लखनऊ में ‘रंग दे बसंती’ ने दिखाई ‘डर से आजादी’ की तस्वीर
(Lucknow, Lucknow) लखनऊ के गोमती किनारे स्थित 1090 चौराहे पर आयोजित सांस्कृतिक कार्यक्रम ‘रंग दे बसंती’ में बुधवार को बॉलीवुड, भोजपुरी और लोकगीतों की शानदार प्रस्तुतियां देखने को मिलीं। कार्यक्रम के जरिए युवाओं ने 2017 के बाद उत्तर प्रदेश में आए बदलावों को ‘डर से आजादी’ की थीम पर गीत और नृत्य के माध्यम से प्रस्तुत किया। वहीं, ‘योगी की पाती’ प्रदर्शनी में लोगों ने मुख्यमंत्री के संकल्प, संवाद और संवेदना से जुड़ी तस्वीरों को देखा।

1090 चौराहे पर लगी ‘योगी की पाती’ प्रदर्शनी में आमजन ने अपने विचारों को कैनवास पर उतारा और मुख्यमंत्री के इस प्रयास की सराहना की। वहीं, ‘रंग दे बसंती’ के मंच पर स्थानीय कलाकारों और वालंटियर्स ने गीत-नृत्य के जरिए नए भारत और नए उत्तर प्रदेश की तस्वीर पेश की।

वैशाली ने एकल गीतों पर भावपूर्ण प्रस्तुति दी। खुशी और उनके ग्रुप ने राजस्थानी, गुजराती और डांडिया नृत्य से दर्शकों का मनोरंजन किया। कार्यक्रम में ऑर्गन पर पप्पू, नाल पर अंगद राम शर्मा और पैड पर अन्नू ने संगत की।

भोजपुरी लोकगायक एसपी चौहान ने गणेश वंदना ‘करी वंदना पूजीं तोहके-सुन ल श्री गणेश’ से कार्यक्रम की शुरुआत की। इसके बाद उन्होंने ‘केंद्र में पीएम मोदी, यूपी में सीएम योगी, भाजपा के सुंदर बा शासनवा हमरे यूपी में’ गीत के जरिए केंद्र और प्रदेश सरकार के कार्यों को प्रस्तुत किया।

उन्होंने ‘भारत से जे टकराई उ जाई अपने जान से’ गीत के माध्यम से देशभक्ति का संदेश दिया। वहीं, ‘जइसे अमवा के मोजरा से रस चुवेला’ जैसे गीतों पर पूर्वांचल से जुड़े दर्शक झूम उठे।


मुंबई से आए गायक अंश और उनकी टीम ने लाइव बैंड प्रस्तुति दी। बॉलीवुड गानों के जरिए उन्होंने 1090 चौराहे से गुजर रहे राहगीरों को भी रुककर कार्यक्रम देखने पर मजबूर कर दिया। अंश ने ‘कहें क्या’, फिल्म ‘धुरंधर’ के गीत और ‘तुझको देखूं’ जैसी प्रस्तुतियों से खासकर युवा दर्शकों को झूमने पर विवश किया।

उनके साथ ऑर्गन पर आदित्य, ड्रम पर ऋषभ और गिटार पर शहनवाज ने संगत की। पूरे कार्यक्रम में बॉलीवुड, भोजपुरी और लोक संगीत का संगम देखने को मिला।
DISCLAIMER:

इस वेबसाइट पर दी गई जानकारी केवल सामान्य एवं शैक्षणिक उद्देश्यों के लिए है। हमने जानकारी को सटीक रखने का प्रयास किया है, लेकिन इसकी पूर्णता या विश्वसनीयता की गारंटी नहीं दी जाती। तृतीय-पक्ष वेबसाइटों या स्रोतों की सामग्री पर हमारा नियंत्रण नहीं है। इस जानकारी के आधार पर लिया गया कोई भी निर्णय आपके अपने विवेक और जोखिम पर होगा।