यूपी में नौकरियों की कमी नहीं, 26 जनवरी तक मिलेंगे नियुक्ति पत्र : सीएम योगी
(UTTARPRADESH, UTTARPRADESH) मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने शुक्रवार को गोरखपुर में स्वामी विवेकानंद युवा सशक्तीकरण योजना के दूसरे चरण के तहत आयोजित समारोह में गोरखपुर, देवरिया, कुशीनगर और महराजगंज के 50 हजार से अधिक छात्र-छात्राओं और प्रशिक्षणार्थियों को टैबलेट वितरित किए। मुख्यमंत्री ने 23 विद्यार्थियों को अपने हाथों से टैबलेट दिए और योजना पर आधारित लघु फिल्म भी देखी। इस दौरान उन्होंने युवाओं को रोजगार, कौशल विकास और डिजिटल तकनीक के सही इस्तेमाल का संदेश दिया।

मुख्यमंत्री ने कहा कि उत्तर प्रदेश में नौकरियों की कमी नहीं है। प्रदेश में 8 हजार लेखपालों, 32 हजार पुलिसकर्मियों और 42 हजार से अधिक होमगार्ड की भर्ती प्रक्रिया पूरी हो चुकी है। उन्होंने घोषणा की कि 26 जनवरी तक नियुक्ति पत्र वितरित किए जाएंगे। साथ ही उन्होंने चेतावनी दी कि अब नशे के कारोबार में शामिल लोगों के खिलाफ सख्त कार्रवाई होगी और युवाओं के करियर से खिलवाड़ करने वालों को बख्शा नहीं जाएगा।

26 जनवरी तक नियुक्ति पत्र, भर्ती प्रक्रिया में पारदर्शिता का दावा

मुख्यमंत्री ने कहा कि पिछले साढ़े नौ वर्षों में प्रदेश में पौने दस लाख सरकारी नियुक्ति पत्र वितरित किए गए हैं। हाल ही में कृषि, स्वास्थ्य, शिक्षा, पंचायती राज, पुलिस, खेल और राजस्व विभागों में 16 हजार से अधिक नियुक्तियां हुई हैं। अब 8 हजार लेखपालों, 32 हजार पुलिसकर्मियों और 42 हजार से अधिक होमगार्ड की भर्ती प्रक्रिया पूरी हो चुकी है। उन्होंने कहा कि 26 जनवरी तक औसतन हर पांच से सात दिन में नियुक्ति पत्र वितरित किए जाएंगे।

सीएम योगी ने कहा कि पहले भर्ती परीक्षाओं में मुन्ना भाई और सैफई सिंडिकेट का बोलबाला था, लेकिन अब प्रतिभा के आधार पर तेजी से भर्ती हो रही है। उन्होंने पेपर लीक के मामलों में आजीवन कारावास, एक करोड़ रुपये जुर्माने और संपत्ति जब्ती के प्रावधानों का भी उल्लेख किया।

टैबलेट पर फीड नहीं, फ्यूचर स्क्रॉल करें युवा

मुख्यमंत्री ने युवाओं से टैबलेट का इस्तेमाल केवल मनोरंजन के लिए न करने की अपील की। उन्होंने कहा कि युवा रील देखने में 30 सेकंड देने के बजाय कौशल विकास के लिए तीन घंटे का समय निकालें। टैबलेट पर फीड नहीं, फ्यूचर स्क्रॉल करें।

उन्होंने बताया कि योजना के पहले चरण में 60 लाख युवाओं को टैबलेट और स्मार्टफोन दिए गए, जिनका लाभ आईआईएम लखनऊ के अध्ययन के अनुसार करीब तीन करोड़ लोगों तक पहुंचा। दूसरे चरण में 25 लाख टैबलेट वितरित किए जा रहे हैं। इन टैबलेट में इन्फोसिस के 18 हजार से अधिक निशुल्क ऑनलाइन कोर्स और युवा साथी ऐप उपलब्ध हैं। मुख्यमंत्री ने इन्हें युवाओं के लिए चलता-फिरता विश्वविद्यालय बताया।

उन्होंने युवाओं को वायरल कंटेंट का फैक्ट चेक करने और डिजिटल सुरक्षा का ध्यान रखने की सलाह दी। साथ ही टैबलेट के माध्यम से जनगणना-2027 की स्वगणना और मतदाता सूची के विशेष संक्षिप्त पुनरीक्षण के लिए फॉर्म 6, 7 और 8 भरने का आह्वान किया।

हर जिले में बनेगा सरदार पटेल स्किलिंग एंड एंप्लॉयमेंट जोन

मुख्यमंत्री ने घोषणा की कि प्रदेश के हर जिले में सरदार वल्लभभाई पटेल स्किलिंग एंड एंप्लॉयमेंट जोन बनाया जाएगा। यहां युवाओं को जापानी और जर्मन भाषाओं के साथ विभिन्न कौशलों का प्रशिक्षण दिया जाएगा, ताकि उन्हें देश और विदेश के उद्योगों में रोजगार मिल सके।

उन्होंने बताया कि प्रदेश में स्टार्टअप की संख्या 120 से बढ़कर 25 हजार हो गई है। इसके लिए एक हजार करोड़ रुपये का फंड ऑफ फंड्स बनाया गया है। ओडीओपी, ओडीओसी और मुख्यमंत्री युवा योजना के तहत दो लाख युवाओं को पांच लाख रुपये तक का ब्याज मुक्त ऋण उपलब्ध कराया जा रहा है। इसके अलावा 67 लाख विद्यार्थियों को छात्रवृत्ति और कॉलेज स्तर तक अभ्युदय कोचिंग की सुविधा दी जा रही है।

सीएम योगी के अनुसार, उत्तर प्रदेश की जीएसडीपी तीन गुना होकर 12 लाख करोड़ रुपये से 36 लाख करोड़ रुपये तक पहुंच गई है। उन्होंने 50 लाख करोड़ रुपये के निवेश प्रस्तावों से 65 लाख युवाओं को रोजगार मिलने और गीडा में 20 हजार करोड़ रुपये के निवेश का भी उल्लेख किया।

नशे के सौदागरों पर होगी सख्त कार्रवाई

मुख्यमंत्री ने कहा कि माफियाओं और संगठित अपराध के खिलाफ कार्रवाई के बाद अब प्रदेश सरकार नशे के सौदागरों के खिलाफ सख्त अभियान शुरू करेगी। उन्होंने युवाओं से नशे से दूर रहने की अपील करते हुए कहा कि उनके भविष्य और करियर के साथ खिलवाड़ करने वालों को सरकार पूरी तरह तबाह कर देगी।

क्रांतिकारी के प्रपौत्र की मौत पर जताई नाराजगी

मुख्यमंत्री ने गोरखपुर में सपा के जुलूस के दौरान दसवीं के छात्र की मौत की घटना पर कड़ा रुख अपनाया। उन्होंने कहा कि अपनी छोटी बहन को स्कूल से लेने जा रहा छात्र चौरी-चौरा कांड के क्रांतिकारी पूजन सिंह का प्रपौत्र था। मुख्यमंत्री ने इस घटना को उत्तर प्रदेश की पहचान पर काला धब्बा बताते हुए कहा कि अराजकता फैलाने वाले तत्वों को कुचल दिया जाएगा।

नो कर्फ्यू, नो दंगा; बेटियों की सुरक्षा पर सरकार का दावा

मुख्यमंत्री ने कहा कि उत्तर प्रदेश अब उपद्रव से उत्सव का प्रदेश बन गया है। उन्होंने अयोध्या की पंचकोसी परिक्रमा में 50 से 55 लाख श्रद्धालुओं के पहुंचने का उल्लेख किया। सीएम ने कहा कि प्रदेश में कानून-व्यवस्था बेहतर हुई है और कामकाजी बेटियां रात दो बजे भी सुरक्षित घर लौट रही हैं।

उन्होंने लखनऊ स्थित एचसीएल टेक सेंटर का उदाहरण देते हुए बताया कि वहां कर्मचारियों की संख्या 100 से बढ़कर 18 हजार हो गई है। मुख्यमंत्री ने युवाओं से वर्ष 2047 तक विकसित भारत के निर्माण में नेतृत्वकारी भूमिका निभाने का आह्वान किया।

23 विद्यार्थियों को मुख्यमंत्री ने अपने हाथों से दिए टैबलेट

समारोह में मुख्यमंत्री ने आकाश तिवारी, अनिकेत दुबे, पलक कुमारी, राशि सिंह, नाजिया परवीन, एकता कुमारी, अरीबा खान, अर्चिता द्विवेदी, सौम्या सिंह, दिव्यांजलि पाठक, गणेश पांडे, शुभम यादव, अभिनव सिंह, आशीष यादव, जया राव, अभिषेक शर्मा, अनुराधा पटेल, आकांक्षा पांडे, अहमद रजा, अनामिका सिंह, सोनिया प्रजापति, नितेश चौहान और सुंदरी कुमारी को अपने हाथों से टैबलेट प्रदान किए। कार्यक्रम के अंत में उन्होंने टैबलेट पाने वाले युवाओं के साथ सेल्फी भी ली।

डिजिटल यूपी और कौशल विकास पर मंत्रियों ने रखे विचार

केंद्रीय राज्य मंत्री कमलेश पासवान ने कहा कि दूसरे चरण में 25 लाख युवाओं को टैबलेट देने का लक्ष्य है। उन्होंने युवाओं से इनका इस्तेमाल मनोरंजन के बजाय पढ़ाई, कौशल विकास और मतदाता पंजीकरण में करने तथा नशे से दूर रहने की अपील की।

मंत्री सूर्य प्रताप शाही ने कहा कि प्रधानमंत्री के डिजिटल इंडिया और मुख्यमंत्री के डिजिटल यूपी के संकल्प से प्रदेश बीमारू राज्य की छवि से निकलकर उत्तम प्रदेश बनने की दिशा में आगे बढ़ रहा है। सांसद रवि किशन शुक्ला ने कहा कि पूर्वांचल पलायन की पहचान से निकलकर विकास की नई राह पर आगे बढ़ रहा है।

कार्यक्रम में केंद्रीय राज्य मंत्री कमलेश पासवान, मंत्री सूर्य प्रताप शाही, संजय निषाद, सांसद रवि किशन शुक्ला, महापौर डॉ. मंगलेश श्रीवास्तव, जिला पंचायत अध्यक्ष साधना सिंह, विधायक, एमएलसी, अन्य जनप्रतिनिधि, अधिकारी और बड़ी संख्या में विद्यार्थी मौजूद रहे।
DISCLAIMER:

इस वेबसाइट पर दी गई जानकारी केवल सामान्य एवं शैक्षणिक उद्देश्यों के लिए है। हमने जानकारी को सटीक रखने का प्रयास किया है, लेकिन इसकी पूर्णता या विश्वसनीयता की गारंटी नहीं दी जाती। तृतीय-पक्ष वेबसाइटों या स्रोतों की सामग्री पर हमारा नियंत्रण नहीं है। इस जानकारी के आधार पर लिया गया कोई भी निर्णय आपके अपने विवेक और जोखिम पर होगा।