11 लाख दीपों से जगमगाएगी काशी की देव दीपावली
(UTTARPRADESH, UTTARPRADESH) मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व में काशी की देव दीपावली ने वैश्विक पहचान बनाई है। इस वर्ष 24 नवंबर को गंगा के अर्धचंद्राकार घाटों पर 11 लाख से अधिक दीप प्रज्ज्वलित किए जाएंगे। भव्य आयोजन को देखने के लिए देश-विदेश से बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं और पर्यटकों के वाराणसी पहुंचने की उम्मीद है। जिला प्रशासन और संबंधित विभाग मुख्यमंत्री के दिशा-निर्देशों में तैयारियों को अंतिम रूप देने में जुटे हैं।

योगी सरकार द्वारा देव दीपावली को प्रांतीय मेला घोषित किए जाने के बाद आयोजन का स्वरूप लगातार विस्तृत हुआ है। वर्ष 2017 के बाद से इसकी भव्यता में निरंतर वृद्धि हुई है। अयोध्या के दीपोत्सव की तर्ज पर काशी में भी देवताओं की दीपावली को भव्य रूप देने की तैयारियां की जा रही हैं।

11 लाख से अधिक दीपों से रोशन होंगे घाट और कुंड

पर्यटन एवं संस्कृति मंत्री जयवीर सिंह के अनुसार, देव दीपावली पर सरकार और जनसहभागिता से काशी के घाटों, कुंडों और अन्य प्रमुख स्थलों पर 11 लाख से अधिक दीप जलाए जाएंगे। इनमें करीब 10 लाख मिट्टी के और एक लाख गोबर से बने दीप शामिल होंगे। इनके लिए लगभग 22 लाख बातियों और 1,800 टिन शुद्ध सरसों के तेल की व्यवस्था की जाएगी। सभी दीप एक साथ प्रज्ज्वलित होने के बाद करीब तीन से चार घंटे तक घाटों और कुंडों को रोशन रखेंगे।

गंगा के 88 पक्के घाटों पर 83 समितियों और जनसहभागिता से पांच लाख दीप जलाए जाएंगे। गंगा पार के रेतीले क्षेत्र में स्वयंसेवकों और विभिन्न विभागों के सहयोग से 3.5 लाख दीप प्रज्ज्वलित होंगे। वहीं, शहर के 103 कुंडों पर समितियों के माध्यम से 2.5 लाख दीप जलाए जाएंगे।

आठ प्रमुख घाटों पर होगी भव्य गंगा आरती

देव दीपावली की शाम काशी के आठ प्रमुख घाटों पर विशेष गंगा आरती आयोजित की जाएगी। इनमें नमो घाट, गाय घाट, पंचगंगा घाट, दशाश्वमेध घाट, शीतला घाट, केदार घाट, तुलसी घाट और अस्सी घाट शामिल हैं। इसके साथ ही प्रमुख घाटों, चौराहों और मार्गों पर आकर्षक विद्युत सजावट की जाएगी। सरकारी कार्यालयों, व्यावसायिक प्रतिष्ठानों और होटलों को भी रोशनी से सजाने की तैयारी है।

लेजर शो और 3-डी प्रोजेक्शन मैपिंग से सजेगी शाम

इस बार देव दीपावली पर 3-डी प्रोजेक्शन मैपिंग और लेजर शो भी आकर्षण का केंद्र होंगे। इनके लिए शाम 7:20 से 7:45 बजे तक का समय प्रस्तावित किया गया है। दशाश्वमेध या अस्सी घाट के सामने गंगा पार रेतीले क्षेत्र में रात 8 से 8:15 बजे तक ड्रोन शो आयोजित करने की योजना है। वहीं, श्री काशी विश्वनाथ धाम के गंगा द्वार के सामने रात 8:30 से 8:40 बजे तक 10 मिनट की ग्रीन आतिशबाजी का प्रस्ताव है।

2,100 स्वदेशी ड्रोन से दिखेंगे शिव और मां गंगा के दिव्य प्रसंग

इस वर्ष 2,100 स्वदेशी ड्रोन के जरिए काशी के आसमान में आध्यात्मिक और पौराणिक प्रसंगों को साकार किया जाएगा। करीब 15 मिनट की इस प्रस्तुति में 15 विशेष ड्रोन फॉर्मेशन नजर आएंगे।

ड्रोन शो में भगवान शिव, महेश्वर सूत्र, संगीतमय शिव तांडव और मां गंगा के अवतरण के दृश्य प्रमुख आकर्षण होंगे। इसके अलावा काशी विश्वनाथ मंदिर, मां विशालाक्षी और बाबा कालभैरव की दिव्य आकृतियां भी आसमान में उकेरी जाएंगी। इस भव्य आयोजन के जरिए काशी की आध्यात्मिक विरासत और सांस्कृतिक पहचान को देश-दुनिया के सामने प्रदर्शित करने की तैयारी है।
DISCLAIMER:

इस वेबसाइट पर दी गई जानकारी केवल सामान्य एवं शैक्षणिक उद्देश्यों के लिए है। हमने जानकारी को सटीक रखने का प्रयास किया है, लेकिन इसकी पूर्णता या विश्वसनीयता की गारंटी नहीं दी जाती। तृतीय-पक्ष वेबसाइटों या स्रोतों की सामग्री पर हमारा नियंत्रण नहीं है। इस जानकारी के आधार पर लिया गया कोई भी निर्णय आपके अपने विवेक और जोखिम पर होगा।