स्वरोजगार योजना में आजमगढ़ अव्वल, बलिया दूसरे और रामपुर तीसरे स्थान पर
(UTTARPRADESH, UTTARPRADESH) उत्तर प्रदेश में युवाओं को स्वरोजगार से जोड़ने की योगी सरकार की पहल के सकारात्मक परिणाम सामने आ रहे हैं। मुख्यमंत्री युवा उद्यमी विकास अभियान (सीएम युवा) के तहत ऋण वितरण की प्रगति में आजमगढ़ ने पूरे प्रदेश में पहला स्थान हासिल किया है। जिले ने 75.69 प्रतिशत प्रगति दर्ज की है। वहीं बलिया 63.11 प्रतिशत के साथ दूसरे और रामपुर 56.50 प्रतिशत के साथ तीसरे स्थान पर है। योजना के जरिए युवाओं को अपना कारोबार शुरू करने के लिए पांच लाख रुपये तक का ब्याजमुक्त और गारंटीमुक्त ऋण उपलब्ध कराया जा रहा है।

टॉप पांच जिलों में पूर्वांचल के तीन जिले

वित्तीय वर्ष 2026-27 में ऋण वितरण के लक्ष्य के सापेक्ष आजमगढ़ ने 75.69 प्रतिशत प्रगति के साथ प्रदेश में पहला स्थान हासिल किया है। बलिया 63.11 प्रतिशत के साथ दूसरे और रामपुर 56.50 प्रतिशत के साथ तीसरे स्थान पर है। टॉप पांच जिलों में अमरोहा 49 प्रतिशत के साथ चौथे और जौनपुर 48.90 प्रतिशत के साथ पांचवें स्थान पर है।

इस तरह प्रदेश के शीर्ष पांच जिलों में पूर्वांचल के आजमगढ़, बलिया और जौनपुर शामिल हैं। वाराणसी ने 47.37 प्रतिशत प्रगति के साथ प्रदेश में दसवां स्थान हासिल किया है। पूर्वांचल के अन्य जिलों में भदोही 45.41 प्रतिशत के साथ 20वें, मऊ 44.71 प्रतिशत के साथ 22वें, गाजीपुर 41.89 प्रतिशत के साथ 32वें, चंदौली 40.76 प्रतिशत के साथ 38वें, सोनभद्र 40.35 प्रतिशत के साथ 40वें और मीरजापुर 31.13 प्रतिशत के साथ 73वें स्थान पर है।

पांच लाख रुपये तक ब्याजमुक्त और गारंटीमुक्त ऋण

मुख्यमंत्री युवा उद्यमी विकास अभियान के तहत युवाओं को छोटे उद्योग, कारोबार और स्वरोजगार की गतिविधियां शुरू करने के लिए आर्थिक सहायता दी जा रही है। योजना में पांच लाख रुपये तक का ऋण ब्याजमुक्त और गारंटीमुक्त उपलब्ध कराया जाता है। इससे उद्यम शुरू करने के इच्छुक युवाओं को बैंक से वित्तीय सहायता प्राप्त करने में सहूलियत मिल रही है।

आजमगढ़ के जिलाधिकारी रविंद्र कुमार ने बताया कि यह योजना युवाओं को आत्मनिर्भर और आर्थिक रूप से सशक्त बनाने की दिशा में महत्वपूर्ण पहल है। जिले में योजना के प्रभावी क्रियान्वयन के कारण ऋण वितरण की प्रगति प्रदेश में सबसे बेहतर रही है।

डेढ़ लाख युवाओं को ऋण देने का लक्ष्य

योगी सरकार ने वित्तीय वर्ष 2026-27 में 1.50 लाख युवाओं को रोजगार और स्वरोजगार के लिए बैंक ऋण उपलब्ध कराने का लक्ष्य रखा है। 25 नवंबर तक प्रदेश में योजना के तहत कुल 2,08,753 आवेदन प्राप्त हुए थे। इनमें से 1,88,611 आवेदन बैंकों को भेजे गए।

बैंकों ने इनमें से 63,215 आवेदन स्वीकृत किए हैं, जबकि 62,671 लाभार्थियों को ऋण उपलब्ध कराया जा चुका है। इस तरह प्रदेश में निर्धारित लक्ष्य के सापेक्ष ऋण वितरण की प्रगति 41.78 प्रतिशत दर्ज की गई है।

प्रदेश के औसत से काफी आगे आजमगढ़

प्रदेश में योजना के तहत आवेदन और बैंक तक पहुंचाए गए आवेदनों की संख्या युवाओं की बढ़ती रुचि को दर्शाती है। वहीं, आजमगढ़ की 75.69 प्रतिशत प्रगति प्रदेश के औसत 41.78 प्रतिशत से काफी अधिक है। यह जिले में योजना के प्रभावी क्रियान्वयन और युवाओं को स्वरोजगार से जोड़ने के प्रयासों को दर्शाता है।
DISCLAIMER:

इस वेबसाइट पर दी गई जानकारी केवल सामान्य एवं शैक्षणिक उद्देश्यों के लिए है। हमने जानकारी को सटीक रखने का प्रयास किया है, लेकिन इसकी पूर्णता या विश्वसनीयता की गारंटी नहीं दी जाती। तृतीय-पक्ष वेबसाइटों या स्रोतों की सामग्री पर हमारा नियंत्रण नहीं है। इस जानकारी के आधार पर लिया गया कोई भी निर्णय आपके अपने विवेक और जोखिम पर होगा।