योगी सरकार का टैबलेट बना युवाओं की चलती-फिरती यूनिवर्सिटी
(UTTARPRADESH, UTTARPRADESH) उत्तर प्रदेश में युवाओं को डिजिटल शिक्षा और रोजगार के नए अवसरों से जोड़ने के लिए योगी सरकार की टैबलेट वितरण योजना अहम भूमिका निभा रही है। सरकार का उद्देश्य युवाओं को केवल इलेक्ट्रॉनिक डिवाइस उपलब्ध कराना नहीं, बल्कि इसके जरिए उन्हें शिक्षा, कौशल विकास और रोजगार से जुड़ी सुविधाएं एक ही प्लेटफॉर्म पर देना है। टैबलेट को विद्यार्थियों के लिए एक तरह की चलती-फिरती यूनिवर्सिटी के रूप में विकसित किया गया है।

प्रदेश में अब तक 60 लाख से अधिक युवाओं को टैबलेट उपलब्ध कराए जा चुके हैं। इस पहल का लाभ लगभग तीन करोड़ लोगों तक पहुंचा है। टैबलेट के माध्यम से विद्यार्थियों के साथ उनके परिवार भी ई-गवर्नेंस, डिजिटल पेमेंट और हेल्थ सर्विसेज जैसी आधुनिक सुविधाओं से जुड़ रहे हैं।

18 हजार से अधिक निशुल्क ऑनलाइन कोर्स

युवाओं को पढ़ाई के साथ अतिरिक्त कौशल हासिल करने का अवसर देने के लिए प्रदेश सरकार ने इन्फोसिस के साथ साझेदारी की है। इसके तहत टैबलेट में 18 हजार से अधिक निशुल्क ऑनलाइन कोर्स उपलब्ध कराए गए हैं। विद्यार्थी अपनी रुचि, योग्यता और भविष्य की जरूरतों के अनुसार पाठ्यक्रम चुन सकते हैं।

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने टैबलेट को विद्यार्थियों के भविष्य के लिए चलता-फिरता विश्वविद्यालय बताया है। उनका कहना है कि यह युवाओं के स्वयं सीखने, कौशल विकसित करने और आगे बढ़ने का सशक्त माध्यम है। सरकार का जोर युवाओं को डिग्री के साथ व्यावहारिक कौशल से भी लैस करने पर है, ताकि वे रोजगार की प्रतिस्पर्धा में आगे बढ़ सकें।

युवा साथी ऐप पर सरकारी योजनाओं की जानकारी

टैबलेट में उपलब्ध युवा साथी ऐप युवाओं को केंद्र और प्रदेश सरकार की विभिन्न योजनाओं की जानकारी एक ही प्लेटफॉर्म पर उपलब्ध कराता है। इसके जरिए युवा योजनाओं की पात्रता, आवेदन प्रक्रिया और उनसे मिलने वाले लाभों के बारे में जानकारी प्राप्त कर सकते हैं।

बीए, बीएससी, एमए, एमएससी, बीटेक सहित विभिन्न डिग्री और डिप्लोमा पाठ्यक्रम पूरे करने के बाद रोजगार की तलाश कर रहे युवाओं के लिए भी यह ऐप उपयोगी है। इसमें स्कॉलरशिप, इंटर्नशिप, मुख्यमंत्री युवा योजना और प्रधानमंत्री मुद्रा योजना सहित कई योजनाओं का विवरण उपलब्ध है। युवा अपनी योग्यता और जरूरत के अनुसार रोजगार, प्रशिक्षण और स्वरोजगार के अवसरों की जानकारी हासिल कर सकते हैं।

आधुनिक तकनीक से लैस हैं टैबलेट

विद्यार्थियों को दिए जा रहे टैबलेट में अध्ययन और डिजिटल गतिविधियों के लिए आधुनिक तकनीकी सुविधाएं उपलब्ध हैं। इनके विनिर्देश भारत सरकार के इलेक्ट्रॉनिक्स एवं सूचना प्रौद्योगिकी मंत्रालय और उद्योग एवं आंतरिक व्यापार संवर्धन विभाग के मानकों के अनुरूप निर्धारित किए गए हैं।

टैबलेट में 1.8 गीगाहर्ट्ज ऑक्टा-कोर प्रोसेसर, 4 जीबी रैम और 64 जीबी इंटरनल स्टोरेज दी गई है। इसके अलावा 5000 एमएएच की बैटरी और 1280×800 पिक्सल रिजॉल्यूशन वाली 8 इंच की आईपीएस कैपेसिटिव मल्टीटच डिस्प्ले भी मौजूद है।

इन सुविधाओं के जरिए विद्यार्थी ऑनलाइन कक्षाओं, डिजिटल अध्ययन सामग्री, निशुल्क ऑनलाइन पाठ्यक्रमों और कौशल विकास से जुड़े संसाधनों का लाभ उठा सकते हैं। इस पहल के माध्यम से योगी सरकार युवाओं को तकनीक से जोड़कर उनकी शिक्षा, कौशल और रोजगार क्षमता को मजबूत बनाने की दिशा में काम कर रही है।
DISCLAIMER:

इस वेबसाइट पर दी गई जानकारी केवल सामान्य एवं शैक्षणिक उद्देश्यों के लिए है। हमने जानकारी को सटीक रखने का प्रयास किया है, लेकिन इसकी पूर्णता या विश्वसनीयता की गारंटी नहीं दी जाती। तृतीय-पक्ष वेबसाइटों या स्रोतों की सामग्री पर हमारा नियंत्रण नहीं है। इस जानकारी के आधार पर लिया गया कोई भी निर्णय आपके अपने विवेक और जोखिम पर होगा।