों में आग लगी थी, जहां से गर्मी और धुआं ऊपरी मंजिलों तक पहुंचा। दमकल टीम ने करीब आठ लोगों को रेस्क्यू कर बाहर निकाला।

पुलिस के अनुसार, आग लगने की संभावित वजह शॉर्ट सर्किट हो सकती है। घटना के कारणों और इमारत में सुरक्षा व्यवस्था की जांच की जा रही है।
DISCLAIMER:

इस वेबसाइट पर दी गई जानकारी केवल सामान्य एवं शैक्षणिक उद्देश्यों के लिए है। हमने जानकारी को सटीक रखने का प्रयास किया है, लेकिन इसकी पूर्णता या विश्वसनीयता की गारंटी नहीं दी जाती। तृतीय-पक्ष वेबसाइटों या स्रोतों की सामग्री पर हमारा नियंत्रण नहीं है। इस जानकारी के आधार पर लिया गया कोई भी निर्णय आपके अपने विवेक और जोखिम पर होगा।